The Lallantop

ये तीन 'अपराधी' भारत को वर्ल्ड कप नहीं जीतने देंगे!

T20 वर्ल्ड कप की उम्मीदों पर भारी पड़ेगा ये 'अपराध'.

Advertisement
post-main-image
रोहित शर्मा, विराट कोहली (फोटो: फाइल)

रोहित शर्मा, केएल राहुल और विराट कोहली. इंडिया के टॉप-थ्री, जिनके नाम हजारों रन हैं. इनके कुल मैच जोड़ दें तो ये संख्या भी हजारों में पहुंच जाएगी. ये तीनों फॉर्मेट्स में इंडियन टीम शीट पर आने पहले शुरुआती नामों में से एक हैं. इसके साथ इनमें एक और चीज कॉमन है. ये तीनों ही किसी ना किसी मोड़ पर टीम इंडिया की कप्तानी कर चुके हैं. रोहित मौजूदा कप्तान हैं. राहुल को भविष्य का कप्तान बताया जा रहा तो विराट पूर्व कप्तान हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

ये तीनों अवेलेबल रहें तो लिमिटेड ओवर्स में पहले तीन स्लॉट इन्हीं के नाम होते हैं. राहुल और रोहित की जोड़ी ओपनिंग करती है तो विराट वनडे और T20I में वनडाउन खेलते हैं. ये तीनों ही क्रिकेट के बड़े नामों में शामिल हैं. और इनके बारे में किसी को बताने की जरूरत नहीं है. इनके रिकॉर्ड्स खुद ही बोलते हैं. लेकिन इन्हीं रिकॉर्ड्स में एक चीज है, जो वर्ल्ड कप के साल में डराती है.

क्या है ये? चलिए देखते हैं.

Advertisement

# जब ज़ीरो दिया मेरे भारत ने

पूरब और पश्चिम फिल्म में इंदीवर का लिखा ये गाना जब महेंद्र कपूर की आवाज में सुनाई देता है, तो आज भी रोंगटे खड़े हो जाते हैं. कल्याणजी-आनंदजी का म्यूजिक और भारत कुमार की अदाकारी इसे और खास बना देती है. कई मायनों में यह गाना बहुत खास है. लेकिन इसकी शुरुआती लाइन या यूं कहें कि लाइन का दूसरा शब्द मुझे सिर्फ यहीं अच्छा लगता है.

ये कहीं और स्पेशली अगर क्रिकेट में आ जाए तो तौबा-तौबा पूरा मूड खराब हो जाता है. फिर चाहे वो ज़ीरो पर आउट होना हो, या ज़ीरो विकेट मिलना. ये दोनों ही चीजें मुझे नहीं पसंद. और इनके साथ एक और चीज है जिससे मैं किलसता हूं. और वो है डॉट बॉल. यानी ऐसी बॉल जिस पर एक भी रन ना आए. अब डॉट बॉल्स का ज़िक्र आया तो एक बयान याद आता है,

Advertisement

'T20 में खेल रहे बल्लेबाजों के पास इंटेंट होना चाहिए. एक बल्लेबाज के रूप में डॉट बॉल खेलना अपराध है.'

ये बयान था टीम इंडिया के मिडल ऑर्डर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर का. अय्यर जो टीम इंडिया के लिए कभी नंबर तीन तो कभी चार पर खेलते हैं. और अक्सर कहते हैं कि वो T20 फॉर्मेट में ऊपर खेलना चाहते हैं. क्योंकि यहां ज्यादा गेंदें खेलने को मिलती हैं. ऐसे अय्यर ने साल 2019 के बाद से 36 T20I इनिंग्स में कुल 206 डॉट बॉल्स खेली हैं.

और मजे की बात ये है कि अय्यर इस मामले में टॉप-थ्री में नहीं आते. तो यहां कौन आता है? रोहित शर्मा, केएल राहुल और विराट कोहली. एकदम इसी क्रम में. जिस क्रम में मैंने आपको बताया. जी हां, साल 2019 से T20I में रोहित ने 43 पारियों में 345 डॉट बॉल्स खेली हैं. जबकि राहुल ने 31 पारियों में 240 गेंदे खाली छोड़ी हैं.

और कोहली ने 32 पारियों में 225 गेंदों पर कोई रन नहीं बनाया है. अय्यर का नंबर इन तीन दिग्गजों के बाद आता है. हालांकि उनके वर्ल्ड कप में खेलने पर संदेह है. इसलिए इनकी डॉट बॉल्स पर बहुत चिंता करने की जरूरत नथी. लेकिन बाकी तीन दिग्गजों की डॉट बॉल्स निश्चित तौर पर बहुत ज्यादा चिंता डिज़र्व करती हैं.

क्योंकि ये तीनों ही सबसे पहले बैटिंग करने आते हैं. इनके पास सबसे ज्यादा गेंदें होती हैं. और दुनिया इन तीनों से उम्मीद करती है कि ये उन गेंदों का खूब फायदा उठाएं. इनका स्ट्राइक रेट देखेंगे तो आपको ये भरम भी हो सकता है कि ये लोग ऐसा करने में कामयाब हो रहे हैं. लेकिन भरम की यही खासियत है, ये आपको सच से दूर... बहुत दूर ले जाकर खड़ा कर देता है.

जहां आप और आपके भ्रम के अलावा कोई और नहीं होता. तो इस भरम से दूर आकर सच देखते हैं. सच ये है कि ये लोग अक्सर ही बहुत सारी डॉट बॉल्स खेलकर खुद निपट लेते हैं. और मिडल ऑर्डर को प्रेशर सिचुएशन में झोंक देते हैं. हमारे मिडल ऑर्डर का रीसेंट हाल देखेंगे तो आपको तस्वीर एकदम साफ दिखेगी. जाने कितने ही मैच हमने मिडल ऑर्डर या बोलिंग के दम पर जीते हैं.

क्योंकि हमारे टॉप ऑर्डर इन मैच में या तो रन नहीं बनाए और अगर बनाए तो इतनी धीमे-धीमे-धीमे-धीमे बनाए कि बाद वालों के पास खेलने-खाने को बेहद कम गेंदें बचीं. और इन गेंदों में उनपर बहुत से रन बनाने का प्रेशर आया. कुछ दफ़ा उन्होंने इस प्रेशर से पार पाकर भारत को बहुत सारे रन बनाकर दिए. तो कुछ दफ़ा ये उसी प्रेशर का शिकार बन गए.

ऐसे में मेरा, व्यक्तिगत तौर पर मानना है कि अगर हमारा टॉप ऑर्डर इन डॉट बॉल्स की आधी गेंदों में भी सिंगल्स ले ले, तो इस वर्ल्ड कप में हमारे चांसेज बढ़ जाएं. और अगर ऐसा नहीं हुआ तो... सह लेंगे! थोड़ा.

भारत-पाक मैच में जय शाह ने हाथ में तिरंगा क्यों नहीं लिया?

Advertisement