The Lallantop

IPL 2022 के मेगा ऑक्शन में इन 5 युवा खिलाड़ियों पर लगेंगी करोड़ों की बोलियां?

एक खिलाड़ी को तो 10 करोड़ से कम मिलेंगे ही नहीं!

Advertisement
post-main-image
चामा मिलिंद, दर्शन नालकंडे और शाहरुख खान ( लेफ्ट टू राइट) फोटो क्रेडिट : BCCI.tv screengrab and twitter)
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी. भारत का घरेलू T20 टूर्नामेंट. इसे आप मिनी IPL भी कह सकते हैं. ये टूर्नामेंट इतना महत्वपूर्ण है कि इसमें जो खिलाड़ी बढ़िया प्रदर्शन करता है, उस पर IPL ऑक्शन में खूब बोलियां लगती है. यही वजह है कि तमाम IPL फ्रेंचाइजी की भी निगाहें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी पर होती हैं. पूरे टूर्नामेंट के दौरान कई युवा चेहरों ने अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी से बड़े रिकॉर्ड बनाए और अपनी टीम को अकेले दम पर जीत भी दिलाई. बीती 22 नवंबर को तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का फाइनल मैच खेला गया. तमिलनाडु ने रोमांचक मुकाबले में कर्नाटक को हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की. और अब सबकी नजर दिसंबर या जनवरी में होने वाले IPL 2022 मेगा ऑक्शन पर है. इस बार कुल दस फ्रेंचाइजी खरीदारी में हिस्सा लेंगी. तो जानते हैं उन पांच युवा खिलाड़ियों के बारे में जिनपर करोड़ों की बोलियां लग सकती हैं. #Shahrukh Khan लिस्ट में पहला नाम शाहरुख खान का है. शाहरुख खान (Shahrukh Khan) पंजाब किंग्स फ्रेंचाइजी का हिस्सा हैं. उनका फॉर्म देखकर लगता है कि शायद पंजाब किंग्स उन्हें रिटेन कर ले. और अगर पंजाब टीम ऐसा नहीं करती है, तो यकीन मानिए शाहरुख खान पर 10 करोड़ से भी ज्यादा की बोलियां लगेंगी. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में तमिलनाडु को इस खिलाड़ी ने अकेले दम पर जीत दिलाई. मैच के अंतिम ओवरों में शाहरुख ने महज 15 गेंदों में एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 33 रन बनाए और टीम को ट्रॉफी दिला दी. आखिरी गेंद पर तमिलनाडु को जीत के लिए पांच रन की जरूरत थी. और शाहरुख ने छक्का लगाकर मैच जीता दिया. कमाल की इनिंग्स खेली. शाहरुख खान बड़े शॉट्स लगाने के लिए जाने जाते हैं. और किसी भी टीम में फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं. ऐसे में वे आगामी आईपीएल ऑक्शन में सबके चहेते हो सकते हैं. #Darshan Nalkande दर्शन नालकंडे. विदर्भ के युवा तेज गेंदबाज. 23 साल की उम्र में इस खिलाड़ी ने वो मुकाम हासिल किया जो बड़े से बड़े गेंदबाज भी अपने पूरे करियर में हासिल नहीं कर पाते हैं. चार गेंदों में चार विकेट. कर्नाटक के खिलाफ सेमीफाइनल में दर्शन नालकंडे ने ये कारनामा किया था. और ऐसा करने वाले वो सिर्फ दूसरे भारतीय गेंदबाज बने. इससे पहले अभिमन्यु मिथुन भी चार गेंदों में चार विकेट ले चुके हैं. विदर्भ के लिए दर्शन नालकंडे ने 8 मुकाबले खेले. महज 11 के एवरेज से 13 विकेट हासिल किए. दर्शन इस समय पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं. और उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला. और पंजाब शायद ही उन्हें रिटेन करेगा. लिहाजा, बाकी IPL फ्रेंचाइजी की नज़र दर्शन पर जरूर रहेगी. #Chama Milind चामा मिलिंद. हैदराबाद के लिए खेलते हैं. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं और इस बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में इस खिलाड़ी ने शानदार गेंदबाजी की. सिर्फ 7 मैचों में 11 के एवरेज से सबसे ज्यादा 18 विकेट हासिल किए. चामा मिलिंद भारत के लिए 2014 अंडर-19 विश्व कप खेल चुके हैं. और साल 2015 में उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी टीम में शामिल किया था. लेकिन एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था. चामा मिलिंद फॉर्म में हैं. और हो सकता है कि नीलामी में उन पर पैसों की बरसात हो. #Akshay Karnewar अक्षय कर्नेवर. बोलिंग ऑलराउंडर हैं. स्पिन गेंदबाजी करते हैं. अक्षय घरेलू सर्किट में विदर्भ के लिए खेलते हैं. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने बढ़िया प्रदर्शन किया. आठ मैचों में 11 के एवरेज से 13 विकेट चटकाए. अक्षय ने अपनी गेंदबाजी से खूब सुर्खियां बटोरीं. उन्होंने मणिपुर के खिलाफ चार ओवर के स्पेल में कोई रन नहीं दिया. यानी कि चारों मेडन ओवर. और दो विकेट भी झटके. T20 क्रिकेट में इससे पहले किसी भी गेंदबाज ने ऐसा कारनामा नहीं किया है. अक्षय ने अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करवा लिया. अक्षय की खासियत ये है कि वो दोनों हाथों से गेंदबाजी कर विकेट चटका सकते हैं. #Tanmay Agarwal तन्मय अग्रवाल. हैदराबाद के बल्लेबाज हैं. और अनऑर्थोडॉक्स बल्लेबाजी करते हैं. मतलब कि प्रॉपर क्रिकेटिंग शॉट्स नहीं खेलते हैं. और T20 फॉर्मेट में ऐसे ही बल्लेबाजों का तो जलवा है. T20 फॉर्मेट में तन्मय का 130 से ज्यादा का स्ट्राइक रेट है. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में तन्मय अग्रवाल ने लाजवाब बल्लेबाजी की है. वो टूर्नामेंट के लीडिंग रन स्कोरर रहे. सात पारियों में 56 के एवरेज से 334 रन बनाए. और इस दौरान स्ट्राइक रेट 148 का रहा. जोकि शानदार है. मुमकिन है कि मेगा ऑक्शन में तन्मय अग्रवाल पर बड़ी बोली लगे.

Advertisement
Advertisement