टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल खेलने का इससे सही गणित नहीं हो सकता
AFGvNZ मैच के अलावा कैसे सेमीफाइनल का टिकट मिलेगा?
Advertisement

विराट कोहली और टीम इंडिया. फोटो: AP
ICC T20 विश्वकप 2021. मैच नंबर 37. भारत और स्कॉटलैंड के बीच वो मैच खेला गया. जिसे लेकर विश्वकप से पहले शायद ही बड़ा दांव लगा हो. लेकिन विश्वकप की शुरुआत में ही पाकिस्तान और न्यूज़ीलैंड से दो मुकाबले हारकर भारत के लिए अफ़ग़ानिस्तान, नामीबिया समेत स्कॉटलैंड का मैच भी महत्वपूर्ण हो गया. और भारतीय टीम ने इस मैच को खेला भी बिल्कुल उसी अंदाज़ में. बर्थडे के दिन कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीता और तुरंत दुबई के मैदान पर पहले गेंदबाज़ी का फैसला कर लिया. टीम इंडिया ने रविन्द्र जडेजा, मोहम्मद शमी समेत बाकी गेंदबाज़ों के कमाल से स्कॉटलैंड को महज़ 85 रन पर समेट दिया. अब इस विश्वकप में खुद की स्थिति को बेहतर करने के लिए भारत को इस मैच को बेहतरीन नेट रनरेट से जीतना था. टीम इंडिया ने महज़ 6.3 ओवर्स में 89 रन बनाकर मैच को आठ विकेट से जीत लिया. लेकिन अब भी भारतीय टीम ग्रुप 2 की पॉइंट्स टेबल में पाकिस्तान और न्यूज़ीलैंड के बाद तीसरे स्थान पर है. ऐसे में सेमीफाइनल में जाने के लिए टीम इंडिया को क्या करना होगा? चलिए पूरा समीकरण बताते हैं.
# पहला काम, भारतीय टीम को 8 नवंबर को नामीबिया के खिलाफ होने वाले मैच को बड़े अंतर से जीतना होगा. बड़ा अंतर इसलिए क्योंकि अब भी न्यूज़ीलैंड और अफ़गानिस्तान के बीच एक मैच बाकी है. जिसमें ऊंट किस करवट बैठे कुछ पता नहीं है. # दूसरा काम, इसके बाद भी भारत को ये दुआ करनी होगी कि सात नवंबर यानि रविवार को अफ़ग़ानिस्तान, न्यूज़ीलैंड को हरा दे. जिससे छह पॉइंट्स के साथ किसी एक टीम का सेमीफाइनल में जाना तय हो जाए. क्योंकि अगर रविवार को न्यूज़ीलैंड हारता है तो उसके छह पॉइंट्स होंगे. अफ़गानिस्तान चार पॉइंट पर है तो उसके भी जीतने पर छह पॉइंट्स हो जाएंगे. वहीं ऐसे में अगर भारत सोमवार को नामीबिया को हरा देता है तो उसके भी छह पॉइंट्स हो जाएंगे. ऐसे में सबसे बेहतर नेट रनरेट वाली टीम छह पॉइंट्स के साथ सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी. अगर सेमीफाइनल में छह पॉइंट्स के आधार पर कोई टीम जाती है तो उसमें भारत का दावा सबसे मज़बूत है क्योंकि उसका नेट रनरेट 1.619 है. जो कि न्यूज़ीलैंड और अफ़गानिस्तान दोनों से बेहतर है.
Advertisement









