ऑस्ट्रेलिया ने T20 विश्वकप 2021 के फाइनल में जगह बना ली है. दुबई में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हरा दिया. ये दूसरा मौका है, जब ऑस्ट्रेलियाई टीम T20 विश्वकप के फाइनल में पहुंची है. ऑस्ट्रेलिया की धमाकेदार जीत के हीरो मैथ्यू वेड (Matthew Wade) और मार्कस स्टोइनिस रहे. वेड और स्टोइनिस के बीच छठे विकेट के लिए 40 गेंदों में 81 रन की साझेदारी हुई. और इसी साझेदारी ने पाकिस्तान के जबड़े से जीत छीन ली. ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर मैथ्यू वेड ने 19वें ओवर में शाहीन शाह अफ़रीदी की लगातार तीन गेंदों पर तीन छक्के लगाकर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचा दिया.
मैच के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच ने अपने इन दोनों बल्लेबाजों की जमकर तारीफ की. फिंच ने कहा,
'सोचा नहीं था कि मैच हमारी झोली में आएगा. बढ़िया मुकाबला रहा. जिस तरह मैथ्यू वेड ने आखिर तक धैर्य बनाये रखा, वो शानदार था. मैथ्यू वेड की मार्कस स्टोइनिस के साथ साझेदारी काफी अहम थी. बैटिंग करते वक्त मैं उलझन में था. और आज कल T20 क्रिकेट में ओपनर बल्लेबाजों को अच्छी गेंदों का सामना करना पड़ता है. हम लोग आज फील्डिंग में काफी ढीले थे. कुछ कैच छोड़े. हालांकि वो मुश्किल भी थे. लेकिन आज जो हम लोगों ने किया. उससे यही पता चलता है कि लक्ष्य हासिल करने के लिए सभी 15 खिलाड़ियों को योगदान देना होगा.
बता दें कि UAE में खेले जा रहे T20 विश्वकप के मुकाबलों ज्यादातर बार टॉस ने मैच के नतीजे तय किये हैं. अमूमन सभी कप्तानों ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का ही फैसला किया है. दरअसल, UAE में चेज करना आसान रहा है क्योंकि दूसरी पारी में ड्यू देखने को मिलती है. जिसकी वजह से गेंदबाजों को गेंद ग्रिप करने में परेशानी का सामना करना पड़ता है. ऐसे में फिंच भी टॉस जीतना चाहते थे. टॉस और ड्यू पर फिंच ने कहा,
हम लोगों ने आखिर में अच्छी क्रिकेट खेली. और चेज करने वाली टीम कामयाब भी रही है. मुकाबले में ड्यू फैक्टर नहीं था. हां, रोशनी ने जरूर प्रभाव डाला. और विकेट तेज था. मुझे लग रहा था कि मैं टॉस हार जाऊंगा और पहले बल्लेबाजी करनी होगी. बोर्ड पर रन लगाने होंगे और फिर डिफेंड करना होगा. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. हमलोगों ने अंत में एक बढ़िया स्कोर चेज किया.'
बताते चलें कि फिंच ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी. पाकिस्तान ने बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में चार विकेट खोकर बोर्ड पर 176 रन लगा दिए. मोहम्मद रिज़वान ने 52 गेंदों में 67 रन की पारी खेली. इस दौरान उन्होंने तीन चौके और चार छक्के लगाए. जबकि फख़र ज़मान ने 32 गेंदों में 55 रन ठोके. फख़र ने भी अपनी पारी में तीन चौके और चार छक्के लगाए. जवाब में पांच विकेट खोकर ऑस्ट्रेलिया ने मैच अपने नाम कर लिया. टीम को आखिरी 12 गेंदों में 20 रन बनाने थे. और मैथ्यू वेड ने तीन छक्के लगाकर काम तमाम कर दिया. अब 14 नवंबर को T20 विश्वकप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया का सामना न्यूज़ीलैंड से होगा.