The Lallantop

ICC ने पाकिस्तान को दिया चैंपियंस ट्रॉफी के रूप में बड़ा तोहफा

इंडिया के हिस्से भी आए कुछ इवेंट्स.

Advertisement
post-main-image
Pakistan Cricket Team लंबे वक्त के बाद अपने घर में ICC इवेंट खेलेगी (एपी फाइल)
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल, बोले तो ICC ने 2024-2031 साइकल के लिए मेंस क्रिकेट के बड़े इवेंट्स के मेजबानों का खुलासा कर दिया है. 11 फुल मेंबर्स और तीन असोसिएट देशों को दो वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप, चार T20 वर्ल्ड कप और दो चैंपियंस ट्रॉफी के आयोजन के अधिकार दिए हैं. पाकिस्तान को 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी सौंपी गई है. जबकि भारत 2026 का T20 वर्ल्ड कप आयोजित करेगा. इसमें श्रीलंका भी हिस्सेदार होगा. साथ में 2029 की चैंपियंस ट्रॉफी भारत अकेले और 2031 का वनडे वर्ल्ड कप बांग्लादेश के साथ मिलकर आयोजित करेगा. बता दें कि भारत को 2023 का वनडे वर्ल्ड कप भी आयोजित करना है. 2023 के बाद होने वाले साल 2024 के T20 वर्ल्ड कप का आयोजन अमेरिका और वेस्ट इंडीज़ मिलकर करेंगे. जबकि पाकिस्तान को 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी होस्ट करनी है. साल 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन साउथ अफ्रीका, ज़िम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर करेंगे. जबकि 2021 के T20 वर्ल्ड कप के फाइनलिस्ट ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड को 2028 का T20 वर्ल्ड कप होस्ट करना है. जबकि 2030 का T20 वर्ल्ड कप इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड मिलकर होस्ट करेंगे. # पाकिस्तान लौटा ICC इवेंट इस पूरे कैलेंडर में सबसे ज्यादा बात 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी की हो रही है. दरअसल यह इवेंट पाकिस्तान के लिए कई मायनों में खास है. साल 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाला पाकिस्तान दो दशक से ज्यादा वक्त के बाद कोई ICC इवेंट होस्ट करेगा. साल 2009 में श्रीलंकाई टीम पर हुए आतंकी हमलों के बाद कई देश पाकिस्तान का टूर करने से मना कर चुके हैं. यहां तक कि हाल ही में न्यूज़ीलैंड की टीम पाकिस्तान तक जाकर भी बिना खेले लौट आई. और इसके तुरंत बाद इंग्लैंड की टीम ने तो पाकिस्तान जाने से ही मना कर दिया. ऐसे में पाकिस्तान को ICC इवेंट होस्ट करने का राइट मिलना निश्चित तौर पर बड़ी बात है. इस बात से बेहद खुश PCB चेयरमैन रमीज़ राजा ने कहा,
'मैं ICC द्वारा पाकिस्तान को अपने एलीट टूर्नामेंट का होस्ट चुनने से बेहद खुश हूं. पाकिस्तान को एक बड़ा इवेंट देकर ICC ने हमारे मैनेजमेंट, क्षमताओं और कौशल पर पूरा भरोसा जताया है. हमने लगातार इस बात को दर्शाया है कि हम कितने महान मेजबान हैं. और हम ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के जरिए इस खेल के लिए अपना पैशन और प्यार दिखाएंगे. यह इवेंट लाखों घरेलू फ़ैन्स के लिए एक वरदान की तरह होगा जिन्हें वर्ल्ड क्लास टीमें और अपने पसंदीदा इंटरनेशनल प्लेयर्स को नज़दीक से देखने का मौका मिलेगा.'
बता दें कि पाकिस्तान ने आखिरी बार 1996 में किसी ICC इवेंट की मेजबानी की थी. इस साल के वनडे वर्ल्ड कप को भारत और पाकिस्तान ने मिलकर होस्ट किया था.

Advertisement
Advertisement