The Lallantop

अनुराग ठाकुर के जवाब में क्या बोल गए रमीज़ राजा?

टीम इंडिया पाकिस्तान जाएगी या नहीं?

Advertisement
post-main-image
Ramiz Raja का मानना है कि भारतीय क्रिकेट टीम को पाकिस्तान आना ही होगा जबकि Anurag Thakur इस मसले पर केंद्र सरकार के फैसले का इंतजार करेंगे (एपी फोटो)
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड बेहद खुश है. लंबे इंतजार के बाद ICC ने उन्हें फिर से अपने एक इवेंट की मेजबानी सौंप दी है. ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की मेजबानी मिलने से PCB चेयरमैन रमीज़ राजा उत्साहित हैं. और साथ ही उन्हें यकीन है कि ICC का इवेंट होने के चलते टीम इंडिया इसमें खेलने से मना भी नहीं कर सकती. राजा ने ना सिर्फ चैंपियंस ट्रॉफी बल्कि 2023 के एशिया कप की भी बात की. राजा ने कहा कि इंटरनेशनल टूर्नामेंट होने के चलते भारत को इसमें भी खेलना ही पड़ेगा. बता दें कि साल 2009 में श्रीलंकाई टीम पर हुए हमले के बाद से दूसरे देश पाकिस्तान जाकर क्रिकेट खेलने से बच रहे हैं. हालांकि हाल के सालों में हालात सुधरे हैं. पाकिस्तान ने बांग्लादेश, श्रीलंका, ज़िम्बाब्वे और साउथ अफ्रीका को सफलापूर्वक होस्ट किया है. हालांकि उन्होंने पिछले कई सालों से कोई भी मल्टी टीम इवेंट नहीं आयोजित किया है. इन मसलों पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान PCB चेयरमैन रमीज़ राजा ने कहा,
'भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलना तो मुश्किल है लेकिन किसी वक्त पर त्रिकोणीय सीरीज खेली जा सकती है. जहां तक इंटरनेशनल टूर्नामेंट्स की बात है, उनसे नाम वापस लेना आसान नहीं है. क्योंकि इस मामले में प्रेशर होता है. और यह सभी चीजें बोर्ड्स के पास भेजी जाती हैं और मुझे नहीं लगता कि ऐसा कुछ होगा. सौरव गांगुली के साथ मेरे कामकाजी रिश्तों के चलते मुझे इस बात का यकीन है. हमने कई मसलों पर बात की है कि हम कैसे वर्ल्ड क्रिकेट को आगे ले जा सकते हैं. यहां सबके लिए फायदा होना चाहिए क्योंकि क्रिकेटर्स के पास ये पोजिशन है और इस बॉन्ड के चलते बात करना आसान है. वैसे यह आसान नहीं है और जब तक राजनैतिक बाधाएं रहेंगी, चीजें आगे नहीं जा पाएंगी.'
बता दें कि रमीज़ के कमेंट्स भारतीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के बयान के बाद आए हैं. ठाकुर ने इस मामले पर कहा था कि भारतीय क्रिकेट टीम के पाकिस्तान जाने पर भारत सरकार और गृह मंत्रालय फैसला लेंगे. ठाकुर का कहना है कि जब सही वक्त आएगा तब सरकार और गृह मंत्रालय इस पर फैसला लेंगे. साथ ही उन्होंने यह भी याद दिलाया कि कई देश सुरक्षा कारणों के चलते पाकिस्तान जाने से मना कर चुके हैं.

Advertisement
Advertisement