The Lallantop

कोच ने बताया, ईशान किशन को रोहित से पहले भेजने का प्लान किसका था?

विराट नहीं इस खिलाड़ी का था प्लान.

Advertisement
post-main-image
ईशान किशन और विराट कोहली ( फोटो क्रेडिट : AP)
न्यूज़ीलैंड के खिलाफ ईशान किशन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया. और केएल राहुल के साथ उन्होंने पारी की शुरुआत की. स्थायी ओपनर रोहित शर्मा तीसरे नंबर पर खेलने उतरे. जबकि नंबर चार पर विराट कोहली. बैटिंग ऑर्डर में ये बदलाव किसी को समझ नहीं आया. सवाल होने लगे कि ऐसी क्या मजबूरी आ गई कि ईशान किशन को रोहित से पहले तवज्जो दी गई. और रोहित खुद क्यों ओपन करने नहीं आए? ऐसे तमाम सवाल थे. जिसका जवाब भारतीय फैन्स को नहीं मिला था. लेकिन अब टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर( Vikram Rathour) ने खुलासा कर दिया है. विक्रम राठौर ने बताया कि लीडरशिप ग्रुप और खुद रोहित शर्मा ने ईशान किशन को ओपन करने के लिए कहा था. बता दें कि न्यूज़ीलैंड के खिलाफ ईशान किशन को चोटिल सूर्यकुमार यादव की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था. सूर्या नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हैं और उस हिसाब से ईशान किशन को नंबर चार पर बल्लेबाजी के लिए आना था. विक्रम राठौर ने कहा,
'सूर्यकुमार यादव की पीठ में दर्द में था. मैच के लिए वह फिट नहीं थे. टीम मैनेजमेंट ने ईशान किशन को बतौर ओपनर खिलाने का फैसला किया. और जाहिर है कि इस फैसले में रोहित भी शामिल थे. IPL और वार्मअप मैचों में ईशान किशन ने बतौर ओपनर शानदार प्रदर्शन किया है. इसलिए उन्हें रोहित से ऊपर भेजने का फैसला किया गया.'
बता दें कि ईशान किशन को ओपनर के तौर पर भेजने का प्लान फ्लॉप रहा. न्यूज़ीलैंड के खिलाफ ईशान आठ गेंदों में सिर्फ चार रन ही जोड़ सके थे. टीम इंडिया की बल्लेबाजी फ्लॉप रही. रोहित ने 14 तो केएल राहुल ने 18 रन बनाए. निचले क्रम में रविन्द्र जडेजा ने 26 रन की पारी खेलकर स्कोर को 110 तक पहुंचाया था. जवाब में न्यूज़ीलैंड ने दो विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया. T20 विश्वकप में टीम इंडिया की ये लगातार दूसरी हार थी. इस पर विक्रम राठौर ने कहा,
'पिछले दो मैचों में हमने अपने प्लान का मैदान पर सही तरीके से पालन नहीं किया. जिसकी वजह से परिणाम हमारे पक्ष में नहीं आया. साथ ही पिच भी बहुत बड़ा कारण है. जब आप पहले बल्लेबाजी करते हैं तो वो बल्लेबाजों का साथ नहीं देती. दुर्भाग्यवश हम बड़े शॉट भी सही से नहीं खेल सके, ये सब पिच की वजह से हुआ है.'
बताते चलें कि सुपर 12 के ग्रुप 2 में लगातार दो मैच हारने के बाद टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल की राह कठिन हो गई है. टीम इंडिया का अब तक खाता नहीं खुला है. अगला मुकाबला अफगानिस्तान के साथ है. और उम्मीद है कि टीम इंडिया इस मैच में जीत दर्ज करेगी.

Advertisement
Advertisement