The Lallantop

यशस्वी लगातार तीसरी पारी में फ्लॉप! पहले ही ओवर में कीवी बॉलर ने दिया झटका

IndA vs NZA 2nd Unofficial Test : भारतीय ओपनर Yashasvi Jaiswal का खराब फॉर्म जारी है. क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ जायसवाल पहले ही ओवर में फ्रेजर शीट की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए. हालांकि, Devdutt Padikkal और Dhruv Jurel ने भारतीय पारी को संभाला.

Advertisement
post-main-image
यशस्वी जायसवाल दूसरे अनऑफिश‍ियल टेस्ट में भी फ्लाॅप रहे. (Courtesy ; AP)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • टीम इंडिया के ओपनर यशस्वी जायसवाल ने न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ जारी अनौपचारिक टेस्ट मैच में लगातार तीन पारियों में खराब प्रदर्शन किया है, जिससे उनकी फॉर्म पर सवाल उठे हैं।
  • यशस्वी जायसवाल का खराब फॉर्म मुख्य रूप से भारत-न्यूजीलैंड की टेस्ट सीरीज से पहले अभ्यास मैचों में लगातार असफल होने और न्यूजीलैंड-ए की तेज गेंदबाजी के कारण है।
  • जायसवाल की इस फॉर्म से वापसी न होने के कारण आगामी टेस्ट सीरीज में उनकी जगह संदिग्ध हो गई है, इसलिए बाकी अभ्यास मैचों में उनकी प्रदर्शन सुधारने की आवश्यकता है।

टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है. लेकिन इससे पहले ही भारत की टेंशन बढ़ गई है. वजह हैं टीम इंडिया के ओपनर यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal). जायसवाल का खराब फॉर्म खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. केएल राहुल (KL Rahul) के साथ वो टीम इंडिया के फर्स्ट चॉइस टेस्ट ओपनर हैं. लेकिन न्यूजीलैंड के मौजूदा दौरे पर वो लगातार तीसरी पारी में फेल हो गए. 31 अक्टूबर को न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ दूसरा अनौपचारिक टेस्ट शुरू हुआ. इसके पहले दिन भी जायसवाल ने निराश ही किया.

Advertisement

आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए इंडिया-ए इस वक्त न्यूजीलैंड में है. वहां न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ तीन मैचों की रेड-बॉल सीरीज खेली जा रही है. पहले अनौपचारिक टेस्ट की दोनों पारियों में जायसवाल ने काफी स्ट्रगल किया था. अब क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में दूसरा मैच चल रहा है. यहां भी जायसवाल अपनी खोई हुई फॉर्म वापस नहीं पा सके.

जायसवाल का फॉर्म बना सिरदर्द 

उनका लगातार फेल होना टीम इंडिया के लिए सिरदर्द बन गया है. दौरे के प्रैक्टिस मैचों में उन्हें क्रीज पर समय बिताने का पूरा मौका मिला. इसके बावजूद, वो एक-एक रन के लिए जूझते दिख रहे हैं. जायसवाल के लिए पहला अनौपचारिक टेस्ट भी काफी मुश्किल रहा था. वहां वो दोनों पारियां मिलाकर कुल 22 रन ही बना सके थे. 

Advertisement

पहली पारी में वे 17 रन बनाकर चलते बने. जबकि दूसरी पारी में उनके बल्ले से सिर्फ 5 रन निकले. जैक गिब्सन की एक बाउंसर ने तब उन्हें छकाया था. गेंद उनके दस्तानों को छूती हुई सीधे स्लिप में चली गई और वे कैच आउट हो गए. अब दूसरे मैच में भी उनका यही संघर्ष जारी रहा. यानी टेस्ट सीरीज से पहले फॉर्म में लौटने का एक और सुनहरा मौका उनके हाथ से निकल गया.

टॉप ऑर्डर फिर से ढहा

इंडिया-ए की दिक्कतें सिर्फ जायसवाल तक ही सीमित नहीं रहीं. क्राइस्टचर्च की पिच और हालात का कीवी गेंदबाजों ने भरपूर फायदा उठाया. न्यूजीलैंड-ए के तेज गेंदबाजों ने मैच की शुरुआत में ही इंडिया ए को बैकफुट पर धकेल दिया.

मैच के पहले घंटे में ही मेजबान टीम ने चार विकेट झटक लिए. फ्रेजर शीट ने गेंदबाजी की कमान संभाली. उन्होंने पिच से मिल रही मूवमेंट का पूरा फायदा उठाया. हालांकि, इंडिया-ए के बैटर्स ने भी अपने पैर पर खुद कुल्हाड़ी मारी. खराब शॉट सिलेक्शन के चलते उन्होंने अपने विकेट तोहफे में दे दिए.

Advertisement

सबसे पहले पवेलियन का रास्ता नापा यशस्वी जायसवाल ने. वे मैच के पहले ही ओवर में फ्रेजर शीट का शिकार बन गए. शीट ने उन्हें स्टंप्स के सामने फंसाया और LBW आउट कर दिया. इसके बाद, देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन ने मोर्चा संभाला. दोनों ने एक मजबूत साझेदारी निभाई. लेकिन तभी सुदर्शन ने ऑफ स्टंप के बाहर एक बेहद खराब शॉट खेला. इस गेंद को वो आसानी से छोड़ सकते थे. लेकिन, उस पर वो बल्ला अड़ा बैठे. नतीजा वो विकेट के पीछे लपके गए. इससे न्यूजीलैंड-ए को एक बहुत जरूरी सफलता मिल गई.

ये भी पढ़ें : हांगकांग सिक्सेस में भारत से जीत पर पाकिस्तानी पीएम ने गलत बधाई संदेश दिया, गंदा ट्रोल हो गए!

यश और स्मरण भी सस्ते में निपटे

इसके बाद आए यश राठौड़ ने भी ठीक यही गलती दोहराई. वे भी ऑफ स्टंप के बाहर छेड़खानी करने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे. उधर, देवदत्त पडिक्कल ने जरूर थोड़ी उम्मीद जगाई. पहले अनौपचारिक टेस्ट में वो टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रहे थे. इस बार भी उन्होंने 80 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन फिर वो भी आउट हो गए.

कर्नाटक के इस फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज ने कट शॉट खेलने की कोशिश की. लेकिन गेंद उतनी वाइड थी नहीं. गेंद ने बल्ले को छकाया और सीधे स्टंप्स में जा घुसी. स्मरण रविचंद्रन के आउट होने से भारत की मुश्किलें और भी बढ़ गईं. वे अंदर आती हुई एक गेंद को छोड़ने के चक्कर में गच्चा खा गए. उन्हें पहली ही गेंद पर, यानी 'गोल्डन डक' पर LBW आउट होकर लौटना पड़ा. फ्रेजर शीट ने शुरुआती चार में से तीन विकेट अपने नाम किए. उनके इस स्पेल के दम पर न्यूजीलैंड ए ने मैच की शुरुआत में ही अपनी पकड़ मजबूत कर ली.

जुरेल और आकाशदीप ने कराई वापसी

भारत ए के लगातार विकेट गिर रहे थे. ऐसे में पारी को संभालने की जिम्मेदारी ध्रुव जुरेल और वाशिंगटन सुंदर के कंधों पर आ गई. दोनों ने दूसरे सेशन के आखिरी घंटे में संभलकर खेलने का फैसला किया. हालांकि, अंतिम सेशन की शुरुआत में ही सुंदर 8 रन बनाकर LBW हो गए. इसके बाद, मानव सुथार ने 22 रन जोड़े. वहीं, दिन का खेल खत्म होने तक जुरेल ने 99 और आकाश दीप ने 25 रन बना लिए थे. इंडिया ए का स्कोर 7 विकेट पर 291 रन हो चुका है. दोनों बैटर्स के बीच 69 रनों की पार्टनरश‍िप हो चुकी है

वहीं, यशस्वी जायसवाल के लिए यह दूसरा अनौपचारिक टेस्ट भी किसी बुरे सपने जैसा रहा. भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज से पहले वे अपना आत्मविश्वास वापस पाने से फिर चूक गए. इस दौरे पर वे लगातार तीन पारियों में फ्लॉप हो चुके हैं. ऐसे में जायसवाल के लिए अब बाकी बचे मैच बेहद अहम हो गए हैं, ताकि वे मुख्य सीरीज से पहले अपनी पुरानी लय हासिल कर सकें.

वीडियो: केएल राहुल ने अहमदाबाद टेस्ट मैच में किया कमाल, वेस्टइंडीज के खिलाफ जड़ा शतक

Advertisement