T20I रैंकिंग में विराट कोहली से कितना आगे पहुंच गए बाबर आज़म?
बोलिंग रैंकिंग में भी आया बदलाव.
Advertisement

विराट कोहली और बाबर आजम ( फोटो क्रेडिट : AP)
ICC की ताजा T20I रैंकिंग जारी हो गई है. अब बाबर आज़म ऑफिशली नंबर वन बल्लेबाज बन गए हैं. पाकिस्तान के कप्तान बाबर आज़म ने दाविद मलान से नंबर वन की कुर्सी छीनी है. बाबर आज़म के इस समय 834 रेटिंग पॉइंट्स हैं. वहीं दूसरे नंबर पर खिसके दाविद मलान के 798 रेटिंग पॉइंट्स हैं. गौरतलब है कि बाबर आज़म अपने करियर की बेस्ट फॉर्म में हैं. और उनके बल्ले से लगातार रन निकल रहे हैं. UAE में जारी T20 विश्वकप 2021 में बाबर आज़म ने चार पारियों में तीन पचासे लगाए हैं. सबसे पहले भारत के खिलाफ नाबाद 68 रन की पारी खेली थी. जबकि अफगानिस्तान के खिलाफ बाबर ने 51 रन बनाए थे. नामीबिया के खिलाफ इस पाकिस्तानी बल्लेबाज ने महज 49 गेंदों में 70 रन ठोके. और इसी का फायदा उन्हें मिला. बाबर ने T20I विश्वकप के चार मैचों में 66 की ऐवरेज से 198 रन बनाए हैं. और इसके साथ ही बाबर आज़म अब लिमिटेड ओवर्स के नंबर वन बल्लेबाज बन गए हैं. वह वनडे में भी नंबर वन पर काबिज हैं.
जबकि इस वर्ल्ड कप में बुरी फॉर्म से गुज़र रहे दाविद मलान ने पिछली तीन पारियों में सिर्फ 42 रन ही बनाए हैं. इसके अलावा श्रीलंका के खिलाफ शतकीय पारी खेलने वाले जोस बटलर को भी फायदा मिला है. आठ पायदानों की लंबी छलांग लगाते हुए नौवें नंबर पर आ गए हैं. बटलर T20 विश्वकप के लीडिंग रन स्कोरर हैं. 4 मैचों में 214 रन ठोक चुके हैं. इंग्लैंड के ही जेसन रॉय ने पांच पायदानों की छलांग लगाई है. अब जेसन रॉय 14वें नंबर पर आ गए हैं. बल्लेबाजों की T20I रैंकिंग में भारत के कप्तान विराट कोहली पांचवें और केएल राहुल आठवें नंबर पर काबिज हैं. कप्तान कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली थी. जबकि राहुल पिछले दो मुकाबलों में फ्लॉप रहे हैं. इसके अलावा बॉलिंग रैंकिंग में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है. श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा नए नंबर वन गेंदबाज बन गए हैं. हसरंगा ने साउथ अफ्रीका के तबरेज शम्सी को पछाड़ा है. श्रीलंका के इस ऑलराउंडर ने T20I विश्वकप में सात मुकाबलों में 14 विकेट चटकाए हैं. जिसमें एक हैटट्रिक भी शामिल है.
वानिंदु हसरंगा के इस समय 776 रेटिंग पॉइंट्स हैं. जबकि तबरेज शम्सी दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं. शम्सी के 770 रेटिंग पॉइंट्स हैं. T20I विश्वकप में तबरेज शम्सी ने भी अच्छी गेंदबाजी की है. पिछली चार पारियों में छह विकेट झटके हैं. और ओवरऑल 2021 में सबसे ज्यादा 34 विकेट हासिल कर चुके हैं. जोकि एक रिकॉर्ड है. ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में मोहम्मद नबी और शाकिब अल हसन संयुक्त रूप से नंबर वन पर काबिज हैं. बताते चलें कि इंग्लैंड दुनिया की नंबर वन T20I टीम है. दूसरे नंबर पर पाकिस्तान और तीसरे नंबर पर टीम इंडिया है.
Advertisement









