फुटबॉल जगत से दुखद खबर आई है. स्पेन की सेकेंड डिवीजन लीग में खेलने वाले स्ट्राइकर जीसस डी मिगुएल की मौत हो गई है. वह सीडी टेनेरिफ क्लब के लिए खेलते थे. सोमवार, 2 नवंबर को एक मैच के दौरान वह गंभीर हादसे का शिकार हो गए थे. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. जीसस के निधन के बाद उनके क्लब ने बयान जारी कर इसकी जानकारी दी.
गोलकीपर ने इंजरी टाइम में विरोधी स्ट्राइकर के सीने पर घुटना मारा, मौत हो गई
स्पेन के फुटबॉलर जीसस डे मिगुएल की मौत हो गई है. महज 30 साल की उम्र में उनका देहांत हो गया. ये खिलाड़ी मैच के दौरान गोलकीपर से टकरा गया था.

सीडी टेनेरिफ ने अपने बयान में कहा,
हम अत्यंत दुख के साथ सूचित करते हैं कि मंगलवार, 3 नवंबर को सुबह 8 बजे जीसस डी मिगुएल अलामेडा का निधन हो गया. कोई भी शब्द इस दर्द को कम नहीं कर सकता. हमारी संवेदनाएं उनके परिवार, करीबी दोस्तों और टेनेरिफ के प्रशंसकों के साथ हैं, जो इस दुखद खबर से गहरे सदमे में हैं.
यह घटना टेनेरिफ और अंडोरा के बीच खेले गए मैच के आखिरी मिनटों में हुई. उस समय दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर थीं. मैच के इंजरी टाइम में अंडोरा के गोलकीपर जीसस ओवोनो एक लंबी गेंद को क्लियर करने के लिए सेंटर सर्कल की ओर दौड़े. इसी दौरान उनका घुटना डी मिगुएल के सीने से टकरा गया.
इस टक्कर के बाद डी मिगुएल मैदान पर बेसुध होकर गिर पड़े. मेडिकल स्टाफ ने तुरंत मैदान पर पहुंचकर उनका इलाज शुरू किया. कुछ ही देर में उनकी हालत की गंभीरता का अंदाजा हो गया. इसके बाद उन्हें एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया.
डी मिगुएल को सांता क्रूज स्थित यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ऑफ नुएस्ट्रा सेनोरा डे कैंडेलारिया के आईसीयू में भर्ती कराया गया. शुरुआत में उनकी हालत गंभीर होने के बावजूद स्थिर बताई गई थी. हालांकि, बाद में क्लब ने जानकारी दी कि उनकी न्यूरोलॉजिकल स्थिति बिगड़ गई है. इसके कुछ घंटों बाद मंगलवार सुबह उनकी मौत की पुष्टि हुई.
यह भी पढ़ें - विराट कोहली तोड़ देंगे रिकी पोंटिंग का रिकॉर्ड? न्यूजीलैंड में इस बार बड़े धमाल की तैयारी
इस घटना से दोनों टीमों के खिलाड़ी काफी परेशान हो गए थे. डी मिगुएल के साथी खिलाड़ी मैदान पर भावुक नजर आए. उन्हें अस्पताल ले जाने के बाद मैच रोक दिया गया. मैच रेफरी ने गोलकीपर जीसस ओवोनो को इस टक्कर के लिए सीधे रेड कार्ड दिखाया. इसके बाद मैच रद्द कर दिया गया.
डी मिगुएल ने 2015 में लेगानेस बी के साथ अपने सीनियर फुटबॉल करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद उन्होंने स्पेन के कई क्लबों का प्रतिनिधित्व किया. वह 2025 में सीडी टेनेरिफ से जुड़े थे. निधन के समय उनकी उम्र 30 साल थी.
वीडियो: मनीषा भानवाला ने पूरा किया पिता का सपना, 16 साल के इंतजार के बाद बनीं वर्ल्ड चैंपियन










