बिहार के सुपौल ज़िले में बड़ा हादसा हो गया. कोसी नदी पर बन रहे पुल का स्लैब अचानक से गिर गया. इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि कई मजदूरों के दबे होने की ख़बर है. स्थानीय लोगों के मुताबिक़, क़रीब 40 लोग मलबे में दबे हो सकते हैं.
बिहार के सुपौल में कोसी नदी पर बन रहे पुल का स्लैब गिरा, मजदूर की मौत, 9 घायल
पुल का काम चल रहा था, इस दौरान अचानक से स्लैब गिर गया. इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई है और कई मजदूरों के दबे होने की आशंका है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, ये हादसा तीन पिलर के गार्टर गिरने से हुआ है. घटना में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है. ख़बर मिलने के बाद पुलिस मौक़े पर पहुंची है. रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है. आसपास मौज़ूद दूसरे मजदूरों ने फंसे हुए लोगों को निकालना शुरू कर दिया है. स्थानीय मीडिया के मुताबिक़, ये घटना सुबह 7 बजे के क़रीब हुई.
मामले में सुपौल के DM कौशल कुमार ने बताया कि भेजा-बकौर के बीच मरीचा के पास निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा गिर गया. इसमें 1 मजदूर की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए हैं.
बता दें, सुपौल ज़िले के बकौर और मधुबनी ज़िले के भेजा के बीच ये देश का सबसे लंबा पुल बन रहा है. बिहार में निर्माणाधीन पुल के गिरने का ये पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी कई इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं.
ये भी पढ़ें - मोरबी से पहले ये पुल हादसे देश को रुला गए
पिछले साल 4 जून, 2023 को भागलपुर ज़िले में गंगा नदी पर पुल गिर गया था. खगड़िया-सुल्तानगंज-अगुआनी के बीच बन रहे पुल का एक हिस्सा देखते ही देखते गंगा नदी में समा गया था. इससे पहले उसी पुल को 30 अप्रैल, 2023 में भी आंधी के कारण नुकसान हुआ था. इस पुल का शिलान्यास 2014 में सीएम नीतीश कुमार ने किया था. इसकी कुल लागत 1,717 करोड़ रुपए थी.
(ये ख़बर लगातार अपडेट हो रही है.)वीडियो: CM योगी के काफिले की गाड़ी अचानक पलट गई, एक्सीडेंट में दो लोगों की मौत, कैसे हुआ हादसा?













