Salman Khan की Monster का फाइनल शेड्यूल बहुत जल्द शुरू होने वाला है. मेकर्स इसमें फिल्म के सबसे लंबे और घातक एक्शन कॉम्बैट की शूटिंग करेंगे. ये सीक्वेंस इतने लंबे हैं कि इन्हें फिल्माने के लिए लगभग 50 दिन का समय लिया गया है.
'मॉन्स्टर' के अंतिम शेड्यूल के लिए सलमान करेंगे 50 दिन का भारी-भरकम एक्शन!
'मॉन्स्टर' की शूटिंग पहले अक्टूबर एंड तक खत्म होने वाली थी. मगर अब ये फिल्म नवंबर अंत तक खिंच जाएगी.

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, 'मॉन्स्टर' के इन एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग के लिए मेकर्स ने मुंबई के मीरा रोड वाले एक स्टूडियो में अपना सेटअप तैयार किया है. उनका फोकस स्टाइलिश और चमक-दमक से ज्यादा ग्राउंडेड, रॉ और असली दिखने वाले एक्शन पर है. इसमें सलमान अपने दुश्मनों से आमने-सामने भिड़ते नज़र आएंगे. यानी इस बार उनकी लड़ाई बंदूकों से नहीं बल्कि हैंड टू हैंड होगी. वो इसलिए ताकि दर्शक माहौल की इंटेंसिटी को और बेहतर महसूस कर सकें.
'मॉन्स्टर' की शूटिंग अप्रैल 2026 में शुरू हुई थी. अगस्त के बाद मेकर्स ने करीब छह हफ्तों तक इसे लगातार फिल्माया. इस दौरान उन्होंने कई बड़े एक्शन सीन्स की शूटिंग की. इनमें एक क्राउड वाला सीन भी था. उसके लिए मुंबई के प्राइम फोकस स्टूडियो में अफगानिस्तान के एक गांव जैसा बड़ा सेट तैयार किया गया. वहां सलमान और राहुल देव के कैरेक्टर्स की भिड़ंत हुईं थी. सितंबर एंड में सलमान ने करीब 10 दिनों तक एक ट्रेन वाले बड़े एक्शन सीन पर काम किया था. इसमें उनका मुकाबला अरविन्द स्वामी के कैरेक्टर से हुआ.
सलमान इस वक्त 'मॉन्स्टर' के फाइनल शेड्यूल की ट्रेनिंग के साथ 'बिग बॉस 20' की शूटिंग भी कर रहे हैं. पहले मेकर्स इस मूवी को अक्टूबर अंत तक पूरा कर लेना चाहते थे. मगर फिल्म लंबी खिंच गई और अब इसे किसी भी हाल में नवंबर 2026 तक निपटा लेने की योजना है. शूटिंग खत्म होते ही फिल्म की एडिटिंग और पोस्ट प्रोडक्शन का बाकी काम शुरू हो जाएगा.
'मॉन्स्टर' को नेशनल अवॉर्ड विनिंग डायरेक्टर वामसी पैडिपली बना रहे हैं. दिल राजू फिल्म के प्रोड्यूसर हैं. सलमान के अलावा इसमें नयनतारा, अभिमन्यु सिंह, अरविन्द स्वामी, राहुल देव, जैकी श्रॉफ, रॉनित रॉय और सीमा बिस्वास जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. फिल्म अगले साल ईद यानी मार्च 2027 में रिलीज़ होगी.
वीडियो: सलमान खान की 'मॉन्स्टर' के लिए 'हनुमान अंश' जैसा मास्टरस्ट्रोक! क्या दोहराएगा वही कमाल?









