एशियन गेम्स 2026 में भारत और बांग्लादेश की महिला क्रिकेट टीमों के बीच दूसरा सेमीफाइनल खेला गया. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला जापान के निशिन स्थिति कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में हुआ. इस मैच में टीम इंडिया की स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) ने इतिहास रच दिया. उन्होंने अपनी 37 रनों की इनिंग्स के दौरान विमेंस T20 इंटरनेशनल में बड़ी उपलब्धि हासिल की. स्मृति यह अचीवमेंट हासिल करने वाली दुनिया की पहली बैटर हैं. इसके अलावा, उन्होंने इसी मैच में विमेंस T20 इंटरनेशनल में 100 छक्के भी पूरे किए.
स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, T20I में ये रिकॉर्ड बनाने वाली दुनिया की पहली बैटर बनीं
Smriti Mandhana विमेंस T20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर बन गई हैं. उन्होंने यह उपलब्धि Asian Games 2026 में बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में हासिल की.

बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनीं. पारी की शुरुआत करने आईं स्मृति ने पहले ओवर में अपने इरादे जाहिर कर दिए. पहला ओवर डाल रहीं बांग्लादेश की मारुफा अख्तर की पांचवीं गेंद पर स्मृति ने चौका जड़ा.
इसके बाद, दूसरे ओवर में स्मृति को ज्यादा स्ट्राइक नहीं मिली. लेकिन, तीसरे ओवर में उन्होंने एक बार फिर मारुफा अख्तर को टारगेट किया. इस ओवर की पांचवीं और छठी गेंद पर उन्होंने लगातार चौके जड़े. इस दौरान जब स्मृति ने ओवर की पांचवीं बॉल पर चौका लगाया, तो उन्होंने विमेंस T20 इंटरनेशनल में खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
इस चौके के जरिए वह विमेंस T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर बन गईं. उन्होंने न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया. इससे पहले महिला T20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सूजी बेट्स के नाम था.
सूजी बेट्स ने 186 T20I मैचों की 178 इनिंग्स में 4758 रन बनाए थे. लेकिन, स्मृति मंधाना उनसे एक कदम आगे निकलीं. उन्होंने अपने 178वें T20I मैच की 171वीं इनिंग्स में सूजी बेट्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया. स्मृति मंधाना अब विमेंस T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर बन गई हैं. विमेंस T20I में स्मृति के नाम 4788 रन दर्ज हैं.
100 छक्कों के क्लब में शामिल हुईं स्मृतिस्मृति ने अपनी पारी के दौरान एक और पर्सनल अचीवमेंट हासिल की. वह विमेंस T20 इंटरनेशनल में 100 छ्क्के लगाने वाली बैटर्स की लिस्ट में शामिल हो गईं. आंकड़ों पर नजर डालें, तो स्मृति विमेंस T20I में 100 छक्के लगाने वाली दुनिया की पांचवीं बैटर हैं. बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने 2 छ्क्के लगाकर 100 छक्के पूरे किए.
वैसे, विमेंस T20I में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन के नाम दर्ज है. सोफी ने 134 छक्के मारे हैं. वेस्टइंडीज की डिएंड्रा डॉटिन भी विमेंस T20I में 134 छक्के लगा चुकी हैं. श्रीलंका की चमारी अटापट्टू ने 120 छक्के लगाए हैं.
इस लिस्ट में अब टीम इंडिया की शेफाली वर्मा भी शामिल हो गई हैं. उन्होंने भी बांग्लादेश के खिलाफ मैच में विमेंस T20I में 100 छ्क्के पूरे किए. इस मुकाबले में शेफाली ने तूफानी बैटिंग करते हुए 9 छक्के जड़े. उन्होंने मैच में 49 बॉल्स पर नॉट 100 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. शेफाली विमेंस T20I में अब तक 104 छक्के जड़ चुकी हैं.
ये भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026 में बेटियों का जलवा, निशानेबाजी में भारत ने जीता पहला मेडल
बांग्लादेश के खिलाफ इस सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय महिला ने 114 रनों से जीत दर्ज की. टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 4 विकेट पर 195 रन बनाए. भारत की टॉप स्कोरर शेफाली वर्मा रहीं. उन्होंने नॉट आउट 100 रन बनाए. बांग्लादेश को मैच जीतने के लिए 196 रनों का टारगेट मिला. लेकिन, भारत की शानदार बॉलिंग के आगे अपोनेंट टीम 81 रनों पर ढेर हो गई. इस जीत के बाद, टीम इंडिया फाइनल में पहुंच गई. अब भारतीय टीम 22 सितंबर को गोल्ड मेडल मैच में श्रीलंका के खिलाफ खेलेगी.
वीडियो: गेस्ट इन द न्यूजरूम: श्रीसंत ने सचिन-सौरव के मजेदार किस्से सुनाए, भज्जी-गंभीर विवाद पर खुलकर बोले










