The Lallantop

न्यूजीलैंड को ODI सीरीज में हराना आसान नहीं, विराट-रोहित के भरोसे जीतेगी टीम इंडिया?

भारतीय टीम के लिए ODI सीरीज में न्यूजीलैंड को हराना आसान नहीं है. टीम इंडिया ने पिछले 50 साल में कीवियों के खिलाफ उनकी धरती पर 45 वनडे खेले हैं. इनमें से सिर्फ 14 ही मैच जीते हैं. आंकड़ों में कीवी टीम मजबूत दिख रही है. टीम इंडिया आखिरी दो टी20 मैच में लय खोती नजर आई.

Advertisement
post-main-image
टीम इंडिया न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 ODI मैचों की सीरीज खेलेगी. (Courtesy: PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • भारत की क्रिकेट टीम 4 नवंबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की वनडे सीरीज खेलना शुरू करेगी, जो T20 सीरीज में मिली जीत के बाद का प्रमुख आयोजन है।
  • भारत ने पिछले 7 सालों में न्यूजीलैंड की धरती पर वनडे में केवल दो बार सीरीज जीती है, जबकि कीवी टीम ने इस दौरान अधिकतर मुकाबले जीते हैं।
  • न्यूजीलैंड की हालिया मजबूत प्रदर्शन और घरेलू माहौल की वजह से वनडे सीरीज में टीम इंडिया पर दबाव बना रहेगा और दोनों टीमें विजेता बनने के लिए मुकाबला करेंगी।

भारतीय क्रिकेट टीम T20 सीरीज जीतने के बाद, न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 ODI मैचों की सीरीज खेलेगी. पहला मुकाबला 4 नवंबर को खेला जाना है. T20 सीरीज में मिली फतह के बाद टीम इंडिया के हौसले बुलंद हैं. हाल ही में खत्म हुई T20 सीरीज में भारत ने न्यूजीलैंड को 3-2 से हराया. अब फोकस वनडे सीरीज जीतने पर है, लेकिन यह सफर इतना आसान नहीं रहने वाला. 

Advertisement

अब सवाल है क्या टीम इंडिया वाकई वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड पर हावी रहेगी? आंकड़े खंगालने पर पता चलता है कि न्यूजीलैंड की धरती पर भारत का ODI रिकॉर्ड कुछ ज्यादा अच्छा नहीं है.  बीते 7 साल के आंकड़े न्यूजीलैंड में टीम इंडिया के लचर प्रदर्शन की ही गवाही दे रहे हैं.

इसके अलावा ODI सीरीज से पहले कीवी टीम ने अपनी लय पकड़ ली है. उसने आखिरी के दो T20 मैचों में भारत को एकतरफा अंदाज में हराया. न्यूजीलैंड की परफॉर्मेंस को देखकर लगा कि वह वनडे में भारत को तगड़ी चुनौती देने के लिए तैयार है. 

Advertisement
भारत ने 7 साल से न्यूजीलैंड में नहीं जीती वनडे सीरीज

ODI स्टैट्स की पड़ताल करने पर पता चलता है कि भारत बीते 7 साल से न्यूजीलैंड ने वनडे सीरीज नहीं जीत पाया है. टीम इंडिया ने ‘कीवीलैंड’ में आखिरी बार 2019 में ODI सीरीज जीती थी. तब भारत ने 5 मैचों की सीरीज में मेजबानों को 4-1 से हराया था.

इसके बाद से भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड में 2 वनडे सीरीज खेली हैं. साल 2020 में दोनों देशों के बीच 3 मैचों की सीरीज हुई थी. इसमें न्यूजीलैंड ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया को 3-0 से रौंद दिया.

करीब 3 साल बाद भारत ने 2023 में न्यूजीलैंड में फिर कीवियों के खिलाफ 3 वनडे मैचों की सीरीज खेली. भारतीय टीम यह सीरीज भी जीतने में नाकाम रही. न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को इस ODI सीरीज में 1-0 से शिकस्त दी. कीवी टीम अपनी धरती पर भारत को पिछली दो सीरीज में लगातार हरा चुकी है. 

Advertisement
टीम इंडिया का न्यूजीलैंड में कमजोर रिकॉर्ड

आंकड़ों पर गौर करें, तो भारतीय टीम 1976 से न्यूजीलैंड में वनडे सीरीज खेल रही है. टीम इंडिया अब तक कीवियों की धरती पर 10 ODI सीरीज खेल चुकी है. इनमें से भारत ने सिर्फ दो बार न्यूजीलैंड में वनडे सीरीज जीती. भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड में पहली बार 2009 में वनडे सीरीज जीती थी. तब टीम इंडिया ने 5 मैचों की सीरीज में कीवियों को 3-1 से हराया था. इसके बाद भारत दूसरी बार 2019 में ODI सीरीज जीतने में सफल रहा.

कीवियों ने वनडे में अपनी धरती पर भारत के खिलाफ दबदबा बरकरार रखा है. न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया के खिलाफ अपनी सरजमीं पर 10 में से 6 ODI सीरीज जीती हैं. इस दौरान न्यूजीलैंड में दोनों देशों के बीच खेली गई 2 वनडे सीरीज ड्रॉ रहीं.

भारत ने न्यूजीलैंड में कितने वनडे जीते? 

भारतीय टीम न्यूजीलैंड की सरजमीं पर ODI में अपना वर्चस्व कायम नहीं रख पाई. आंकड़ों पर नजर डालें, तो भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ उसकी धरती पर अब 45 वनडे खेले हैं. इन 45 ODI में टीम इंडिया सिर्फ 14 मैच ही जीत पाई है. न्यूजीलैंड की टीम 26 वनडे जीतने में सफल रही. इस दौरान एक मैच टाई रहा और 4 मुकाबलों का रिजल्ट नहीं निकला.

ये भी पढ़ें: भारत को जिता नहीं पाए, पर 6 रन बनाते ही ईशान किशन ने सूर्या का ये रिकॉर्ड तोड़ डाला 

दिग्गजों से सजी टीम इंडिया से कमाल की उम्मीद

टीम इंडिया में रोहित शर्मा,विराट कोहली, शुभमन गिल, केएल राहुल और श्रेयस अय्यर के रहते भले पलड़ा भारी लग रहा हो. लेकिन, भारत के खिलाफ होने वाली ODI सीरीज में न्यूजीलैंड को मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल है. इस साल जनवरी में भारत में हुई वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को हराया था. कीवियों  ने भारतीय सरजमीं पर खेली गई 3 मैचों की सीरीज को 2-1 से जीता था. तब भी टीम इंडिया में रोहित, विराट, शुभमन, केएल राहुल और श्रेयस अय्यर जैसे सीनियर प्लेयर शामिल थे. अब सीनियर्स से सजी टीम इंडिया से रिकॉर्ड बदलने की उम्मीद है. 

वीडियो: श्रीसंत ने हरभजन सिंह को ओपन चैलेंज कर दिया

Advertisement