विराट कोहली T20 वर्ल्ड कप नहीं खेलेंगे. ऐसी रिपोर्ट्स एक बार फिर से सामने आ रही हैं. और इन रिपोर्ट्स पर रिएक्शंस भी आने लगे हैं. पूर्व पाकिस्तानी पेसर मोहम्मद इरफ़ान और इंग्लैंड के लिए लंबे वक्त तक खेले पेस बोलर स्टुअर्ट ब्रॉड ने ऐसी रिपोर्ट्स को सिरे से नकार दिया है.
'जाओ गली क्रिकेट' विराट कोहली को मिला पाकिस्तान और इंग्लैंड से सपोर्ट, अब भी BCCI...
Virat Kohli T20 World Cup में नहीं खेलेंगे. ऐसी रिपोर्ट्स पर पाकिस्तान और इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर्स मोहम्मद इरफ़ान और स्टुअर्ट ब्रॉड ने रिएक्ट किया है. दोनों ही प्लेयर्स खुलकर विराट कोहली के सपोर्ट में आ गए हैं.
इरफ़ान ने न्यूज़ 24 से बात करते हुए कहा कि कोहली को वर्ल्ड कप टीम में होना ही चाहिए. वह बोले,
'इस बारे में दोबारा सोचना भी नहीं है. आप विराट कोहली के बिना अपनी टीम बना ही नहीं सकते क्योंकि वह बहुत बड़े बल्लेबाज हैं. हम सभी ने देखा कि बीते बरस वनडे वर्ल्ड कप में उन्होंने क्या किया. विराट कोहली ने वर्ल्ड कप में भारत के लिए 3-4 मैच अकेले दम पर जीते. इसमें ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड के साथ हुए लीग मैच भी शामिल हैं. जहां भारत ने शुरुआत में विकेट्स गंवा दिए. विराट ने अकेले दम पर मैच फ़िनिश किया.'
यह भी पढ़ें: सरफ़राज़ खान ने सुनील गावस्कर से किस बात को लेकर मांगी माफी?
कोहली 2023 वनडे वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर रहे थे. भारत इस टूर्नामेंट के फ़ाइनल में हारा था. हालांकि, रिपोर्ट्स हैं कि टीम मैनेजमेंट को उनके बैटिंग के तरीक़े से समस्या है. टीम अब ज्यादा अटैकिंग क्रिकेट खेलना चाहती है. जबकि कोहली का स्टाइल एंकर वाला है. हालांकि, इरफ़ान इन बातों को नहीं मानते. उन्होंने आगे कहा,
'उन्होंने हाल ही मैं आपको मैच जिताए, उनकी जगह पर सवाल करना ठीक नहीं है. T20 वर्ल्ड कप में विराट कोहली की जगह पर सवाल उठा रहे लोगों को गली क्रिकेट में होना चाहिए.'
जबकि ब्रॉड ने X के माध्यम से ऐसी ख़बरों को झूठ बताया. वह बोले,
'यह सच नहीं हो सकता. गेम को आगे ले जाने के लिए फ़ैन्स के दृष्टिकोण से देखें तो ICC अमेरिका में गेम करा रहा है, भारत बनाम पाकिस्तान न्यू यॉर्क में, विराट पूरी दुनिया में सबसे बड़े प्लेयर हैं. मुझे यक़ीन है कि उनका सेलेक्शन होगा.'
बता दें कि T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में विराट से ज्यादा रन किसी प्लेयर ने नहीं बनाए हैं. इस टूर्नामेंट में विराट ने 25 पारियों में 81.5 की ऐवरेज़ से रन बनाते हुए 14 पचासे जड़े हैं. इससे पहले, टेलिग्राफ़ में एक रिपोर्ट छपी थी. इसमें कहा गया कि BCCI विराट को T20 वर्ल्ड कप की टीम में नहीं लेना चाहती.
रिपोर्ट के मुताबिक चीफ़ सेलेक्टर अजित आगरकर ने कोहली से बात की थी. अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ़ हुई सीरीज़ से पहले विराट से खेलने का तरीका बदलने को कहा गया था. उन्होंने कोशिश भी की, लेकिन शायद ये कोशिश सफल नहीं हुई. दावा ये भी है कि वेस्ट इंडीज़ के स्लो विकेट्स विराट को रास नहीं आएंगे. अब आगरकर को ये जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वह विराट को रास्ते से हटने के लिए मनाएं. जिससे टीम में यंगस्टर्स को शामिल किया जा सके.
वीडियो: 'ये उनका अधिकार है, भरोसा रखें', विराट कोहली की छुट्टी पर जय शाह ने क्या-क्या कहा?









