The Lallantop

कांग्रेस के चंदा अभियान में फिर से 'खेला', पैसा डालो तो कहीं और जाता है!

कांग्रेस ने बुधवार, 10 जनवरी को भारत जोड़ो न्याय यात्रा का एक पैम्फ्लेट लॉन्च किया. उसके साथ फोटो खिंचवाई. लेकिन पैम्फ्लेट पर छपा डोनेशन का लिंक एक नकली वेबसाइट का था.

Advertisement
post-main-image
भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत के समय खरगे, केसी वेणुगोपाल और राहुल गांधी (फोटो सोर्स- आजतक)

कांग्रेस का चंदा जुटाने का अभियान ‘Donate for Desh’, बारंबार तकनीकी झोल का शिकार हो जाता है. पहले Donatefordesh.com और Donatefordesh.org जैसी डोमेन, कुछ दूसरे संस्थानों ने ले ली थी. तब कांग्रेस ने BJP पर आरोप लगाया था कि उसने ‘फर्जी तरीके से नकल उतारी है और दान देने वाली जनता को गुमराह’ किया है. जबकि, कांग्रेस का डोनेशन लिंक donateinc.in था. और अब, फिर से कांग्रेस के लिए शर्मिंदगी भरा प्रकरण हुआ है. आजतक से जुड़े राहुल गौतम की खबर के मुताबिक, कांग्रेस ने बुधवार, 10 जनवरी को भारत जोड़ो न्याय यात्रा का एक पैम्फ्लेट लॉन्च किया. उसके साथ फोटो खिंचवाई. लेकिन पैम्फ्लेट पर छपा डोनेशन का एक लिंक एक नकली वेबसाइट का था. माने इस पर पैसा डालो तो वो कांग्रेस की बजाय किसी और के खाते में जा रहा था. जल्दी ही कांग्रेस को इस खेल का एहसास हो गया. और उनके दिग्गज नेताओं को इस पैम्फ्लेट के साथ खिंचवाई फोटोज हटवानी पड़ीं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
पूरा मामला क्या है?

18 दिसंबर, 2023 को कांग्रेस (Congress) ने 'Donate for Desh' नाम से पार्टी के लिए एक क्राउडफंडिंग कैंपेन शुरू किया था. कांग्रेस ने 'Donate for Desh' का खूब जमकर प्रचार भी किया. लेकिन कुछ ही घंटे बाद इसमें एक तकनीकी ट्विस्ट सामने आ गया. कांग्रेस ने अपने डोनेशन वाले कैंपेन की घोषणा से पहले, 'Donate for Desh' नाम से इंटरनेट पर कोई डोमेन रजिस्टर नहीं करवाई. और नतीजतन किसी भी ब्राउज़र पर DonateforDesh.org टाइप करके सर्च करने पर BJP की वेबसाइट bjp.org खुल रही थी. इतना ही नहीं, वेबसाइट के होमपेज की जगह, सीधे डोनेशन वाला पेज खुल रहा था. जहां डिटेल्स भरकर BJP को चंदा दिया जा सकता था. जबकि कांग्रेस के डोनेशन कैंपेन का असली डोमेन Donateinc.in है. नीचे तस्वीर देखिए, DonateforDesh.org टाइप करने पर जो पेज आ रहा था, उसमें PM मोदी की तस्वीर थी, BJP का चुनाव निशान कमल था.

लेकिन कुछ ही घंटे बाद इसमें एक तब्दीली हुई. अब DonateforDesh.org टाइप करके सर्च करने पर, एक नया URL एड्रेस खुल रहा है- https://www.narendramodi.in/donation/

Advertisement

तब, कांग्रेस नेता और कांग्रेस के सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की मुखिया सुप्रिया श्रीनेत ने सोशल मीडिया साइट X पर लिखा था,

"निरंकुश सत्ता, सारी संस्थाएं, सारे संसाधन, सबसे ज़्यादा पैसा होने के बावजूद BJP इतना डरती क्यों है? कांग्रेस ने डोनेशन कैंपेन शुरू किया तो ना सिर्फ़ घबरा गए बल्कि इनके तंत्र ने फ़र्ज़ी डोमेन बनाकर भ्रमित करना भी शुरू कर दिया. कांग्रेस के 𝐃𝐨𝐧𝐚𝐭𝐞 𝐟𝐨𝐫 𝐃𝐞𝐬𝐡 (कैंपेन) में आप सिर्फ़ http://donateinc.in के जरिए ही डोनेट कर सकते हैं. वैसे हमारी नक़ल करने के लिए धन्यवाद - आपका डर देख कर अच्छा लगा!"

अब क्या झोल हुआ?

बुधवार को कांग्रेस मीडिया प्रभारी जयराम रमेश और महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल ने कांग्रेस के कार्यालय में मीडिया कर्मियों को संबोधित किया और 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का पैम्फ्लेट और लोगों के लिए एक कॉन्टैक्ट नंबर जारी किया. दोनों नेताओं ने इस पैम्फ्लेट के साथ फोटो भी खिंचवाईं. बाद में पता चला कि पैम्फ्लेट पर दिया गया डोनेशन लिंक. donateinc.co.in गलत है. और ये एक फेक-फिशिंग वेबसाइट का है. माने अगर कोई व्यक्ति इस लिंक पर क्लिक करके कांग्रेस को डोनेशन देना चाहे तो उसका पैसा  'Roj-cash' नाम की वेबसाइट के अकाउंट में जाएगा.
इस गलती के बारे में कांग्रेस के नेताओं को पता चला तो जारी किए गए पैम्फ्लेट की तस्वीरें ऑफिशियल व्हाट्सऐप ग्रुप और हैंडल्स से हटा ली गईं. और नए डिजिटल पैम्फ्लेट जारी किए गए और जिन पर कांग्रेस का असली डोनेशन लिंक donateinc.in लिखा हुआ था.

Advertisement

दिलचस्प बात ये है कि donateinc.co.in पर क्लिक करने पर जो पेज खुल रहा है, उस पर बाईं तरफ ऊपर Donate for desh लिखा हुआ है. और Donation की अपील में लिखा है-

"एक बेहतर भारत की हमारी 138 साल की लड़ाई के लिए, महिलाओं को सशक्त बनाने के अधिकार के लिए, एक बेहतर भारत के लिए INC को आपकी जरूरत है, देश को आपकी जरूरत है."

ये तस्वीर देखिए- 

बता दें कि कांग्रेस की स्थापना के 138 साल हो गए हैं. इसलिए कांग्रेस ने Donate for Desh कैंपेन में 138 रुपए या उसके गुणक में दान करने की अपील की थी.

कांग्रेस के सूत्रों ने इंडिया टुडे को बताया कि पार्टी, इस मामले को देख रही है. और संभावना है कि पार्टी इसको लेकर FIR दर्ज करवाएगी.

अब तक कांग्रेस ने कितने पैसे इकठ्ठा किए?

सूत्रों ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेताओं ने बैठक में कहा कि दो हफ्ते में 11 करोड़ रुपए की कमाई हुई है. जो उत्साहजनक नहीं है. नेताओं ने पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा है कि जनता से और ज्यादा पैसा इकट्ठा करने की कोशिश की जाए. 4 जनवरी को एक बैठक के दौरान पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने क्राउडफंडिंग अभियान को लेकर नाराजगी जताई थी और पार्टी के लोगों से कहा था कि अभियान को तेज करें ताकि लोकसभा चुनाव तक और ज्यादा डोनेशन इकठ्ठा हो सके.

वीडियो: राम मंदिर, अयोध्या पर बुरा फंस गई कांग्रेस? नेतानगरी

Advertisement