अमेरिका की क्रिकेट टीम. आधे इंडियन, कुछ पाकिस्तानी और दुनियाभर के क्रिकेटिंग नेशन के वो क्रिकेटर, जिन्हें अपने देश में निराशा हाथ लगी. ऐसे ही है साउथ अफ्रीका के शैडली वैन स्क्वॉकविक (Shadley van Schalkwyk). साउथ अफ्रीका के लिए 2008 में ही लिस्ट ए में डेब्यू कर लिया था. लेकिन, कभी साउथ अफ्रीकी सीनियर टीम में मौका नहीं मिल सका. 2020 में वो अमेरिका चले गए. यहां उन्होंने अमेरिकी टीम में जगह बनाई. 2024 T20 वर्ल्ड कप उनके लिए बहुत खास नहीं रहा. लेकिन, 2026 T20 वर्ल्ड कप के ओपनर में ही उन्होंने अपना जलवा बिखेर दिया है.
भारत के बैटर्स को बैटिंग भुला दी, Shadley Van Schalkwyk ने क्रिकेट कहां सीखा?
अमेरिका के ऑलराउंडर Shadley van Schalkwyk ने भारत के खिलाफ पावरप्ले के अंतिम ओवर में खतरनाक बॉलिंग की. उन्होंने एक ही ओवर में तीन विकेट झटके. इनमें Ishan Kishan, Tilak Varma और Shivam Dube का विकेट शामिल था.


घर पर हो रहे T20 वर्ल्ड कप में वैसे तो टीम इंडिया फेवरिट उतरी थी. लेकिन, पहले ही मैच में उन्हें अमेरिकी टीम ने बड़ा रियालिटी चेक दे दिया है. इसमें सबसे बड़ा हाथ है ऑलराउंडर शैडली वैन स्क्वॉकविक का, जिन्होंने एक ही ओवर में ईशान किशन (Ishan Kishan), तिलक वर्मा (Tilak Varma) और शिवम दुबे (Shivam Dube) जैसे धुरंधरों को पवेलियन की राह दिखा दी. आइए अब जानते हैं कौन है ये धुरंधर जिसने फेवरिट मानी जा रही टीम इंडिया को पहले ही मैच में इतने तगड़े झटके दिए हैं.
साउथ अफ्रीका से आते हैं शैडलीशैडली मूल रूप से साउथ अफ्रीका के रहने वाले हैं. उन्होंने क्रिकेट का ककहरा उसी स्कूल में पढ़ा है, जहां से दिग्गज ऑलराउंडर जैक्स कैलिस और एलन लैंब निकले हैं. मशहूर विनबर्ग बॉयज हाई स्कूल. क्रिकेट में उन्होंने अपनी पहचान सबसे पहले 2006 में बनाई, जब साउथ अफ्रीकन एकेडमी में वो शामिल हुए. पाकिस्तान में उन्होंने अपनी बैटिंग से सबको प्रभावित कर दिया. उन्हें साउथ अफ्रीका की लिस्ट ए क्रिकेट में डेब्यू करने में ज्यादा समय नहीं लगा. फरवरी 2008 में उन्होंने वेस्टर्न प्रोविंस के लिए डेब्यू कर लिया. 9 महीने बाद उन्होंने अपना जलवा दिखाया. 2009 में वो ईगल्स के लिए प्रो20 सीरीज में हर मैच में खेले. वो चैंपियंस लीग ट्वेंटी20 के पहले संस्करण में भी टीम का हिस्सा थे.
हालांकि, इसके बाद उनका करियर साउथ अफ्रीका में कुछ खास नहीं रहा. एक दशक बाद वो अमेरिका चले गए, जहां मेजर लीग क्रिकेट और CLT20 में उन्होंने अपना नाम बनाया. यहां से वो अमेरिका की नेशनल टीम में शामिल हो गए. 2024 T20 वर्ल्ड कप में भी वो टीम का हिस्सा थे. लेकिन, तब वो कुछ खास नहीं कर सके थे. अब 2026 T20 वर्ल्ड कप के ओपनर में ही उन्होंने कमाल कर दिया है. पहले ही मैच में सामने थी टीम इंडिया.
ये भी पढ़ें : पाकिस्तान की हार तय थी! नीदरलैंड्स की इस गलती ने बचा लिया
भारत के लिए बचा रखा था अपना बेस्टवो टीम, जिसे पहले से ही फेवरिट माना जा रहा है. लेकिन, मौका और दस्तूर दोनों का असली फायदा शैडली ने ही उठाया है. उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट का अपना बेस्ट परफॉर्मेंस इसी मैच के लिए बचा कर रखा था. पारवप्ले में सौरभ नेत्रवाल्कर और मोहसिन खान के साथ उन्होंने साझेदारी में बॉलिंग की. कप्तान मोनांक पटेल उन्हें चौथे ओवर में लेकर आए. पहले ओवर में उन्होंने कसी हुई बॉलिंग की. सिर्फ एक ही चौका उन्होंने ओवर में दिया. इसके बाद वो पावरप्ले के अंतिम ओवर में आए.
मोनांक जानते थे, टीम इंडिया इस ओवर को बड़ा बनाने की जरूर कोशिश करेगी. हुआ भी वैसा ही. पहली बॉल पर तिलक ने ईशान को सिंगल लेकर दिया. दूसरी बॉल पर किशन आगे बढ़कर बड़ा शॉट लगाने निकल गए. शैडली की स्ट्रेंथ उनकी स्लोअर गेंद है. ईशान बॉल को रीड नहीं कर सके. वो सीधा मिड ऑफ पर खड़े मिलिंद के हाथों में बॉल मार बैठे. ये तो सिर्फ शुरुआत थी. ओवर की 5वीं बॉल पर तिलक वर्मा भी ईशान वाली गलती कर बैठे.
स्लोअर शॉर्ट पिच बॉल पर वो पहले ही बल्ला फेंक बैठे. कप्तान मोनांक पटेल ने कोई गलती नहीं की. उन्होंने आसान कैच लपककर उनकी पारी का अंत कर दिया. अभी टीम इंडिया कुछ समझ पाती. इससे पहले, शिवम दुबे भी एक्शन रिप्ले कर बैठे. वो भी स्लोअर को रीड नहीं कर पाए. बल्ला चल चुका था. गेंद बल्ले के टॉप एज पर लगी और इस बार नेत्रवाल्कर ने कैच पकड़कर उनकी पारी का अंत कर दिया. एक ही ओवर में टीम इंडिया का स्कोर 44 पर 1 से 46 पर 4 हो गया.
बची कुची कसर उन्होंने अपने अंतिम ओवर में पूरी कर ली. 19वें ओवर की आखिरी बॉल पर उन्होंने अर्शदीप को अपना शिकार बना लिया. इसी के साथ उन्होंने अपना स्पैल 4 ओवर में 25 रन देकर 4 विकेट के साथ पूरा किया. ये T20I क्रिकेट में उनका बेस्ट बॉलिंग फिगर है. इससे पहले, दोनों वार्मअप मैच में भी वो कुछ खास नहीं कर सके थे. लेकिन, जब मौका था और दस्तूर था तो उन्होंने अपने स्कूल का नाम रोशन करने में कोई कमी नहीं छोड़ी.
वीडियो: T20 World Cup में ऑस्ट्रेलिया के ये तीन दिग्गज खिलाड़ी नजर नहीं आएंगे


















