बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग लड़के और लड़की को कुछ युवकों ने सड़क पर रोक लिया. दोनों को करीब आधे घंटे तक रोके रखने और उन्हें हैरेस करने की घटना सामने आई है. इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया और बाद में इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया.
बिहार के जमुई में कोचिंग से लौट रहे थे नाबालिग लड़का-लड़की, रास्ते में रोककर किया यौन उत्पीड़न
बिहार के जमुई जिले से एक वीडियो सामने आया है. वीडियो में दिख रहा है कि एक लड़का-लड़की बाइक पर सवार हैं और कुछ लोग उन्हें घेरकर खड़े हैं. आरोप है कि भीड़ ने उनके साथ मारपीट की और छात्रा को सेक्शुअली हैरेस किया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने एक्शन लिया है.

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की. पुलिस के मुताबिक, लड़का और लड़की दोनों 10वीं में पढ़ते हैं. राजधानी पटना से जमुई की दूरी करीब 160 किलोमीटर है. घटना का वीडियो बेहद आपत्तिजनक और संवेदनशील है. नाबालिगों की पहचान को ध्यान में रखते हुए हमने वीडियो अटैच नहीं किया है.
क्या है पूरी घटना?आजतक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ये घटना 19 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच का बताया जा रहा है. दोनों नाबालिग जमुई के रहने वाले हैं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कोचिंग के बाद दोनों स्कूटी से मड़वा पहाड़ इलाके में घूमने गए थे. लौटते समय कुछ लोगों ने उन्हें सड़क पर रोक लिया.
आरोप है कि इसके बाद दोनों के साथ मारपीट हुई और नाबालिग छात्रा को सेक्शुअली हैरेस किया गया. इसी दौरान घटना का वीडियो बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने वीडियो और घटना की पुष्टि की है. पुलिस ने दोनों नाबालिगों से बातचीत भी की है.
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में 6 से 7 लोगों के इस मामले में शामिल होने की बात सामने आई थी. अब पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है. पुलिस के मुताबिक, घटना को लेकर उस वक़्त थाने में कोई शिकायत नहीं मिली थी. लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने खुद मामले की जांच शुरू की.
ये भी पढ़ें: बिहार के जमुई में ऐसा क्या हुआ कि फ्लैग मार्च निकालना पड़ा? अभी कैसे हालात हैं?
राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता एजाज अहमद ने घटना को मानवता को शर्मसार करने वाला बताया है. उनका कहना है कि ये घटना दिखाती है कि शासन और प्रशासन पंगु बन चुका है. वहीं जेडीयू प्रवक्ता नवल शर्मा ने कहा कि बिहार में सम्राट चौधरी की सरकार है और यहां मॉब जस्टिस नहीं चल सकता. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने ऐसा किया है, उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी.
बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने भी घटना को शर्मनाक बताया है. उन्होंने कहा कि पुलिस दोषियों की पहचान कर रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी. अब पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है.
वीडियो: बिहार: जमुई की सीमा को लगा 'प्रोस्थेटिक लेग', जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के सहयोग से हुआ संभव









