इंडियन क्रिकेट टीम के इन रिकॉर्ड्स को देख जनता खुश हो जाएगी
राहुल-बुमराह और इंडिया ने बनाए रिकॉर्ड्स.
Advertisement

Kl Rahul और Jasprit Bumrah ने रिकॉर्ड्स बनाकर Team India को जिता दिया (एपी फोटो)
इंडियन क्रिकेट टीम ने दुबई में स्कॉटलैंड को पीट दिया. ये ख़बर तो अब तक सबको पता चल चुकी है. लेकिन इस जीत के दौरान बने रिकॉर्ड्स शायद ही सारे लोग जानते हैं. स्कॉटलैंड के खिलाफ टीम इंडिया ने खेल के हर क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन किया. टीम ने पहले बोलिंग करते हुए स्कॉटलैंड को सिर्फ 85 रन पर समेट दिया. और फिर बैटिंग में 6.3 ओवर्स में ही जीत के लिए जरूरी रन बना लिए. भारत को नेट रनरेट के आधार पर अफ़ग़ानिस्तान और न्यूज़ीलैंड से आगे जाने के लिए लक्ष्य को 43 गेंदों में पार करना था. और टीम ने इसे सिर्फ 39 गेंदों में हासिल कर लिया. यानी भारत ने यह जीत 81 गेंद बाकी रहते अपने नाम की. इसके साथ ही टीम ने T20 वर्ल्ड कप और T20I में लक्ष्य का पीछा करते हुए अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज कर ली. वर्ल्ड कप की बात करें तो श्रीलंका ने नीदरलैंड्स को 90 गेंदें बाकी रहते हराया था. जबकि ऑस्ट्रेलिया ने मौजूदा वर्ल्ड कप में बांग्लादेश को 82 गेंदें रहते मात दी थी.
भारत की इस जीत में केएल राहुल और रोहित शर्मा ने सिर्फ पांच ओवर्स में 70 रन जोड़ डाले. और फिर बचा हुआ काम सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली ने पूरा कर दिया. यह चार मैचों में भारत की दूसरी जीत है. भारत का नेट रनरेट अब अपने ग्रुप में सबसे बेहतर है. इस मैच में सिर्फ 19 गेंदों पर 50 बनाने वाले केएल राहुल ने T20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के लिए दूसरी सबसे तेज फिफ्टी मार दी. 18 गेंदों पर पचासा पूरा करने वाले राहुल से आगे सिर्फ युवराज सिंह हैं. युवी ने 2007 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंदों पर पचास रन मार दिए थे.
स्कॉटलैंड के खिलाफ दो विकेट लेने वाले जसप्रीत बुमराह ने भी एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया. अब वह भारत के लिए सबसे ज्यादा T20I विकेट लेने वाले बोलर हैं. उन्होंने 54 मैचों में 64 विकेट लिए हैं. दो मैचों में दो जीत और दो हार के साथ भारत अपने ग्रुप में तीसरे नंबर पर है. टीम को अपने आखिरी मैच में 8 नवंबर को नामीबिया से खेलना है. इंडिया को आगे जाने के लिए यह मैच जीतना होगा. साथ ही दुआ करनी होगी कि इससे पहले होने वाले मैच में अफ़ग़ानिस्तान की टीम न्यूज़ीलैंड को हरा दे.
Advertisement











