The Lallantop

बिना 6 छक्के मारे एक ओवर में डुमिनी ने बना डाले 37 रन

साउथ अफ्रीका में हुआ है ये कारनामा.

Advertisement
post-main-image
जेपी डुमिनी ने 5 छक्के मारकर भी एक ओवर में बना डाले 37 रन.
एक ओवर में ज्यादा से ज्यादा कितने रन बन सकते हैं. 6 बॉल पर छह छक्के पड़ जाएं तो 36. पर अब जरा अपना हिंदुस्तानी दिमाग लगाइये. तुरंत रन 36 से ज्यादा हो जाएंगे. आप एक-आध नो बॉल पड़वा देंगे. एक-आध वाइड बॉल डलवा देंगे. और ऐसा ही हुआ है दक्षिण अफ्रीका में. नहीं, नहीं भारत-दक्षिण अफ्रीका वाली सीरीज में नहीं. ज्यादा खुश ना होइये. ये कारनामा हुआ है दक्षिण अफ्रीका के एक घरेलू एकदिवसीय टूर्नामेंट मोमेंटम वनडे कप में. एक ओवर में 37 रन बने हैं. उसमें भी 6 नहीं, 5 छक्के पड़े हैं. बल्ला चला है जेपी डुमिनी का.
डुमिनी ने एक ओवर में बनाए 37 रन.
डुमिनी ने एक ओवर में बनाए 37 रन.

अब आप सोच रहे होंगे कि 5 छक्के पड़े फिर भी 37 रन कैसे बन गए. एक नो बॉल पड़ गई ना. उस पर भी डुमिनी ने चौका जड़ दिया. अब ज्यादा गणित ना लगाओ. हम ही समझाए दे रहे हैं. डुमिनी खेल रहे थे केप कोबराज़ की तरफ से. मैच था नाइट्स से. नाइट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 239 रन बनाए. जवाब में केप कोबराज़ माने डुमिनी की टीम ने 37 ओवर में ही 245 रन बनाकर मैच जीत लिया. ओर डुमिनी ने ये कारनामा इसी 37वें ओवर में किया. सामने बॉलर थे एडी ली. पहली गेंद पर छक्का. दूसरी पर छक्का. तीसरी पर छक्का, चौथी पर भी छक्का...युवराज सिंह याद आ गया ना....मगर पांचवीं गेंद पर 2 ही रन बने. मतलब 5 गेंद में बन गए 26 रन. फिर हो गया आपके मन वाला काम. नो बॉल. उस पर भी डुमिनी ने चौका जड़ दिया. मिले 5 रन. टोटल हुए 31 रन. फ्री हिट मिल गया. और उस पर डुमिनी ने उड़ा दिया एक और छक्का. बन गए 37 रन. एडी ली का बाजा बज गया. डुमिनी ने इस पारी में 70 रन बनाए. 37 गेंदों में. 7 छक्कों और दो चौकों की मदद से.
रिकॉर्ड हालांकि 39 रन का है
# लिस्ट-ए क्रिकेट में एक ओवर में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड 39 रन का है. जिम्बाब्वे के एल्टन चिगुम्बुरा ने 2013-14 में ढाका में शेख जमाल टीम की तरफ से खेलते हुए एक ओवर में 39 रन बनाये थे. बॉलर थे अबाहानी लिमिटेड के अलाउद्दीन बाबु. उस ओवर में चिगुम्बुरा ने चार छक्के और तीन चौके लगाए थे और साथ ही दो वाइड और एक नो बॉल भी फेंकी गई थी.
गिब्स ने वनडे मैच में जड़े थे 6 छक्के.
गिब्स ने वनडे मैच में जड़े थे 6 छक्के.

# वहीं, वन डे इंटरनैशनल की बात करें तो एक ओवर में सबसे ज्यादा 36 रन बनाने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के ही हर्शल गिब्स के नाम है. उन्होंने 2007 विश्व कप में नीदरलैंड्स के खिलाफ डैन वैन बंज के एक ओवर में लगातार 6 छक्के जड़े थे.
याद हैं ना युवी के वो 6 छक्के.
याद हैं ना युवी के वो 6 छक्के.

# टी 20 इंटरनैशनल में जलवा अपने युवराज सिंह का है. उन्होंने 2007 वर्ल्डकप में इंग्लैंड के गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में लगातार 6 छक्के मारे थे. कौन भूल सकता है उसे. वो एक ओवर में बने 36 रन. गजबै था.


ये भी पढ़ें: 
अंडर19 वर्ल्ड कप में शुभम गिल का ये शॉट विराट कोहली के धांसू शॉट की याद दिला रहा है

नई ओपनिंग जोड़ी, फिर भी भारत ने 10 विकेट से जिंबाब्वे को पटका

61 पर 4 विकेट थे, 64 पर पूरी टीम आउट हो गई

गुस्साए विराट कोहली ने मैच रैफरी के कैबिन में जाकर क्या कहा है?

हार्दिक पांड्या से कहना चाहता हूं- टोपा हो का बे

जयपुर की गलियों से निकला ये जोरदार बॉलर सबको चौंका रहा है

साउथ अफ्रीका में कोहली ने वो किया है, जो अब तक सिर्फ सचिन ने किया था

एबी डीविलियर्स ने एक बार फिर बता दिया कि वो क्यों सबके चहेते हैं!

लल्लनटॉप वीडियो देखें-

Advertisement
Advertisement