भारत और न्यूजीलैंड (Ind vs NZ 1st ODI) के बीच ऑक्लैंड के ईडन पार्क में पहला ODI मैच जारी है. इस मैच में 39 साल के रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और 38 साल के विराट कोहली (Virat Kohli) ने अपनी फील्डिंग से धमाल मचा दिया. एक तरफ टीम इंडिया के युवा फील्डर्स ने दो कैच टपकाए. डायरेक्ट हिट के दो आसान मौके भी गंवाए. वहीं Ro-Ko की जोड़ी ने चीते जैसी फुर्ती दिखाई. हवा में उड़कर मैच का रुख ही पलट दिया.
रोहित-कोहली ने हवा में उड़कर पलट दिया मैच! यंग्सटर्स जो नहीं कर सके, दोनों दिग्गज कर गए
Ind vs NZ 1st ODI : टीम इंडिया के यंग्सटर्स ने शुरुआत में कैच और रन आउट के आसान मौके गंवाए. वहीं, Rohit Sharma और Virat Kohli ने अपनी जबरदस्त फिटनेस दिखाई. इसी के साथ दोनों ने एक बार फिर 2027 ODI वर्ल्ड कप के लिए अपना कमिटमेंट साबित किया.

दरअसल, न्यूजीलैंड की पारी के शुरुआती ओवर्स में भारतीय फील्डिंग काफी बिखरी हुई थी. दूसरे ही ओवर में श्रेयस अय्यर के पास डायरेक्ट हिट का मौका था. उनका थ्रो स्टंप्स के बेहद करीब से निकल गया. टिम साइफर्ट बाल-बाल बच गए. चौथे ओवर में साइफर्ट को एक और बड़ा जीवनदान मिला. आकिब नबी की चौथी गेंद पर साइफर्ट ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की. गेंद बल्ले के निचले हिस्से से लगकर मिड-विकेट की तरफ हवा में गई. वहां नमन धीर खड़े थे. गेंद एकदम आसान ऊंचाई पर थी. लेकिन नमन ने यह लॉलीपॉप कैच टपका दिया.
गलतियों का सिलसिला यहीं नहीं रुका. 7वें ओवर में भारतीय फील्डर्स ने दो बार मौके गंवाए. अर्शदीप सिंह के ओवर की तीसरी गेंद पर हेनरी निकोल्स ने जोरदार कट मारा. बैकवर्ड पॉइंट पर अक्षर पटेल खड़े थे. उन्होंने अपने बाईं तरफ पूरी लंबाई की डाइव लगाई. गेंद उनके हाथ से छूकर चार रनों के लिए चली गई. यह एक मुश्किल मौका था, पर अक्षर इसे लपक नहीं पाए.
इसके ठीक एक गेंद बाद निकोल्स ने मिड-ऑन की तरफ हल्के हाथ से शॉट खेला. वो एक गैर-जरूरी सिंगल चुराना चाहते थे. वहां तैनात गुरनूर बराड़ तेजी से गेंद पर झपटे. उन्होंने नॉन-स्ट्राइकर एंड पर अंडरआर्म थ्रो मारा, लेकिन निशाना चूक गया. डायरेक्ट हिट लगती, तो निकोल्स का काम तमाम हो चुका होता.
रोहित ने कैसे पलटा मैच का रुख?दो कैच छूटे और दो रन आउट के मौके गए. लग रहा था कि फील्डिंग में टीम इंडिया का दिन ही नहीं है. तभी 22वें ओवर में रोहित शर्मा ने यंग्सटर्स को एग्जांपल सेट करके दिख दिया. अक्षर पटेल अपने स्पेल की पहली गेंद डालने आए. सामने ग्लेन फिलिप्स थे. फिलिप्स ने गेंद को हल्के हाथों से शॉर्ट मिड-विकेट की तरफ टैप किया. वो तुरंत सिंगल के लिए दौड़ पड़े. दूसरे छोर पर खड़े डैरिल मिचेल ने शुरू में थोड़ी हिचकिचाहट दिखाई. बस, यही एक सेकेंड की देरी उन्हें भारी पड़ गई.
शॉर्ट मिड-विकेट पर तैनात रोहित शर्मा गोली की रफ्तार से गेंद पर झपटे. उन्होंने अपने बाईं तरफ हवा में गोता लगाया. एक हाथ से गेंद को रोका. जमीन पर गिरते-गिरते ही उन्होंने बिना वक्त गंवाए थ्रो फेंका. यह सटीक अंडरआर्म थ्रो सीधा विकेटकीपर केएल राहुल के पास गया. राहुल ने तुरंत गिल्लियां बिखेर दीं. मिचेल ने डाइव लगाकर बल्ला क्रीज़ में घसीटने की पूरी कोशिश की.
लेकिन टीवी रिप्ले में साफ हो गया कि वो क्रीज से बाहर रह गए. मिचेल 28 रन बनाकर सेट हो चुके थे. डेरिल मिचेल अभी ICC ODI रैंकिंग में दूसरे नंबर के बैटर हैं. भारत में इसी साल की शुरुआत में हुई ODI सीरीज में वो सबसे खतरनाक साबित हुए थे. रोहित के इस एक एफर्ट ने हवा में से उनका विकेट पैदा कर दिया. इसी के साथ 97 के स्कोर पर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट गई.
ये भी पढ़ें : टीम इंडिया के प्लेइंग XI ने चौंकाया! सिराज-कुलदीप बाहर, 3 यंग्सटर्स उतार दिए
फिर दिखा विराट कोहली का फ्लाइंग अवताररोहित का कमाल अभी फैंस के दिमाग से उतरा भी नहीं था कि विराट कोहली ने महफिल लूट ली. 29वां ओवर चल रहा था. गेंद अंशुल कंबोज के हाथ में थी. तीसरी गेंद उन्होंने एकदम फुल फेंकी. गेंद में ड्राइव करने का पूरा लालच था. नैथन स्मिथ इस जाल में फंस गए और जोर से बल्ला चला दिया. गेंद बल्ले का मोटा बाहरी किनारा लेकर सेकेंड स्लिप के दाईं तरफ गई. गेंद जमीन के बेहद करीब और काफी तेज थी.
वहां विराट कोहली तैनात थे. कोहली ने एकदम सही वक्त पर अपने दाईं तरफ डाइव लगाई. जमीन से महज कुछ इंच ऊपर गेंद को लपक लिया. कैच पकड़ते ही कोहली का सेलिब्रेशन देखने लायक था. वो थोड़ी दूर दौड़े और फिर गेंद अंपायर की तरफ उछाल दी. थर्ड अंपायर ने रिप्ले में देखा. कोहली की उंगलियां साफ तौर पर गेंद के नीचे थीं. नैथन स्मिथ को पवेलियन की राह देखनी पड़ी. हडल में खड़े कोहली पूरे जोश में किसी से मैंने कहा था ना कहते नजर आए.
2027 वर्ल्ड कप के लिए दोनों का मैसेज क्लीयररोहित और विराट के इन एफर्ट्स ने एक बार फिर आलोचकों की बोलती बंद कर दी. अक्सर दोनों की उम्र और 2027 ODI वर्ल्ड कप में उनकी जगह को लेकर सवाल उठते रहते हैं. लेकिन 39 के रोहित और 38 के विराट ने मैदान पर जबरदस्त चुस्ती दिखाई. दोनों दिग्गज पहले ही साफ कर चुके हैं कि 2027 का ODI वर्ल्ड कप उनका आखिरी बड़ा टारगेट है. इसी एक फॉर्मेट पर फोकस करने के लिए दोनों T20I और टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं.
सिर्फ फील्डिंग से ही नहीं, बल्ले से भी दोनों लगातार आग उगल रहे हैं. साल 2026 में खेले 12 ODI मैचों में रोहित 50 से ज्यादा की औसत से रन कूट चुके हैं. जुलाई 2026 में लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ उनकी 138 रनों की पारी ने बता दिया था कि उनमें अभी कितना क्रिकेट बाकी है.
इसके अलावा, वेस्टइंडीज के खिलाफ 101 और 92 रन, अफगानिस्तान के खिलाफ 79 रन और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 121 रनों की पारी उनके जबरदस्त फॉर्म की गवाही दे रही हैं. वहीं, विराट कोहली तो इस साल 69 के औसत से रन बना रहे हैं. ईडन पार्क में रोहित और विराट के इन एफर्ट्स ने साफ कर दिया है कि 2027 की वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाने के लिए ये दोनों दिग्गज किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं.
वीडियो: 2027 ODI वर्ल्ड कप खेलेंगे रोहित शर्मा और विराट कोहली? गंभीर ने बता दिया












