The Lallantop

'बृजभूषण सिंह ने मेरा भी यौन शोषण किया', पहलवान विनेश फोगाट का बड़ा खुलासा

विनेश फोगाट ने कहा कि तीन साल पहले महिला पहलवानों ने सेक्सुअल हैरसमेंट के खिलाफ आवाज उठाई थी. ये केस कोर्ट में पेंडिंग है. कुल 6 महिला खिलाड़ियों ने शिकायत की थी.

Advertisement
post-main-image
विनेश फोगाट (बायें) ने बृजभूषण सिंह (दायें) पर बड़ा आरोप लगाया है. (फोटो- India Today)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने सार्वजनिक रूप से कबूल किया है कि वे छह महिला पहलवानों में से एक हैं जिन्होंने बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण का आरोप लगाया है और इस मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में चल रही है।
  • यह मामला तब सामने आया था जब तीन साल पहले छह महिला पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन शोषण की शिकायत की थी, जिसके कारण कोर्ट में केस पेंडिंग है और सुप्रीम कोर्ट ने पीड़िताओं की पहचान छिपाने का निर्देश दिया है।
  • विनेश फोगाट ने कहा है कि गोंडा में बृजभूषण के निजी कॉलेज में ट्रायल आयोजित किए जाने के कारण निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं और उन्होंने सरकार और खेल मंत्रालय से हस्तक्षेप की मांग की है ताकि खिलाड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

भारतीय अंतरराष्ट्रीय पहलवान विनेश फोगाट ने पहली बार कबूल किया है कि बृजभूषण शरण सिंह पर जिन 6 महिला पहलवानों से यौन शोषण का आरोप है, वो उनमें से एक हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करके ये बातें कही हैं. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने पीड़िताओं की पहचना उजागर करने से मना किया था क्योंकि ये उनकी गरिमा और मान-सम्मान की बात है. इसलिए वह पीड़िता के तौर पर अपनी पहचान उजागर नहीं करना चाहती थीं. वह चाहती थीं कि बिना उनका नाम सामने आए इस मामले में कानूनी कार्रवाई आगे बढ़े लेकिन कुछ मजबूरियों की वजह से उन्हें ये सब बताना पड़ रहा है. 

Advertisement

विनेश ने कहा कि तीन साल पहले महिला पहलवानों ने सेक्सुअल हैरसमेंट के खिलाफ आवाज उठाई थी. ये केस कोर्ट में पेंडिंग है. कुल 6 महिला खिलाड़ियों ने शिकायत की थी. इसके आधार पर आज भी कोर्ट में गवाहियां चल रही हैं. सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन होती है कि किसी भी विक्टिम की पहचान को रिवील न किया जाए क्योंकि उनकी गरिमा और मान-सम्मान की बात होती है. लेकिन कुछ मजबूरियां ऐसी हैं कि उन्हें ये बात सबको बतानी पड़ रही है. विनेश ने आगे कहा,

मैं अभी नहीं बोलना चाहती थी क्योंकि कोर्ट में केस पेंडिंग है. देश के सामने सब सच्चाई आ जाएगी लेकिन मैं बताना चाहती हूं कि मैं खुद उन 6 में से एक विक्टिम हूं, जिसने कंप्लेंट दी थी. हमारी गवाहियां भी चल रही हैं.

Advertisement

उन्होंने कहा कि ऐसे में बृजभूषण शरण सिंह के घर पर जाकर उसके कॉलेज में अपना 100 फीसदी दे पाना उनके लिए मुश्किल होगा. बृजभूषण पर आरोप लगाते हुए विनेश ने कहा, 

बृजभूषण आज भी बोलता है कि रेसलिंग फेडरेशन पर उसका दबदबा है. उसी के लोग उसने बैठा रखे हैं. वह खुद पूरे देश के सामने बोलता है लेकिन फिर भी स्पोर्ट्स मिनिस्ट्री या भारत सरकार कुछ भी कदम नहीं उठाती है. अगर मैं उस कंपटीशन में जाऊंगी और मेरे साथ मेरी टीम भी होगी. हमारे वेल विशर्ज भी होंगे. किसी के साथ कोई दुर्घटना होती है तो भारत सरकार इसकी जिम्मेदार होगी. 

विनेश ने कहा कि वो अपने लिए कोई प्रीविलेज या स्पेशल ट्रीटमेंट नहीं चाहती हैं. वो बस इतना चाहती हैं कि मैट पर फैसला हर खिलाड़ी की मेहनत के पर हो. न कि कोई गुंडा-बदमाश जिसे चाहे उसे जितवाए.

Advertisement

बता दें कि विनेश फोगाट ने ये बात इसलिए उठाई क्योंकि WFI (रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया) ने गोंडा में रैंकिंग टूर्नामेंट और ट्रायल कराने का फैसला किया है. गोंडा बृजभूषण का गढ़ माना जाता है. विनेश का कहना है कि ये ट्रायल बृजभूषण के एक प्राइवेट कॉलेज में हो रहे हैं. ऐसे में यहां निष्पक्ष मुकाबला होना मुश्किल है. विनेश ने कहा,

इस कंपटीशन में कौन रेफरी किसके मैच में जाएगा? कौन रेफरी कितने पॉइंट्स देगा? कौन चेयरमैन कहां पे बैठेगा? किसको जितवाना है, किसको हरवाना है, सब बृजभूषण और उसके लोग कंट्रोल करेंगे. 

विनेश फोगाट ने कहा कि सरकार और खेल मंत्रालय मूकदर्शक बनकर इस चीज को देख रहे हैं और कोई खिलाड़ियों की मदद के लिए आगे नहीं आ रहा है. ऐसा लगता है कि सरकार ने उसको (बृजभूषण को) फ्री हैंड दे रखा है.

वीडियो: नोएडा: देरी होने पर सिक्योरिटी गार्ड पर हमला कर दिया, कितने सेफ हैं हमारे फ्रंटलाइन वर्कर्स?

Advertisement