The Lallantop

गंभीर का गुरु मंत्र कर गया काम! तिलक वर्मा ने कोच को क्यों दिया जीत का क्रेडिट?

Ind vs NZ : टीम इंडिया ने क्राइस्टटचर्च में खेले गए दूसरे T20I मुकाबले में 4 विकेट से जीत दर्ज की. इस दौरान प्लेयर ऑफ द मैच रहे Tilak Varma ने जीत का क्रेडिट कोच Gautam Gambhir को दिया.

Advertisement
post-main-image
तिलक वर्मा ने क्राइस्टचर्च में अपनी पारी का क्रेडिट कोच गौतम गंभीर को दिया. (Courtesy : PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • टीम इंडिया ने क्राइस्टचर्च में दूसरे T20I मैच में न्यूजीलैंड को 181 रनों के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करते हुए हरा दिया, जिसमें तिलक वर्मा ने नाबाद 51 रन बनाए.
  • टीम इंडिया को 11वें ओवर में 5 विकेट पर 70 रन पर फंसे देखा गया था, जबकि न्यूजीलैंड के स्पिनरों सैंटनर और ब्रेसवेल की प्रभावशाली गेंदबाजी पिच से मदद पा रही थी.
  • इस जीत के बाद टीम इंडिया ने तीसरे मैच के लिए गलतियां सुधारने का लक्ष्य रखा है, जिसमें ईशान किशन के न खेलने की संभावना है और वैभव को मौका मिल सकता है.

क्राइस्टचर्च में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को दूसरे T20I में धूल चटा दी. भारत के सामने 181 रनों का मुश्किल लक्ष्य था. तिलक वर्मा ने नाबाद रहकर टीम को जीत दिलाई. जीत के बाद तिलक काफी खुश थे. उन्होंने कहा कि उन्हें खुद पर बहुत गर्व है. उन्होंने इस जीत का क्रेडिट हेड कोच गौतम गंभीर को दिया. साथ ही बैटिंग कोच सितांशु कोटक का भी जिक्र किया. उनके मुताबिक, दोनों से हुई बातचीत ने उन्हें मैच फिनिश करने का भरोसा दिया.

Advertisement

11वें ओवर में टीम इंडिया फंसी हुई थी. स्कोर था 5 विकेट पर 70 रन. 55 गेंदों में 111 रन चाहिए थे. स्पिनर मिचेल सैंटनर और माइकल ब्रेसवेल गजब की बॉलिंग कर रहे थे. पिच से उन्हें खूब मदद मिल रही थी. लेकिन तिलक वर्मा अड़ गए. उन्होंने हार नहीं मानी और मैच फिनिश किया. T20 क्रिकेट में टारगेट चेज करने में तिलक का रिकॉर्ड शानदार है. चेज करते हुए वो 26 बार नाबाद रहे हैं. ख़ास बात ये है कि इन सभी 26 मैचों में उनकी टीम जीती है.

तिलक को मिला नीतीश का साथ   

इस मुकाबले में भी तिलक ने 26 गेंदों में नाबाद 51 रन ठोके. इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया. अवार्ड लेने के बाद उन्होंने बताया,

Advertisement

मैं बस मैच फिनिश करने के बारे में सोच रहा था. मैच से ठीक पहले गौतम सर और सितांशु सर से बात हुई थी. उन्होंने कहा था कि पूरे भारत को आप पर भरोसा है. अगर आप टिके रहे, तो मैच जिता देंगे. यह बात मेरे दिमाग में बैठ गई थी. मैं मैच को आख‍िर तक ले जाना चाहता था. मैंने वही किया, जिसकी पूरे देश को उम्मीद थी. इसलिए मुझे बहुत गर्व है.

तिलक ने छठे विकेट के लिए नमन धीर के साथ पार्टनरशिप की. दोनों ने 25 गेंदों में 42 रन जोड़े. नमन ने 17 गेंदों में 31 रन कूटे. इसमें तीन छक्के और एक चौका शामिल था. नमन के आउट होने के बाद हैदराबादी बॉयज ने भौकाल काटा. तिलक को नीतीश कुमार रेड्डी का साथ मिला. दोनों ने सिर्फ 30 गेंदों में 69 रन की अटूट साझेदारी कर डाली. ये मेंस T20I में टीम इंडिया की ओर से 7वें विकेट के लिए सबसे बड़ी पार्टनरशिप है. 

ये भी पढ़ें : तिलक-नीतीश ने पलट दी बाजी! अंतिम 5 ओवर में कैसे बदला पूरा मैच?

Advertisement
तिलक की नमन-नीतीश से क्या हुई बातचीत?

तिलक की पार्टनरश‍िप के दौरान नमन और तिलक से क्या बातचीत हुई? इसे लेकर उन्होंने बताया,

मैं नमन से कह रहा था कि हमें टिकना है. जब स्पिनर बॉलिंग करें, तो विकेटों के बीच तेजी से रन चुराने हैं. हमने स्पिनर्स के खि‍लाफ खूब दौड़ लगाई. बदकिस्मती से नमन आउट हो गए. वरना हम 18वें ओवर में ही मैच फिनिश कर देते. नमन ने भी कमाल की बैटिंग की. उसके बाद मैदान पर हम हैदराबादी बॉयज छा गए. नीतीश और मैं. हमें खुशी है कि हमने सक्सेसफुली टारगेट चेज किया.

आख‍िरी तीन ओवरों में 46 रन चाहिए थे. दोनों ने तय किया कि अब कीवी पेसर्स की कुटाई करेंगे. ऐसा ही किया. दो गेंद बाकी रहते टीम इंडिया ने मैच जीत लिया. उन्होंने बताया, 

हमने आक्रामक खेलने का फैसला किया था. गेंद हमारे पाले में आई तो हमने बड़े शॉट लगाए. बाकी समय गैप में खेलकर रन चुराए. हमने स्पिनर्स के खि‍लाफ चार-पांच बार डबल्स लिए. वो 8-10 रन बहुत अहम रहे. बड़े मैदान पर तेज दौड़ना जरूरी था. अंत में हमने शानदार अंदाज में जीत हासिल की.

कप्तान अय्यर ने क्या कहा?

टीम इंडिया की इस रोमांचक जीत से कप्तान श्रेयस अय्यर भी गदगद थे. उन्होंने नमन धीर की जमकर तारीफ की. नमन ने इससे पहले ग्लेन फि‍लिप्स का अहम कैच भी लपका था. पिछले मैच में भी नमन ने 15 गेंदों पर नाबाद 42 रन बनाए थे. अय्यर ने कहा,

हमारी टीम का हर खिलाड़ी मैच-विनर है. जब हमने लगातार विकेट खोए, तो लगा मैच हाथ से निकल रहा है. लेकिन तिलक और रेड्डी ने गजब का माइंडसेट दिखाया. नमन धीर ने भी शानदार पारी खेली. नमन बैटिंग और बॉलिंग दोनों में कमाल हैं. फील्डिंग में भी वो फुर्तीले हैं. वो एक कंप्लीट प्लेयर हैं.

अय्यर ने कीवी बॉलर्स को भी क्रेडिट दिया. उन्होंने कहा कि ब्रेसवेल और सैंटनर ने बीच के ओवरों में बांध कर रखा. गेंद को हिट करना आसान नहीं था. लेकिन तिलक और नीतीश ने गैप ढूंढीं और मैच निकाल लिया.

अब टीम इंडिया को सीरीज का तीसरा मुकाबला 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में खेलना है. टीम इस मुकाबले में हुई गलतियों को सही करने के इरादे से वहां उतरेगी. खबर है कि ईशान किशन इस मुकाबले में भी नहीं खेलेंगे. माने वैभव को एक बार फिर प्लेइंग XI में मौका मिल सकता है.  

वीडियो: भुवनेश्वर कुमार की टीम में वापसी, कोच गौतम गंभीर को इतना समय क्यों लगा?

Advertisement