The Lallantop

अजित आगरकर चीफ सेलेक्टर रहेंगे या हटेंगे? श्रीलंका टेस्ट सीरीज के बाद BCCI करेगा फैसला

टीम इंडिया (Team India) के चीफ सेलेक्टर अजित आगकर (Ajit Agarkar) का कार्यकाल अगले महीने खत्म हो रहा है. वह सितंबर में अपने कार्यकाल के 3 साल पूरे कर लेंगे. अब उन्हें एक साल का एक्सटेंशन मिलेगा या नहीं. इस मामले पर फैसला श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद होगा.

Advertisement
post-main-image
अजित आगरकर को पहले भी एक साल का एक्सटेंशन मिल चुका है. (फोटो- PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर अजित आगरकर की BCCI से श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद कार्यकाल विस्तार को लेकर बैठक होगी, जिसमें उनके एक साल के एक्सटेंशन पर निर्णय लिया जाएगा।
  • आगरकर के कार्यकाल को लेकर विवाद तब उत्पन्न हुआ, जब सेलेक्टर्स ने रोहित शर्मा को जुलाई में इंग्लैंड सीरीज के बाद रिप्लेस करने का योजना बनाई थी, जबकि BCCI सचिव ने उनका समर्थन किया।
  • वर्ष 2027 के ODI वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए आगरकर का कार्यकाल बढ़ाने के फैसले के साथ, रोहित शर्मा के फ्यूचर पर भी हर सीरीज के बाद समीक्षा करना अगला कदम होगा।

टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर अजित आगरकर (Ajit Agarkar) को एक्सटेंशन मिलने की बात पक्की नहीं हो पाई है. श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद BCCI के अधिकारियों की सेलेक्शन कमेटी के अध्यक्ष अजित आगरकर के साथ मीटिंग होगी. इस बैठक में चर्चा होगी कि उनके कार्यकाल को एक साल बढ़ाया जाए या नहीं? टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर अजित आगरकर का कार्यकाल सितंबर 2026 में खत्म हो रहा है. अगले महीने वह अपना 3 साल का टेन्योर पूरा कर लेंगे. 

Advertisement

अजित आगरकर 4 जुलाई 2023 को टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर बने थे. नियमों के मुताबिक, आगरकर एक साल के एक्सटेंशन के लिए एलिजिबल हैं. लेकिन, बोर्ड उनके प्रदर्शन और हालिया टीम इंडिया के नतीजों को देखते हुए उन्हें आगे भी जिम्मेदारी देने पर विचार कर सकता है.

3 ICC ट्रॉफी जीतीं

अजित आगरकर के चीफ सेलेक्टर रहते टीम इंडिया ने 2024 और 2026 में T20 वर्ल्ड कप जीता जबकि, 2025 में भारतीय टीम ICC चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने में सफल रही. आगरकर की इस सक्सेस के देखते हुए उन्हें पहले एक साल का विस्तार मिला था. रिपोर्ट के मुताबिक, अजित आगरकर ने 2027 के ODI वर्ल्ड कप तक अपना कार्यकाल बढ़ाने की इच्छा जताई है.

Advertisement

ये मीटिंग ऐसे समय पर होगी, जब रोहित शर्मा के फ्यूचर को लेकर सेलेक्टर्स और BCCI के बीच अलग-अलग राय है. सेलेक्टर्स ने रोहित शर्मा को रिप्लेस करने के बारे में बताया था. सेलेक्टर्स का कहना था कि वो जुलाई में इंग्लैंड सीरीज के बाद उनकी जगह किसी दूसरे प्लेयर को शामिल करना चाहते हैं. लेकिन, तब BCCI  सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने रोहित को फेवर किया था. सैकिया ने कहा था कि रोहित जब तक टीम के प्लान में हैं, तब तक वह भारत के लिए खेलते रहेंगे.

BCCI चाहता है कि सेलेक्टर्स 2027 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए रोहित शर्मा के फ्यूचर का फैसला हर सीरीज के बाद करें. सेलेक्टर्स देवजीत सैकिया की इस बात से खुश नहीं हैं क्योंकि, यह बयान ऐसे समय में आया था, जब सेलेक्टर्स ने रोहित को बता दिया था कि उन्हें इंग्लैंड में ODI सीरीज के बाद चुना नहीं जाएगा. रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित शर्मा भारत के लिए ODI खेलते रहना चाहते थे लेकिन, सेलेक्टर्स उनकी जगह ODI टीम में यशस्वी जायसवाल को टॉप ऑर्डर में चांस देना चाहते थे.

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित शर्मा की BCCI के एक बड़े अधिकारी से मुलाकात हुई है. इसके बाद लॉर्ड्स में उनकी सेंचुरी को देखते हुए उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI सीरीज के लिए टीम में चुना जा सकता है.

Advertisement

ये भी पढ़ें: डार्विन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया हार की कगार पर, ये 2 विकेट बांग्लादेश की जीत पक्की कर देंगे!

रोहित ने किया शानदार कमबैक

रोहित शर्मा इंग्लैंड टूर पर पहले दो ODI में कुछ खास नहीं कर पाए थे. बर्मिघम में खेले गए पहले मैच में वह 11 रनों पर आउट हो गए. कार्डिफ में उन्होंने 26 रन स्कोर किए. लेकिन, इसके बाद तीसरे मैच में हिटमैन ने जबरदस्त वापसी की. लॉर्ड्स पर खेले गए तीसरे और लास्ट ODI में रोहित ने 138 रनों की पारी खेलकर आलोचकों का मुंह बंद कर दिया था.

वीडियो: श्रीसंत ने हरभजन सिंह को ओपन चैलेंज कर दिया

Advertisement