The Lallantop

हरमनप्रीत कौर ने अचानक किया कप्तानी छोड़ने का ऐलान, परफॉर्मेंस, उम्र या कोई और वजह?

हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया. उनकी कप्तानी में भारत ने 2025 में पहली बार विमेंस ODI वर्ल्ड कप जीता. इसके बाद साल 2026 भी उनके लिए उपलब्धियों भरा रहा. अब उनके इस फैसले के पीछे की वजहों को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं.

Advertisement
post-main-image
हरमनप्रीत कौर भारत की सफल कप्तान रहीं. (Courtesy: PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 6 अक्टूबर 2023 को सोशल मीडिया पर तीनों फॉर्मेट से कप्तानी छोड़ने का निर्णय लिया।
  • कि बीसीसीआई की 5 अक्टूबर की रिव्यू मीटिंग में महिला टीम के भविष्य की योजनाओं पर चर्चा हुई जिसके बाद हरमनप्रीत ने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया।
  • हरमनप्रीत कौर अब केवल खिलाड़ी की भूमिका में आगे खेलते हुए अपने व्यक्तिगत खेल प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित करेंगी और कप्तानी का दायित्व समाप्त होगा।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने तीनों फॉर्मेट से टीम इंडिया की कप्तानी छोड़ दी है. मंगलवार (6 अक्टूबर) को उन्होंने सोशल मीडिया पर कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया. उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने लगातार दो खिताब जीते हैं. पिछले महीने उन्होंने पहले विमेंस एशिया कप जीता. इसके बाद एशियन गेम्स 2026 में उन्होंने भारत को गोल्ड मेडल दिलाया. हरमनप्रीत कौर टीम इंडिया की कप्तानी हाई नोट पर छोड़ी है. अब वह आगे प्लेयर के तौर पर खेलना जारी रखेंगी. 

Advertisement

हरमनप्रीत ने कप्तानी छोड़ने का फैसला BCCI की रिव्यू मीटिंग के एक दिन बाद किया. 5 अक्टूबर को टीम इंडिया की वाइस कैप्टन स्मृति मंधाना और हेड कोच अमोल मजूमदार की गुवाहाटी में BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया के साथ मीटिंग हुई. इस मीटिंग में महिला टीम के आगे के रोड मैप पर चर्चा हुई थी. इसके बाद 6 अक्टूबर को हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 

आज मैं सभी फॉर्मेट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी से हट रही हूं. यह कोई आसान फैसला नहीं है. इसके साथ सालों की यादें, इमोशन, त्याग और ऐसे पल जु़ड़े हैं, जो जिंदगी भर मेरे साथ रहेंगे. 

Advertisement
हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी क्यों छोड़ी?

हरमनप्रीत कौर ने टीम इंडिया की कप्तानी क्यों छोड़ी? उन्होंने इसकी वजह भी बताई. धाकड़ खिलाड़ी ने लिखा, ‘मैं अपने गेम पर फोकस करना चाहती हूं. टीम की जिम्मेदारी निभाते हुए अपने  व्यक्तिगत प्रदर्शन पर ध्यान देना मुश्किल होता है. कई बार अपना मन भी मारना पड़ता है.’

इस दौरान हरमनप्रीत कौर ने क्लियर किया कि उन्हें लगता है कि उन्होंने अपनी जिम्मेदारी पूरी कर दी है. टीम को अपना सबकुछ दिया है. अब वह कप्तानी के प्रेशर से हटकर फिर से अपने खेल पर फोकस करना चाहती हैं. उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, 

मैंने इस टीम और भारतीय महिला क्रिकेट के लिए अपना सबकुछ दिया है. अपना खून, अपना पसीना, अपना समय, और कई बार, बार अपने खेल और पर्सनल एम्बिशन का एक हिस्सा भी. ऐसे पल भी आए जब मुझे अपनी पर्सनल परफॉर्मेंस, अपनी ग्रोथ, और अपनी इच्छाओं को एक तरफ रखना पड़ा. मेरा मानना ​​था कि टीम हमेशा पहले होनी चाहिए. 

Advertisement

कप्तानी खत्म, सफर जारी रहेगा

हरमनप्रीत कौर ने भले टीम इंडिया की कप्तानी छोड़ी दी हो. लेकिन, वह प्लेयर के तौर पर आगे खेलती रहेंगी. अब उनके सामने नए सिरे से अपने गेम पर फोकस करने का मौका होगा. उन्होंने कहा कि उनकी कप्तानी खत्म हो गई है, लेकिन खेलने का सिलसिला जारी रहेगा.

ये भी पढ़ें: ‘भारत T20I में खतरनाक, पर वेस्टइंडीज भी पीछे नहीं’, अकील हुसैन ने बड़ी बात बोल दी

भारत की सफल कप्तान

हरमनप्रीत कौर भारत की सफल कप्तान रहीं. उनकी कप्तानी में भारत ने  2025 में पहली बार विमेंस ODI वर्ल्ड कप जीता. इसके बाद साल 2026 भी उनके लिए उपलब्धियों भरा रहा. इस साल T20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद हरमनप्रीत की कैप्टंसी में टीम ने जोरदार वापसी की. पहले भारतीय टीम ने विमेंस एशिया कप जीता. इसके बाद एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल पर कब्जा किया. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में एशियन गेम्स में यह भारतीय महिला क्रिकेट टीम का दूसरा गोल्ड मेडल था. 

वीडियो: श्रीसंत ने हरभजन सिंह को ओपन चैलेंज कर दिया

Advertisement