The Lallantop

ऑस्ट्रेलियन खेमे में मची हड़कंप! कमिंस ने दिए बदलाव के संकेत, लाबुशेन का करियर खत्म?

Aus vs SA : साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2-1 से टेस्ट सीरीज हारने के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान Pat Cummins ने टीम और रणनीति में बदलाव के संकेत दिए हैं. लगातार 16 पारियों में फिफ्टी न जड़ पाने वाले Marnus Labuschagne की जगह खतरे में है.

Advertisement
post-main-image
पैट कमिंस की अगुवाई में ऑस्ट्रेलियन टीम को साउथ अफ्रीका में सीरीज हार का सामना करना पड़ा. (Courtesy : AP)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • ऑस्ट्रेलिया टेस्ट क्रिकेट टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज 2-1 से हार गई और कप्तान पैट कमिंस ने टीम में बड़े फेरबदल के संकेत दिए हैं।
  • ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती बढ़त बनाने के बाद लगातार दोनों अंतिम टेस्ट मैच हारे, जिससे टीम की रणनीति और खिलाड़ियों की क्षमता पर सवाल उठे हैं।
  • अब ऑस्ट्रेलिया की अगली चार मैचों की टेस्ट सीरीज न्यूजीलैंड के खिलाफ 9 दिसंबर से शुरू होगी, जिसमें टीम के बदलाव और खिलाड़ी चयन पर ध्यान केंद्रित होगा।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया 2-1 से टेस्ट सीरीज हार गई. इस हार के बाद से कंगारुओं के खेमे में हड़कंप मची है. कप्तान पैट कमिंस (Pat Cummins) का अब इस सीरीज को लेकर बड़ा बयान आया है. कमिंस के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियन टेस्ट टीम में बड़े फेरदबल नजर आ सकते हैं.  

Advertisement

मार्नस लाबुशेन (Marnus Labuschagne) के लिए ये सीरीज काफी मुश्किल रही है. वहीं, स्टीव स्मिथ अब वापसी के लिए तैयार हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है. क्या ऑस्ट्रेलिया के नंबर-3 बल्लेबाज लाबुशेन की अब टीम से छुट्टी होने वाली है?

दरअसल, ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी. लेकिन इसके बाद उन्होंने आखिरी दोनों टेस्ट मैच गंवा दिए. केपटाउन में खेले गए सीरीज डिसाइडर में कंगारूओं को 176 रनों से करारी हार झेलनी पड़ी. इसी के साथ साउथ अफ्रीका ने सीरीज अपने नाम कर ली.

Advertisement

इस हार के बाद अब पैट कमिंस का बयान सामने आया है. उन्होंने माना कि ऑस्ट्रेलियन टीम को अभी सुधार की जरूरत है. उन्होंने साफ संकेत दिया कि टीम की रणनीति और खिलाड़ी, दोनों पर फिर से विचार किया जाएगा. कमिंस ने कहा,

मुझे लगता है कि सीरीज हारने के बाद हमेशा बदलावों पर चर्चा होती है. ये जायज भी है. क्योंकि हम लगातार दो मैच हारे हैं. ऐसे सवाल पूछे जाना एकदम स्वाभाविक है. हम खुद भी टीम के अंदर इन बातों पर चर्चा करेंगे.

कमिंस ने आगे कहा,

Advertisement

हम एक बहुत अच्छी टीम हैं. लेकिन अगर हमें वापस नंबर-1 पर पहुंचना है, तो थोड़ा और बेहतर होना पड़ेगा. इसके लिए शायद खेलने के तरीके में बदलाव करना पड़े. या फिर कुछ जगहों पर खिलाड़ियों को बदलना पड़े. हमें कुछ हफ्तों का वक्त दीजिए, हम इस पर काम करेंगे.

केपटाउन में मिली ये हार, पिछले पांच टेस्ट मैचों में ऑस्ट्रेलिया की तीसरी हार थी. पिछले सीजन में इंग्लैंड के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट से अब तक का हिसाब देखें, तो ऑस्ट्रेलिया 7 में से 4 मैच हार चुकी है. इतना ही नहीं, मई 2024 के बाद पहली बार उन्होंने ICC टेस्ट रैंकिंग में अपनी नंबर-1 की जगह भी गंवा दी. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल में भी वो खिसक कर तीसरे नंबर पर आ गए हैं.

ये भी पढ़ें : पंत इंडिया-ए से बाहर! न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में जुरेल मार ले जाएंगे बाजी? 

लाबुशेन पर भारी दबाव

जिन खिलाड़ियों की जगह पर सबसे ज्यादा सवाल उठ रहे हैं, उनमें मार्नस लाबुशेन का नाम सबसे ऊपर है. वो साउथ अफ्रीका में भी रन बनाने के लिए जूझते नजर आए. केपटाउन टेस्ट की दोनों पारियों में वो फ्लॉप रहे. उन्होंने पहली में 0 तो दूसरी इनिंग्स में 4 रन बनाए. आलम ये है कि पिछली लगातार 16 टेस्ट पारियों से उनके बल्ले से फिफ्टी नहीं निकली है.

अब उनकी जगह और भी खतरे में पड़ सकती है. क्योंकि अगली टेस्ट सीरीज में स्टीव स्मिथ की वापसी की पूरी उम्मीद है. बशर्ते वो अपनी गर्दन की चोट से पूरी तरह उबर जाएं. लाबुशेन की जगह किसी और खिलाड़ी को लाना सबसे आसान समाधान हो सकता है. हालांकि, इसके लिए ऑस्ट्रेलिया को अपने बैटिंग ऑर्डर में भी फेरबदल करना पड़ेगा.

इस पूरी सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की बैटिंग का लड़खड़ाना एक बड़ा सिरदर्द रही है. सेंट जॉर्जेस पार्क में तो वो पहली पारी में महज 99 रन पर ऑल आउट हो गए थे. फिर केपटाउन में 288 रनों का टारगेट भी चेज नहीं कर पाए. साउथ अफ्रीका की इस शानदार जीत में स्पिनर साइमन हार्मर ने बड़ा रोल निभाया.

कमिंस ने भी माना कि टारगेट का पीछा करते वक्त उनके बैटर्स ने कई गलत फैसले लिए.  उन्होंने कहा,

कुछ गलत फैसले लिए गए. मुझे पता है कि ये पांचवें दिन की पिच थी. लेकिन मुझे नहीं लगता कि हालात इतने खराब थे. वहां रन बनाए जा सकते थे और खेलने के लिए काफी गेंदें भी बची थीं.

कमिंस ने आगे कहा कि टीम को एक मजबूत बॉलिंग अटैक के ख‍िलाफ अपना गेम मैनेजमेंट सुधारने की जरूरत है. कमिंस ने कहा,

काफी हद तक बात गेम स्पीड को कंट्रोल करने की थी. शायद हमने स्पिन के खिलाफ कुछ ज्यादा ही अटैक करने की कोशिश की. हम अपने डिफेंस पर थोड़ा और भरोसा कर सकते थे. क्रीज पर थोड़ी और देर तक टिक सकते थे.

अब न्यूजीलैंड से है मुकाबला

अब ऑस्ट्रेलिया का अगला टेस्ट असाइनमेंट न्यूजीलैंड के खिलाफ है. दोनों टीमों के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी. इसकी शुरुआत 9 दिसंबर से पर्थ में होगी. इस सीरीज से पहले स्मिथ की फिटनेस और बैटिंग ऑर्डर को लेकर सिलेक्टर्स का फैसला सबसे बड़ा मुद्दा रहेगा.

कमिंस ने इस बात पर भी अफसोस जताया कि शुरुआती बढ़त लेने के बाद भी वो साउथ अफ्रीका से सीरीज हार गए. इसका मलाल इसलिए भी ज्यादा है, क्योंकि इस ऑस्ट्रेलियन टीम को साउथ अफ्रीका का दौरा करने का मौका बहुत कम मिलता है. इस हार के बाद न्यूजीलैंड सीरीज से पहले टीम के सामने कई बड़े सवाल हैं, जिन पर ध्यान देना होगा. वहीं, बैटिंग ऑर्डर में लाबुशेन की जगह बचेगी या जाएगी, ये सिलेक्टर्स के सामने सबसे बड़ा सवाल होने वाला है.

वीडियो: जेमी स्मिथ के किस विकेट ने रिकी पोंटिंग को भी निराश कर दिया?

Advertisement