अमेरिकी मिड-टर्म इलेक्शन में इस बार एक इतिहास रचा गया है. डेमोक्रेटिक पार्टी की डेब हालैंड न्यू मेक्सिको से चुनाव जीत गई हैं. उनका ये चुनाव जीतना ऐतिहासिक घटना इसलिए है क्योंकि वह पहली महिला नेटिव अमेरिकन हैं, जो गवर्नर बनने जा रही हैं. नेटिव अमेरिकन (Native American) अमेरिका के मूल निवासी या आदिवासी लोग होते हैं. ये वे लोग हैं जो यूरोपीय लोगों के आने से हजारों साल पहले उत्तरी अमेरिका महाद्वीप में रहते थे.
अमेरिका को पहली नेटिव अमेरिकन महिला गवर्नर मिलीं, डेमोक्रेट डेब हालैंड ने रचा इतिहास
अमेरिकी मिड टर्म चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की डेब हालैंड ने न्यू मेक्सिको से जीत दर्ज की है. इसके साथ ही वह अमेरिका की पहली नेटिव अमेरिकन महिला गवर्नर बनने जा रही हैं. वह इससे पहले जो बाइडेन प्रशासन में आंतरिक मामलों की मंत्री रह चुकी हैं.

डेब हालैंड का गवर्नर बनना मूल अमेरिकी समुदाय के लिए बड़ी बात है. वोटिंग अधिकार हासिल करने से लेकर इस पद पर पहुंचने तक की ये घटना अमेरिकी मूल निवासियों (Indigenous people) की राजनीतिक यात्रा का एक अहम पड़ाव माना जा रहा है.
इससे पहले नेटिव अमेरिकी पुरुषों ने ये मुकाम हासिल किया है. ओक्लाहोमा स्टेट में अब तक दो मूल अमेरिकी पुरुष गवर्नर रह चुके हैं. इनमें जॉनस्टन मरे और केविन स्टिट शामिल हैं. हालांकि, किसी नेटिव अमेरिकन महिला ने ये पद अब तक हासिल नहीं किया था. डेब हालैंड गवर्नर की कुर्सी पर बैठने वाली पहली नेटिव अमेरिकन महिला हैं.
लागना प्यूब्लो (Laguna Pueblo) जनजाति से ताल्लुक रखने वाली हालैंड ने पहले भी इतिहास रचा है. इससे पहले वह जो बाइडेन प्रशासन में अमेरिका के इतिहास में पहली नेटिव अमेरिकन कैबिनेट सेक्रेटरी बनी थीं. उन्होंने अमेरिका का आंतरिक मामलों का मंत्रालय संभाला था, जो लंबे समय तक अमेरिका के मूल निवासियों के खिलाफ इस्तेमाल किया जाता था. यह मंत्रालय अमेरिका की सरकारी जमीनों, लुप्त हो रही जीव-जंतुओं की प्रजातियों और प्राकृतिक संसाधनों की देखरेख करता है. इसके अलावा, अमेरिका सरकार और वहां के मूल अमेरिकी आदिवासी समुदायों के बीच संबंधों की जिम्मेदारी भी इसी मंत्रालय के पास है.
क्यों अहम है ये जीत?अमेरिका की राजनीति में नेटिव अमेरिकन लोगों की हिस्सेदारी काफी कम है. सदियों से अमेरिका के मूल निवासियों को राजनीतिक और सामाजिक नेतृत्व से बाहर रखा गया था. हालैंड की यह जीत उस समुदाय के लिए एक बहुत बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है. जिस जगह से वो जीती हैं, वो न्यू मेक्सिको ऐसा राज्य है जहां मूल निवासियों की आबादी का बड़ा हिस्सा रहता है. ऐसे में वहां एक आदिवासी महिला का राज्य के सर्वोच्च पद पर पहुंचना बेहद मायने रखता है.
पैगी फ्लानागन ने भी रचा इतिहासहालैंड के अलावा मिनेसोटा की लेफ्टिनेंट गवर्नर पैगी फ्लानागन देश की पहली मूल अमेरिकी महिला सीनेटर बनने जा रही हैं. पैगी फ्लानागन ‘व्हाइट अर्थ बैंड ऑफ ओजिब्वे’ समुदाय से आती हैं.
ये ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने वालों में मैरी पेल्टोला भी शामिल हो सकती हैं. वह यूपिक समुदाय से हैं और अलास्का में सीनेटर डैन सुलिवन को हराने की कोशिश कर रही हैं. हालांकि, अलास्का के चुनाव नतीजे आने में दो हफ्ते तक का समय लग सकता है. पैगी फ्लानागन की जीत का ऐलान होने तक अलास्का में वोटिंग भी खत्म नहीं हुई थी.
वीडियो: ईरान में ट्रंप और नेतन्याहू के खिलाफ कैसी होर्डिंग लगी है?










