सोशल मीडिया पर MS Dhoni ट्रेंड कर रहे हैं. और हर कोई एक ही सवाल पूछ रहा है- ‘क्या आज धोनी का आखिरी मैच है.’
'आज धोनी का आखिरी मैच?', CSK की एक पोस्ट ने सोशल मीडिया पर हंगामा मचा दिया है
Rajasthan Royals के खिलाफ मैच से पहले Chennai Super Kings ने फैन्स से खास अपील की है. जिसको लेकर फैन्स तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं.

चेन्नई सुपरकिंग्स (Chennai Super Kings) IPL 2024 में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) का सामना कर रही है. एम ए चिदंबरम इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स ने ऐसा सोशल मीडिया पोस्ट किया है, जिसने CSK फैन्स की धड़कने तेज कर दी है. CSK अपने होमग्राउंड पर इस सीजन का आखिरी लीग मैच खेल रही है. इस मैच से ठीक पहले CSK ने सोशल मीडिया पोस्ट कर लिखा,
“सभी सुपरफैंस से विनती है कि वह मैच के बाद भी स्टेडियम में बने रहे. कुछ खास आने वाला है.”
हालांकि ये पोस्ट किस बारे में हैं, ये अभी तक साफ नहीं हो पाया है. लेकिन इस पोस्ट ने चेन्नई सुपरकिंग्स के फैन्स को अचरज में जरूर डाल दिया है. चूंकि चेपॉक में CSK का यह आखिरी लीग मुकाबला है, ऐसे में फैन्स कयास लगा रहे हैं कि कहीं धोनी आखिरी बार पीली जर्सी में चेन्नई के मैदान ना दिखाई दें. वहीं कुछ फैन ये भी कयास लगा रहे हैं कि टीम मैदान में लैप लगाते हुए भी नजर आ सकती है.
एक यूजर ने लिखा,
“क्या ये धोनी का आखिरी IPL मैच होने वाला है?”
एक और यूजर ने धोनी की फोटो शेयर कर लिखा,
“हम एंडगेम में हैं, गाइज़.”
एक और यूजर ने लिखा,
“क्या तला रिटायर हो रहे हैं? मैं इसके लिए तैयार नहीं हूं.”
एक और यूजर ने लिखा,
“कृपया मेंशन करें कि लैप ऑफ ऑनर्स होने वाला है. हमें हार्टअटैक नहीं दें.”
दरअसल महेंद्र सिंह धोनी के रिटायरमेंट को लेकर पिछले कुछ समय से काफी चर्चा चल रही है. हालांकि ना तो धोनी और ना ही उनकी टीम CSK ने रिटायरमेंट को लेकर कुछ भी बात की है. 42 साल के धोनी इस सीजन काफी अच्छी फॉर्म में भी दिख रहे हैं. 12 मैचों में उनके नाम 68 की औसत से कुल 136 रन्स हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 226.67 का रहा है. लेकिन माही सिर्फ आखिरी के कुछ ओवर्स में बैटिंग करने के लिए मैदान पर आ रहे हैं. जिस वजह से उनको लेकर तमाम तरीके के कयास लग रहे हैं.
वीडियो: कोलकाता से हार के बाद हार्दिक पंड्या किन लोगों पर भड़क गए?











