The Lallantop

यूथ ओलंपिक में भारत का खुला खाता, स्विमर धिनिधि ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

भारतीय स्विमर धिनिधि देशिंगु ने सोमवार को महिला 100 मीटर फ्रीस्टाइल में कांस्य पदक जीता. वहीं, जूडो खिलाड़ी खुशबू राजकभाई ने यूथ ओलंपिक के फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया. खुशबू यूथ ओलंपिक के फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी भारतीय जूडो खिलाड़ी बन गई हैं

Advertisement
post-main-image
धिनिधि देशिंगु ने यूथ ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता है. (Courtsey- SAI Media)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • भारत के स्विमर धिनिधि देशिंगु ने 2 नवंबर को 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीता, जिससे यूथ ओलंपिक में भारत का मेडल खाता खुला।
  • डकार में आयोजित यूथ ओलंपिक में भारत की सफलताओं के पीछे खिलाड़ियों की लगातार कड़ी मेहनत और मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन का कारण है।
  • धिनिधि के ब्रॉन्ज मेडल जीतने के साथ ही खुशबू राजकभाई जूडो के फाइनल में पहुंच गई हैं, जो भारत के युवा खिलाड़ियों की बढ़ती प्रतिस्पर्धा को दर्शाता है।

डकार में आयोजित यूथ ओलंपिक में भारत का मेडल का खाता खुल गया है. भारतीय स्विमर धिनिधि देशिंगु ने 2 नवंबर को देश के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता. उन्होंने महिला 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में यह मेडल अपने नाम किया. वहीं, जूडो खिलाड़ी खुशबू राजकभाई ने भी ऐतिहासिक प्रदर्शन किया. वह देश के लिए सिल्वर मेडल पक्का कर चुकी हैं.

Advertisement
धिनिधि ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

धिनिधि की बात करें तो उन्होंने 100 मीटर फ्रीस्टाइल के फाइनल में 56.27 सेकंड का समय निकाला. इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीता. क्रोएशिया की एना बोबानोविच ने 55.89 सेकंड में रेस पूरी कर गोल्ड मेडल जीता. वहीं, न्यूजीलैंड की एलिसा लॉसन 56.13 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं.

बेंगलुरु की 16 साल की धिनिधि ने इससे पहले हीट में भी अच्छा प्रदर्शन किया था. उन्होंने अपनी हीट में 56.80 सेकंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया था. सभी हीट के नतीजों को मिलाकर उनकी टाइमिंग तीसरी सबसे तेज थी. इसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने फाइनल में जगह बनाई. फाइनल में उन्होंने अपनी टाइमिंग में सुधार किया.

Advertisement
खुशबू ने मेडल किया पक्का

खुशबू ने 63 किलोग्राम वेट कैटेगरी के फाइनल में जगह बनाई है. उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में गिनी की मामइस्सता कैमारा को हराया. यह मुकाबला उन्होंने 'युको' के जरिए 1-0 से जीता. इसके बाद क्वार्टर फाइनल में खुशबू ने मोरक्को की अबीर बुआज्जाउई को शिकस्त दी. उन्होंने यह मुकाबला 'इप्पोन' से जीता. इप्पोन जूडो का सबसे बड़ा स्कोर होता है. इसे हासिल करते ही मुकाबला खत्म हो जाता है. इसकी तुलना रेसलिंग में प्रतिद्वंद्वी को चित करने से की जा सकती है.

सेमीफाइनल में खुशबू का सामना अल्जीरिया की दुनिया बेराहुआल से हुआ. इस मुकाबले में उनकी प्रतिद्वंद्वी को गंभीर नियम उल्लंघन के लिए 'हांसोकु-माके' की सजा मिली. इस नियम के तहत खिलाड़ी को मुकाबले से बाहर कर दिया जाता है. इसके बाद खुशबू को विजेता घोषित किया गया और उन्होंने फाइनल में जगह बना ली.

यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा के लिए ODI टीम का गेट खुला, बस एक 'ऑडिशन' पास करना है 

Advertisement

खुशबू यूथ ओलंपिक के फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी भारतीय जूडो खिलाड़ी बन गई हैं. फाइनल में उनका सामना जर्मनी की जोलिना रेनहोल्ड से होगा. रेनहोल्ड कैडेट वर्ल्ड चैंपियन हैं. गुजरात की 15 साल की खुशबू अगर यह फाइनल जीत जाती हैं तो वह यूथ ओलंपिक में जूडो का गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बन जाएंगी. इससे पहले थांगजाम तबाबी देवी ने यूथ ओलंपिक में भारत के लिए जूडो का इकलौता मेडल जीता था. उन्होंने 2018 में अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में हुए यूथ ओलंपिक में सिल्वर मेडल हासिल किया था.

वीडियो: मनीषा भानवाला ने पूरा किया पिता का सपना, 16 साल के इंतजार के बाद बनीं वर्ल्ड चैंपियन

Advertisement