हम तो डूबेंगे ही सनम, DRS भी ले डूबेंगे - रोहित शर्मा
DRS को धोनी रिव्यू सिस्टम ठीक ही कहा जाता है. उनके सिवा कोई ठीक फ़ैसला नहीं लेता है.
Advertisement

फोटो - thelallantop
इंडिया और साउथ अफ़्रीका के बीच पहला टेस्ट मैच चल रहा है. इंडियन टीम ने अच्छी बॉलिंग करते हुए बेहतरीन शुरुआत तो की लेकिन बैटिंग में उसे आटे-दाल का भाव मालूम चल रहा है. हुआ ये है कि इंडिया 4 विकेट खो चुका है और अपनी स्कोरबोर्ड पर 100 रन भी नहीं टंगे हैं. पहले दिन इंडिया ने 3 विकेट खोये जिसमें विराट कोहली का नाम भी शामिल था. दुसरे दिन पुजारा और रोहित शर्मा ने धीमी और बहुत धीमी शुरुआत की. एकदम पैसेंजर ट्रेन जैसी धीमी. जबकि साउथ अफ़्रीका के बॉलर बुलेट ट्रेन जैसी गेंदें फेंक रहे थे. रोहित शर्मा आखिरकार रबाडा का शिकार बने. रबाडा की एक अंदर आती गेंद की गति को रोहित भांप नहीं पाए और जब तक बल्ला मिलाते, गेंद उनके पैड्स में जाकर लग चुकी थी. रबाडा ने तुरंत अपील की और अम्पायर ने उंगली उठा दी. रोहित शर्मा की इनिंग्स ख़त्म हो चुकी थी. लेकिन उन्होंने रिव्यू ले लिया. ये रिव्यू इस बात के लालच में लिया गया मालूम दे रहा था कि विकेट रोहित शर्मा का जा रहा था और इसके बाद अश्विन या साहा में से किसी एक को आना था. वरना अगर कोई और सिचुएशन होती तो ये रिव्यू कतई नहीं लिया जाता. गेंद काफ़ी हद तक साफ़ तौर पर मिडल स्टंप पर लगती हुई दिखाई दे रही थी. उसकी इतनी ऊंचाई भी नहीं थी कि वो विकेट्स मिस करती हुई जाती लगती. इनसाइड एज का कोई चांस ही नहीं था वरना रोहित को पुजारा से डिस्कस करने की ज़रूरत ही नहीं होती. लेकिन फिर भी रोहित ने रिव्यू ले लिया और इस तरह से इंडिया ने अपना एक रिव्यू खो दिया.
Advertisement










