वर्ल्ड कप से कोहली की टीम को मिले नामीबिया और स्कॉटलैंड के बराबर पैसे!
ऑस्ट्रेलिया को मिली सबसे मोटी रकम.
Advertisement

Australia ने T20 वर्ल्ड कप से सबसे ज्यादा पैसे बटोरे तो Virat Kohli की टीम के पास छोटी रकम आई (एपी फोटो)
अस्त्रालया. सॉरी, ऑस्ट्रेलिया ने T20 वर्ल्ड कप जीत लिया है. संडे, 14 नवंबर को हुए फाइनल में उन्होंने न्यूज़ीलैंड को आठ विकेट से हराया. ये वाली बात तो हम आपको लगातार बता ही रहे हैं. अब बात उसकी जो होता सबके पास है लेकिन दिखाता कोई नहीं, बोले तो धन. पहली बार चैंपियन बनी ऑस्ट्रेलिया को मोटी रकम मिली होगी, ये तो सब जानते हैं. लेकिन बाकी टीमों का क्या? पैसे तो उन्हें भी मिले ही होंगे. अगर आपके दिल-जिगर-नज़र में भी ये सवाल है तो चलिए आपको बताते हैं कि T20 वर्ल्ड कप में खेली टीमों को कितने पैसे मिले. सबसे पहले बात पूल की. पूल मतलब वही वाली रकम जो स्क्विड गेम के दौरान एक बड़े से गोले में प्लेयर्स की आंखों के आगे टंगी रहती थी. हां तो पूल था 56 लाख अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 42 करोड़ रुपये का. और इसमें से सबसे ज्यादा पैसे मिले ऑस्ट्रेलिया को. ऑस्ट्रेलिया ने इस टूर्नामेंट से ट्रॉफी के साथ 13.1 करोड़ रुपये भी कमाए. ऑस्ट्रेलिया को 11.9 करोड़ रुपये वर्ल्ड चैंपियन बनने के लिए मिले हैं. जबकि 1.2 करोड़ रुपये सुपर 12 में अपने पांच में से चार मैच जीतने के लिए मिले हैं. जबकि फाइनल में हारी न्यूज़ीलैंड को कुल 7.15 करोड़ रुपये मिले. इसमें से 5.95 करोड़ फाइनल में पहुंचने के लिए जबकि 1.2 करोड़ रुपये सुपर 12 में चार मैच जीतने के लिए मिले. सेमीफाइनल में पहुंची बाकी दो टीमों, इंग्लैंड और पाकिस्तान की जेब में तीन करोड़ रुपये गए. इसके साथ ही पाकिस्तान को सुपर-12 में अपने पांचों मैच जीतने के लिए 1.5 करोड़ रुपये भी मिलेंगे. जबकि इंग्लैंड को 1.2 करोड़ मिलेंगे क्योंकि उन्होंने पांच में से चार ही मैच जीते थे. यानी पाकिस्तान को कुल 4.5 जबकि इंग्लैंड को 4.2 करोड़ की रकम मिलेगी. इसके अलावा सुपर 12 में बाहर हुई टीम इंडिया को 1.42 करोड़ की रकम मिली है. उन्हें 52 लाख सुपर-12 में पहुंचने और 90 लाख तीन मैच जीतने के लिए मिले हैं. क्वॉलिफायर्स खेलने के बाद सुपर-12 तक ना पहुंचीं चार टीमों को 30-30 लाख रुपये मिले हैं. साथ ही उन्हें क्वॉलिफायर्स में हर जीत के लिए भी 30 लाख की रकम मिली है. ये चार टीमें ओमान, पापुआ न्यू गिनी, आयरलैंड और नीदरलैंड्स थीं. अलग-अलग टीमों को मिली कुल राशि की बात करें तो यह कुछ इस तरह रही. ऑस्ट्रेलिया 13.1 करोड़. न्यूज़ीलैंड 7.15 करोड़. पाकिस्तान, 4.5 करोड़, इंग्लैंड 4.2 करोड़, श्रीलंका 2.02 करोड़, साउथ अफ्रीका 1.72 करोड़, इंडिया 1.42 करोड़, नामीबिया 1.42 करोड़, स्कॉटलैंड 1.42 करोड़, बांग्लादेश 1.12 करोड़, अफ़ग़ानिस्तान 1.12 करोड़, वेस्ट इंडीज़ 82 लाख, ओमान 60 लाख, आयरलैंड 60 लाख, पापुआ न्यू गिनी 30 लाख, नीदरलैंड्स 30.
Advertisement









