The Lallantop

टीम में कमबैक का इंतज़ार करते-करते इस पाकिस्तानी पर लग गया तीन साल का बैन!

करप्शन के आरोप में इस खिलाड़ी को किया गया बैन.

Advertisement
post-main-image
उमर अकमल. फोटो: Umar Akmal FB
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने क्रिकेटर उमर अकमल पर तीन साल का बैन लगा दिया है. उमर पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे, जिसके बाद उन्हें पाकिस्तान की लीग पीएसएल में भी हिस्सा लेने से रोक दिया गया था. इस मामले में बाद में खुलासा हुआ था कि अकमल पर एक सट्टेबाज़ से मिलने और मैच फिक्स करने के आरोप लगे थे. अकमल पर तीन साल के बैन का फैसला पीसीबी की डिसिप्लेनरी कमेटी के हेड जस्टिस फज़ल चौहान ने लिया है. फज़ल लाहौर हाईकोर्ट के पूर्व जज हैं. कमेटी ने बताया कि अकमल ने पीसीबी के कोड ऑफ कंडक्ट के चार्जिज़ 2.4.4 का उल्लंघन किया है. कब मिली उमर अकमल के बारे में ये जानकारी? अकमल के बारे में ये जानकारी पीएसएल की शुरुआत में मिली थी. अकमल को सीज़न 2020 में क्वेटा ग्लेडिएटर्स के लिए खेलना था. लेकिन इन आरोपों के बाद उन पर पाबंदी लगा दी गई. इस दौरान जांच कमेटी ने उनका मोबाइल भी जब्त कर लिया था. पिछले महीने ही अकमल को PCB की एंटी करप्शन यूनिट ने नोटिस जारी करके उनसे जवाब मांगा था. पाकिस्तानी क्रिकेटर शरज़ील खान के बाद उमर दूसरे जाने-माने क्रिकेटर हैं, जिन पर बैन लगा है. शरजील पर स्पॉट फिक्सिंग के आरोप में साल 2017 में पांच साल का बैन लगा था. पाकिस्तानी क्रिकेटर्स ने की सख्त सज़ा की मांग उमर को लेकर आ रही खबरों के बीच पाकिस्तान के कई पुराने खिलाड़ियों ने कहा था कि पीसीबी को ऐसे मामलों में उदाहरण सेट करना चाहिए. पूर्व पाकिस्तानी बल्लेबाज़ जावेद मियांदाद ने कहा था-
''स्पॉट फिक्सिंग में शामिल खिलाड़ियों को कड़ी सज़ा दी जानी चाहिए. स्पॉट फिक्सिंग करने वालों को फांसी की सज़ा होनी चाहिए, क्योंकि ये किसी की मौत के बराबर है. अगर ऐसा उदाहरण सेट किया जाता है, तो फिर कोई भी खिलाड़ी ऐसा करने के बारे में नहीं सोचेगा.''
मियांदाद के अलावा मोहम्मद हफीज़ ने भी ऐसे खिलाड़ियों पर लाइफ टाइम बैन की मांग की थी, जबकि पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी का भी ऐसा ही मानना है. अफरीदी ने कहा था-
''मुझे लगता है कि ऐसा (फिक्सिंग) करने वाले खिलाड़ियों के खिलाफ ऐसे उदाहरण सेट किए जाने चाहिए. लेकिन अब तक ऐसा नहीं होता है, इसलिए हम ऐसे केस बार-बार सुनते हैं.''
अकमल ने पाकिस्तान के लिए 121 वनडे और 16 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 4000 से ज्यादा रन बनाए हैं.
उस सीरीज की कहानी जब इमरान खान संन्यास लेकर लौटे और वेस्टइंडीज टीम की हालत खराब कर दी 

Advertisement
Advertisement