बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र शास्त्री के एक बयान पर विवाद खड़ा हो गया है. धीरेंद्र शास्त्री ने कथित तौर पर भगवान राम से तुलना करते हुए भगवान श्रीकृष्ण का अपमान किया. उन्होंने भगवान कृष्ण के खड़े होने, बंसी बजाने और उनके वृंदावन धाम पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. अब इस पर मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को 'मूर्ख' बता दिया. दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह ने धीरेंद्र शास्त्री के बहिष्कार की बात कह दी. वहीं यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भी इसको लेकर X पर पोस्ट किए.
भगवान कृष्ण को 'तीन जगह से टेढ़ा' बताया, धीरेंद्र शास्त्री पर टूट पड़े नेता, 'मूर्ख', 'दुष्मुखी' तक कह दिया
धीरेंद्र शास्त्री ने कथित तौर पर भगवान राम से तुलना करते हुए श्रीकृष्ण का अपमान किया. उन्होंने भगवान कृष्ण के खड़े होने, बंसी बजाने और उनके वृंदावन धाम पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी.

इंडिया टुडे से जुड़े विकास दीक्षित की रिपोर्ट के मुताबिक, दिग्विजय सिंह से धीरेंद्र शास्त्री के बयान को लेकर सवाल किया गया था. इसके जवाब में उन्होंने कहा
'धीरेंद्र शास्त्री तो मूर्ख है, वो कब से बाबा बन गया?'
इसके अलावा उनके छोटे भाई लक्ष्मण सिंह ने भी इस बयान पर नाराजगी जाहिर करते हुए एक वीडियो जारी किया. इसमें उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के बहिष्कार की बात की. वीडियो में उन्होंने कहा,
'एक प्रखर कथावाचक ने प्रभु श्रीराम और श्रीकृष्ण का अपमान किया. ये सनातन का घोर अपमान है. सनातन के स्वाभिमान को बहुत बड़ी ठेस पहुंची है. मैं चाहता हूं, सभी लोग इसका विरोध करें. अन्य धर्म के लोगों से भी अपील है कि वो भी इसका विरोध करें. '
उन्होंने कहा कि ऐसे कथावाचक को कथा नहीं करने देना चाहिए. उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार से कहा कि ऐसी जो कथाएं होती हैं उन पर रोक लगानी चाहिए. इसके अलावा उन्होंने दूसरे कथावाचकों से भी इसका विरोध करने की बात की. कहा,
'वो सारे कथावाचक, बड़े-बड़े धाम वाले क्यों चुप हैं? उनको आकर इसका विरोध करना चाहिए. बहुत ही शर्मनाक घटना है, इसकी सजा वो जो कथावाचक हैं, उनको अवश्य मिलना चाहिए.'
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस पर नाराजगी जताते हुए ट्वीट किया. इसमें उन्होंने लिखा,
'मानवीय भूलों के लिए तो क्षमा किया जा सकता है, ‘ईशनिंदा’ के लिए कभी नहीं. ऐसे दुष्मुखी लोगों पर आजीवन प्रतिबंध लगाना ही समाज के लिए श्रेयस्कर है. पूरे देश में इनके सभी कार्यक्रम रद्द किए जाएं, नई अनुमति नहीं दी जाए और सार्वजनिक जीवन में हर सच्चा सनातनी इनका पूर्ण बहिष्कार करे. यही इनके अक्षम्य पाप का दंड होना चाहिए, नहीं तो वो भी ईशनिंदा के पाप का भागी बनकर अपना लोक-परलोक बिगाड़ लेगा.
इससे पहले धीरेंद्र शास्त्री का वीडियो सोशल मीडिया खूब वायरल हुआ था. इसमें श्रीकृष्ण पर टिप्पणी करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, ‘…तुम्हारे ठाकुर जी हर फोटो में इधर-उधर देखते नजर आते हैं. खड़े भी होते हैं तो तीन जगह से टेढ़े. पांव के ऊपर पांव. कमर कहीं लचकाएं. फिर टेढ़ी गर्दन करके बंसी बजाते हैं. जबकि हमारे वाले (भगवान राम) तो खड़े भी एकदम सीधे होते हैं. उनका नाम भी सीधा, दिखते भी सीधे और चलते भी सीधे. तुम्हारे वाले का नाम भी टेढ़ा, दिखते भी टेढ़े और चलते भी टेढ़े.’
वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री आगे कहते हैं कि हमारे भगवान का धाम भी एकदम सीधा- अयोध्या और तुम्हारे वाले का वृंदावन. वृंदावन शब्द उन्होंने जोर देते हुए कहा और अपने दोनों हाथ फैला दिए.
वीडियो: बागेश्वर धाम में नया विवाद, धीरेंद्र शास्त्री और उनके भाई पर लगे गंभीर आरोप











