भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 में हार मिली. न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 259 रन ठोक दिए थे. जवाब में भारतीय टीम महज 172 रन ही बना सकी. मैच में ग्लेन फिलिप्स एक बार फिर भारतीय गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटे. सीरीज में दो अर्धशतक लगा चुके फिलिप्स ने चौथे टी20 में शतक जड़ दिया. उनकी और माइक ब्रेसवेल की पारी के दम पर ही न्यूजीलैंड 259 के स्कोर तक पहुंच पाया. फिलिप्स टी20 फॉर्मेट में जिस फॉर्म में नजर आ रहे हैं, उससे उन्होंने टीम इंडिया को वनडे सीरीज के लिए भी चेतावनी दे दी है.
ग्लेन फिलिप्स का तोड़ क्या है? T20 में टीम इंडिया को बुरी तरह कूटा, वनडे सीरीज में क्या हाल करेंगे?
ग्लेन फिलिप्स ने भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के चार मैचों में 276 रन बनाए हैं. इनमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं. फिलिप्स भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भी कीवी टीम का हिस्सा हैं.

भारत के खिलाफ ग्लेन फिलिप्स आक्रामक ढंग से बल्लेबाजी कर रहे हैं. ऑकलैंड में खेले गए चौथे टी20 में उन्होंने 49 गेंदों में 107 रन बनाए. इस पारी में छह चौके और 10 छक्के लगाए. 218 के स्ट्राइक रेट से खेली गई पारी ने हर किसी को इंप्रेस कर दिया.
इसी सीरीज में उन्होंने दो अर्धशतक भी लगाए हैं. सीरीज के पहले मैच में उन्होंने नाबाद 82 रन बनाए थे. वहीं दूसरे टी20 में 70 रन की पारी खेली. उन्होंने अब तक चार मैचों में 92 के औसत से 276 रन ठोक दिए हैं. इसके साथ ही भारत के खिलाफ किसी एक बाइलेटरल T20I सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. परेशानी यह है कि ग्लेन फिलिप्स नाम की ‘तलवार’ सिर्फ टी20 नहीं बल्कि वनडे सीरीज में भी टीम इंडिया पर लटक रही होगी.
फिलिप्स ने जिस तरह भारतीय पेसर्स की कुटाई की है, उसने टीम मैनेजमेंट की टेंशन बढ़ दी है. फिलिप्स के मौजूदा फॉर्म को देखते हुए भारतीय टीम के लिए वनडे सीरीज में उन्हें रोकना आसान नहीं होगा. इसकी वजह सिर्फ फिलिप्स का हालिया फॉर्म नहीं बल्कि उनके रिकॉर्ड्स भी हैं. फिलिप्स ने अब तक न्यूजीलैंड में 47 वनडे मैच खेले हैं. इनमें उन्होंने 42.05 के औसत से 1262 रन बनाए हैं. ODI में उनके नाम 16 विकेट भी हैं. यानी वह वनडे में अपनी टीम को एक अतिरिक्त बॉलिंग ऑप्शन भी देते हैं. उनके नाम दो शतक और पांच अर्धशतक हैं. अगर वनडे में भारत उनका तोड़ नहीं निकालता है तो सीरीज गंवा सकता है.
यह भी पढ़ें- रन बल्लेबाजों से नहीं बने, श्रेयस अय्यर ने हार का ठीकरा बोलर्स पर फोड़ दिया
भारत के खिलाफ भी फिलिप्स का बल्ला काफी चला है. इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड की टीम भारतीय दौरे पर आई थी. वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में फिलिप्स ने 106 रन की पारी खेली थी. उन्होंने 88 गेंदों का सामना करते हुए यह शतक लगाया था. इस पारी में नौ चौके और तीन छक्के शामिल थे. न्यूजीलैंड ने इस मुकाबले में 337 रन बनाए और भारत को 41 रन से हराया. ऐसे में पांच वनडे मैचों की सीरीज में भारत को इस खिलाड़ी के खिलाफ फुल प्रूफ प्लान बनाना होगा.
वीडियो: राजधानी: अखिलेश यादव ने MLC चुनाव में खेल किया?











