विश्वकप में पाकिस्तानी फैंस से आलोचना झेलने वाले हसन अली ने अब क्या किया?
पाकिस्तान-बांग्लादेश मैच में क्या हुआ?
Advertisement

तस्वीर में पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाड़ी ( फोटो क्रेडिट : PTI)
हसन अली. पाकिस्तान के तेज गेंदबाज. हाल ही में खेले गए T20 विश्वकप 2021 में हसन अली ( Hasan Ali) ने बढ़िया प्रदर्शन किया. लेकिन सेमीफाइनल में एक कैच छोड़ने की वजह से अपने ही मुल्क के लोगों के लिए 'विलेन' बन गए. इसके बाद हसन अली को सोशल मीडिया पर खूब आलोचना झेलनी पड़ी. लेकिन अब पाकिस्तान के इस तेज गेंदबाज़ ने धमाकेदार वापसी की है. हसन अली ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले मैच में तीन विकेट लेकर अपनी टीम को जीत दिलाई. हसन अली ने चार ओवर के स्पेल में 22 रन देकर तीन विकेट झटके. इससे पहले बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. बांग्लादेश ने पावरप्ले के भीतर ही तीन विकेट गंवा दिए. इसके बाद आफ़िफ़ हुसैन के 36 रन और मेहदी हसन के 20 गेंदों में 30 रन की बदौलत बांग्लादेश ने 127 रन बनाए. और मेहमान टीम को 128 रन का टार्गेट दिया. पाकिस्तान की तरफ से हसन अली ने तीन जबकि मोहम्मद वसीम जूनियर ने 24 रन देकर दो विकेट झटके. लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाक टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. पावरप्ले में ही पाकिस्तान ने चार विकेट गंवा दिए. कप्तान बाबर आजम ने 10 गेंदों में सात रन बनाए. उन्हें तस्कीन अहमद ने क्लीन बोल्ड किया. जबकि मोहम्मद रिज़वान ने 11 गेंदों में 11 रन बनाए. और उन्हें मुस्तफिजुर रहमान ने क्लीन बोल्ड किया. युवा बल्लेबाज हैदर अली और अनुभवी बल्लेबाज शोएब मलिक खाता भी नहीं खोल पाए. हालांकि, फ़खर ज़मान और ख़ुशदिल शाह ने 34-34 रन बनाकर टीम को संकट से उबारा. एक वक्त ऐसा भी आया जब पाकिस्तान को जीत के लिए तीन ओवर में 32 रन की दरकार थी. इसके बाद मोहम्मद नवाज और शादाब खान ने देखते-देखते वक्त बदल दिए, हालात बदल दिए. मतलब कि दो ओवर में ही दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 30 रन ठोक डाले. और चार गेंद बाकी रहते ही पाकिस्तान ने चार विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया. शादाब खान ने 10 गेंदों में एक चौका और दो छक्के की मदद से 21 रन बनाए. जबकि मोहम्मद नवाज ने आठ गेंदों में 18 रन की पारी खेली. नवाज ने भी अपनी पारी में एक चौका और दो छक्के लगाए. इस तरह तीन मैचों की T20 सीरीज में पाकिस्तान ने 1-0 की बढ़त हासिल की. साथ ही तीन विकेट झटकने वाले हसन अली को प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया. बताते चलें कि हसन अली के लिए 2021 शानदार रहा है. साल 2021 में अब तक हसन अली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 64 विकेट हासिल किये हैं.
Advertisement











