RCB ने WPL 2024 का खिताब जीत लिया है. और इस जीत की कहानी लिखी गई सिर्फ़ छह गेंदों में. जी हां. क्या है ये कहानी और कैसे छह गेंदों में बदला पूरा गेम, चलिए सिलसिलेवार तरीके से बताते हैं. दिल्ली की कप्तान मेग लैनिंग ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया.
दिल्ली जीत की राह पर थी, लेकिन छह गेंदों में हुआ ऐसा कमाल कि RCB का इतिहास बदल गया!
RCB ने टाइटल जीता है. जी हां, ये ख़बर सच है. Smriti Mandhana की कप्तानी वाली RCB ने WPL 2024 के फ़ाइनल में DC को आठ विकेट से मात दी.

शफ़ाली वर्मा ने कप्तान के साथ मिलकर दिल्ली को बेहतरीन शुरुआत दी. इन्होंने पावरप्ले में RCB के बोलर्स को खूब धुना. पहले सात ओवर्स में दिल्ली ने 64 रन जोड़ डाले. शफ़ाली खासतौर से बहुत आक्रामक खेल रही थीं. लेकिन आठवें ओवर में सब बदल गया.
अपने पहले ओवर में दस रन खाने वाली सोफ़ी मॉलिन्यू वापस लौटीं. पहली गेंद. मिडल और लेग स्टंप पर. शफ़ाली ने जोर से मारा. लेकिन उनका स्लॉग स्वीप बहुत दूर नहीं जा पाया. बाउंड्री पर खड़ीं वेरहम ने आसान कैच पकड़ शफ़ाली को वापस भेजा. वह 27 गेंदों पर 44 रन बनाकर लौटीं.
यह भी पढ़ें: खुद को क्रेडिट, X फ़ैक्टर और लेजेंड्स की टीचर... कहानी RCB की मैचविनर श्रेयंका पाटिल की!
दिल्ली वालों ने तेजी से रन बनते देखे तो कैप्सी से पहले, नंबर तीन पर जेमिमा रॉड्रिग्स को भेज दिया. उन्होंने पहली गेंद डिफेंड की. लेकिन दूसरी में स्वीप करने चली गईं. और यहीं उनसे ग़लती हो गई. ये लूपी डिलिवरी मिडल और ऑफ़ स्टंप की लाइन पर थी. हल्की सी फंसकर स्लो हुई. रॉड्रिग्स का शॉट जल्दी आया और गेंद उनके बल्ले को छकाते हुए स्टंप बिखेर गई. वह बिना खाता खोले वापस लौट गईं. अब नंबर आया कैप्सी का.
लेकिन उनका आना भी बेकार रहा. क्योंकि वह अगली ही गेंद पर लौट भी गईं. मिडल और ऑफ़ स्टंप की लाइन पर पड़ी गेंद. कैप्सी ने इसे पैडल करना चाहा, लेकिन कर नहीं पाईं. गेंद बल्ले को पार कर सीधे विकेट्स में चली गई. दिल्ली ने इस ओवर में सिर्फ़ एक रन बनाकर तीन विकेट गंवा दिए. और यहीं से सारा मोमेंटम RCB की ओर शिफ़्ट हो गया. थोड़ी देर बाद श्रेयंका पाटिल ने मेग लैनिंग समेत चार विकेट ले डाले. और DC वाले 113 रन ही बना पाए. जवाब में RCB ने सिर्फ़ दो विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया.
यह RCB के खाते का पहला टाइटल है. साल 2008 से खेल रही इनकी पुरुष टीम एक बार भी टाइटल नहीं जीत पाई थी. महिलाओं ने दो सीजन में ही पहली ट्रॉफ़ी जीत ली. इस जीत का बड़ा क्रेडिट RCB के बोलर्स को जाता है. श्रेयंका पाटिल ने 13 विकेट्स के लिए पर्पल कैप जीती. आशा शोभना और सोफ़ी मॉलिन्यू के खाते में 12-12 विकेट्स रहे. सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों की लिस्ट में ये तीनों ही सबसे आगे रहीं. जबकि एलिस पेरी ने 347 रन के साथ ऑरेंज कैप अपने नाम की.
वीडियो: रोहित - हार्दिक विवाद पर मुंबई इंडियंस को डेल स्टेन की ये सलाह पसंद आएगी









