India vs New Zealand टेस्ट सीरीज़ के पहले टेस्ट में मिडिल ऑर्डर में कौन बैटिंग करेगा? मिडिल ऑर्डर में भी सबसे खास विराट कोहली की जगह कौन भरेगा ये सवाल हर किसी के ज़हन में है. लेकिन मैच से एक दिन पहले भारतीय टीम की कप्तानी की कमाल संभाल रहे अजिंक्य रहाणे ने इस सवाल का जवाब दे दिया है. अजिंक्य रहाणे ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि मुंबई के बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर न्यूज़ीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में डेब्यू करेंगे. हालांकि रहाणे ने टीम के कॉम्बिनेशन और सूर्यकुमार यादव के डेब्यू पर कुछ नहीं कहा है. मंगलवार को भारतीय सलामी बल्लेबाज़ केएल राहुल की बाईं जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आने के चलते उन्हें पूरी टेस्ट सीरीज़ से बाहर होना पड़ गया है. जिसके बाद BCCI ने सूर्यकुमार यादव को उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर टेस्ट टीम में शामिल किया है. ऐसे में ये सवाल खड़े हो रहे थे कि टीम के प्लेइंग इलेवन में श्रेयस और सूर्या में किस बल्लेबाज़ को मौका दिया जाएगा. अब रहाणे के बयान के बाद यह संशय दूर हो गया है. कप्तान अजिंक्य रहाणे ने मीडिया से बात करते हुए कहा,
'श्रेयस अय्यर कल डेब्यू करेंगे. टीम कॉम्बिनेशन के बारे में अभी कुछ नहीं कह सकते.'
राहुल के टीम में ना रहने से ये लगभग तय है कि शुभमन गिल और मयंक अग्रवाल भारतीय टीम की ओपनिंग की कमान संभालेंगे. रहाणे ने केएल राहुल के टीम के साथ न होने को भारतीय टीम के लिए एक बड़ा झटका बताया. उन्होंने विश्वास जताया कि टीम में खिलाड़ी हैं जो ओपनिंग कर सकते हैं. रहाणे ने कहा,
'उन्होंने (राहुल) इंग्लैंड में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था. वे अच्छी फॉर्म में थे. निश्चित तौर हम उन्हें मिस करेंगे लेकिन हमारे पास लड़के हैं जो उस(ओपनिंग) काम को कर सकते हैं. जिन्होंने पहले भी हमारे लिए अच्छा प्रदर्शन कर के दिया है. इसलिए ओपनिंग को लेकर कोई चिंता नहीं है.'
बता दें कि न्यूज़ीलैंड का ये भारतीय टेस्ट दौरा गुरुवार 25 नवंबर से शुरू हो रहा है. सीरीज़ में दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे जो इस सत्र की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा होंगे. न्यूज़ीलैंड के लिए WTC 21-23 का ये पहला मुक़ाबला होगा. सीरीज़ का दूसरा मैच तीन दिसंबर से सात दिसंबर के बीच खेला जाएगा.