14 अक्टूबर से Karan Johar के Koffee With Karan का सीजन 9 प्रीमियर होना शुरू हो जाएगा. ये इस शो का फाइनल सीजन है. करण इसके पहले ही एपिसोड में Salman Khan को ले आए हैं. आज इस एपिसोड का प्रोमो रिलीज़ हुआ, जो देखते-ही-देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.
'कॉफी विद करण 9' से सलमान खान का प्रोमो आया, व्यूअरशिप के रिकॉर्ड्स टूट जाएंगे!
सलमान खान की 10 साल बाद 'कॉफी विद करण' पर वापसी हो रही है.

सलमान 'कॉफी विद करण सीजन 9' के पहले गेस्ट होंगे, ये खबरें पिछले कई दिनों से मार्केट में है. जियो-हॉटस्टार ने आज इसका प्रोमो रिलीज़ कर उन खबरों पर ठप्पा लगा दिया. प्रोमो में करण कहते हैं- "ये सीजन कहीं भी जा सकता है." इस पर सलमान जवाब देते हैं- "जा ही सकता है. ये तो गया है." करण ने सोशल मीडिया पर ये प्रोमो शेयर करते हुए लिखा- "एक आखिरी बार...एक कॉफी वन एंड ओनली भाई के साथ."
सलमान इससे पहले भी दो बार 'कॉफी विद करण' के मेहमान बन चुके हैं. उन्होंने सीजन 4 (2013) में डेब्यू किया था. इसमें वो अपने पिता सलीम खान के साथ नज़र आए थे. इसके बाद वो सीजन 5 (2016) में शो के 100वें एपिसोड में दिखाई दिए. इस एपिसोड में उनके साथ अरबाज़ और सोहेल भी थे. अबकी बार उनकी 10 साल बाद इस शो पर वापसी हो रही है.
सलमान के अलावा शाहरुख भी 'कॉफी विद करण' के फाइनल सीजन में नजर आने वाले हैं. शो के अंतिम एपिसोड में वो अपने बेटे आर्यन खान के साथ दिखाई देंगे. उन्होंने इसकी शूटिंग कर ली है. सलमान की तरह शाहरुख की भी 10 साल बाद इस शो पर वापसी हो रही. वहीं आर्यन इस पर डेब्यू करने वाले हैं. इनके अलावा कुछ अन्य नामों की भी चर्चा है. बताया जा रहा है कि इस सीजन में विजय देवरकोंडा-रश्मिका मंदन्ना, कियारा आडवाणी-सिद्धार्थ मल्होत्रा और वरुण धवन-जाह्नवी कपूर नजर आ सकते हैं.
'कॉफी विद करण' 22 साल पहले यानी 2004 में टेलीकास्ट होना शुरू हुआ था. हाल ही में करण ने बताया कि सीजन 9 के बाद वो इस शो को बंद कर देंगे. पिछले 8 सीजन्स में वो 161 एपिसोड होस्ट कर चुके हैं. इस शो का फाइनल सीजन 14 अक्टूबर से जियो-हॉटस्टार पर स्ट्रीम होना शुरू हो जाएगा.
वीडियो: कॉफ़ी विद करण 8 में अजय देवगन ने किसे अपना दुश्मन कहा था









