पाकिस्तान और पाकिस्तान का क्रिकेट. याद नहीं आखिरी बार कब इन दोनों में कुछ भी ठीक था. उछाल और गिराव दोनों उतने ही साथ चलते रहे हैं जितने जय और वीरू साथ हुआ करते थे. 31 जनवरी को दो बेहतरीन वाकये हुए थे. बेहतरीन इस मामले में कि इन्हें बताने में बड़ा मज़ा आता है. और साथ ही बेवकूफ़ाना इतने कि कोई भी टीम नहीं चाहेगी कि वैसा कुछ भी उनके साथ हो.
किस्से दो हैं. पहले में शाहिद अफ़रीदी शामिल हैं. दूसरे में पाकिस्तानी कैप्टन सलीम मलिक. साल 2010. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ मैच चल रहा था. पर्थ में. शाहिद अफ़रीदी कप्तानी कर रहे थे. इस मामले में पहले ही बता दिया जाये कि अब तक गेंद से छेड़छाड़ करने के लिए बोतल पर लगे ढक्कन, रेगमाल, वैसलीन जैसी तरकीबें काम में लायी जा चुकी थीं. लेकिन 31 जनवरी 2010 का वो ऐतिहासिक दिन जब शाहिद अफ़रीदी ने बॉल टेम्परिंग का नया जुगाड़ ढूंढ निकाला. मोहम्मद आसिफ़ बॉलिंग कर रहे थे. शाहिद अफ़रीदी के हाथ में गेंद थी. शाहिद, आसिफ़ को उनके रन-अप तक छोड़ने के लिए साथ चल रहे थे. और तभी अफ़रीदी ने गेंद को मुंह में डालते हुए दांतों से उसे चबाना शुरू कर दिया. ऐसा एक बार नहीं दो बार किया. पहले आसिफ़ के ओवर में फिर राणा नावेद उल हसन के ओवर में. शाहिद अफ़रीदी को टीवी कैमरा पर देख लिया गया. अम्पायरों ने तुरंत अफ़रीदी से बात की. बातचीत के बाद उन्हें वार्निंग दी और गेंद बदल दी. बाद में उनके ख़िलाफ़ ऐक्शन लिया गया और उन्हें 2 टी-20 मैचों के लिए बैन कर दिया गया. https://www.youtube.com/watch?v=yFr1N7uIbjM
दूसरा किस्सा है पाकिस्तान वर्सेज़ ज़िम्बाब्वे टेस्ट मैच के ठीक पहले का. साल 1995. हरारे में पहला टेस्ट मैच. ऐंडी फ्लॉवर ने सिक्का उछाला. सलीम मलिक ने बोला 'बर्ड!'. हर कोई सलीम मलिक को देख रहा था. सलीम मलिक नीचे गिरते सिक्के को. सिक्के पर चिड़िया बनी आई थी. यानी सलीम मलिक टॉस जीत चुके थे. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पहले बैटिंग करेगी. लेकिन तब तक मैच रेफ़री ने टांग कर दी.

सलीम मलिक को बोला गया कि सिक्का उछालने पर 'हेड' या 'टेल' कहना होता है. सिक्के पर चिड़िया बनी है इसका मतलब ये नहीं कि टॉस में 'चिड़िया' चिल्लाया जाए. टॉस दोबारा हुआ. इस बार ऐंडी फ्लावर टॉस जीत गए. ज़िम्बाब्वे ने पहले बैटिंग का फ़ैसला लिया. ग्रांट फ्लावर ने 201 रन बनाये. ऐंडी फ्लावर ने 156 और गाय व्हाइटाल ने 113 रन. ज़िम्बाब्वे का कुल स्कोर 544 रन. पाकिस्तान पहली इनिंग्स में 322 रन पर आउट हो गयी. फॉलो ऑन खेलते हुए 158 रन पर आल आउट हो गयी. ज़िम्बाब्वे 64 रन से मैच जीत गया.
ये भी पढ़ें:
इकलौता मौका जब पाकिस्तान की जीत पर इण्डिया के दर्शक ताली बजा रहे थे