The Lallantop

कोच बनते ही राहुल द्रविड़ ने रवि शास्त्री के बारे में क्या कहा?

दादा ने भी द्रविड़ पर कुछ कहा है.

Advertisement
post-main-image
रवि शास्त्री और राहुल द्रविड़ ( फोटो क्रेडिट : PTI)
टीम इंडिया के नए हेड कोच का ऐलान हो गया है. BCCI ने राहुल द्रविड़ को टीम का अगला हेड कोच बनाया है. राहुल द्रविड़ न्यूज़ीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज से कोच पद का भार संभालेंगे.  बता दें कि रवि शास्त्री का कार्यकाल T20I विश्वकप 2021 के बाद खत्म होने जा रहा है. CAC यानि क्रिकेट एडवाइजरी कमिटी की सदस्य सुलक्षणा नायक और आरपी सिंह ने एकमत होकर राहुल द्रविड़ को टीम इंडिया का अगला हेड कोच चुना है. इससे पहले BCCI ने 26 अक्टूबर को हेड कोच की वैकेंसी निकाली थी. कोच बनने के बाद राहुल द्रविड़ ने कहा,
'मेरे लिए टीम इंडिया का हेड कोच बनना सम्मान की बात है. और मैं इस भूमिका के लिए तैयार हूं. रवि शास्त्री के कार्यकाल में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया. और मुझे उम्मीद है कि मैं इस टीम को और आगे लेकर जाऊंगा. टीम इंडिया के ज्यादातर खिलाड़ियों के साथ मैंने नेशनल क्रिकेट अकैडमी, अंडर-19 और इंडिया ए में काम किया है. और मैं जानता हूं कि सभी खिलाड़ियों में पैशन है. और खुद में दिन-ब-दिन इम्प्रूव करने की चाहत है. आगामी दो सालों में कई बड़े इवेंट्स हैं. खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ काम करने को इच्छुक हूं, ताकि हम अपने लक्ष्य को हासिल कर सकें.'
बता दें कि राहुल द्रविड़ NCA यानि नेशनल क्रिकेट अकैडमी के मुखिया थे. उन्हें श्रीलंका दौरे पर पहली बार टीम इंडिया का हेड कोच बनाया गया था. उस वक्त रवि शास्त्री सीनियर टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर थे. हालांकि, श्रीलंका दौरा खत्म होने के बाद खबरें आने लगी थी कि द्रविड़ एनसीए में ही रहना चाहते हैं. और वह टीम इंडिया का कोच नहीं बनना चाहते. बाद में चीजें साफ़ हुई. और अब द्रविड़ टीम के हेड कोच हैं. उधर, BCCI प्रेसिडेंट सौरव गांगुली ने राहुल द्रविड़ का स्वागत किया. गांगुली ने कहा,
‘द्रविड़ का बतौर हेड कोच स्वागत है. राहुल महान खिलाड़ी हैं. उन्होंने नेशनल क्रिकेट अकैडमी में भी भारतीय क्रिकेट की सेवा की है. राहुल ने NCA में कई युवा खिलाड़ियों को तैयार किया है. जो आज इंटरनेशनल स्टेज पर देश के लिए खेल रहे हैं. मुझे उम्मीद है कि द्रविड़ अपने कार्यकाल में भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाई तक ले जाएंगे.’
बता दें कि 17 नवंबर से भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच T20 सीरीज शुरू हो रही है. पहला मुकाबला जयपुर में खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा T20 मैच 19 नवंबर को रांची में और 21 नवंबर को ईडन गार्डन में तीसरा T20 मैच खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच 25 नवंबर से दो मैचों की टेस्ट सीरीज भी खेली जाएगी.

Advertisement
Advertisement