मिचेल मार्श और हेज़लवुड ने कैसे कर ली युवराज सिंह की बराबरी?
'युवी क्लब' में पहुंचे दो ऑस्ट्रेलियन.
Advertisement

युवराज सिंह, जोश हेजलवुड और मिचेल मार्श ( फोटो क्रेडिट : AFP और AP)
मिचेल मार्श, जोश हेज़लवुड और युवराज सिंह. इन तीनों में एक चीज कॉमन है. तीनों ही खिलाड़ियों ने U-19 विश्वकप, वनडे विश्वकप और T20 विश्वकप जीता है. और ये एक ऐसी अचीवमेंट है, जो बहुत ज्यादा दुर्लभ है. इसके लिए टैलेंटेड और मेहनती खिलाड़ी होने के साथ-साथ लक का भी होना बहुत जरूरी है. ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड के बीच हुए T20 विश्वकप 2021 फाइनल से पहले ये रिकॉर्ड सिर्फ भारत के युवराज सिंह के नाम था. युवराज सिंह ने भारत के लिए साल 2000 में U-19 विश्वकप जीता था. और यहां वह 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' भी रहे थे. इसके बाद भारत के इस दिग्गज ऑलराउंडर ने 2007 T20 विश्वकप और 2011 वनडे विश्वकप जीता.
अब इस फेहरिस्त में ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर मिचेल मार्श और तेज गेंदबाज जोश हेज़लवुड भी शामिल हो गए हैं. साल 2010 में मिचेल मार्श ने ऑस्ट्रेलिया के लिए U-19 विश्वकप खिताब जीता था. और वह टीम के कप्तान भी थे. जोश हेज़लवुड भी उस U-19 टीम का हिस्सा थे. हेज़लवुड ने ऑस्ट्रेलियाई पेस अटैक की अगुवाई की थी और पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबले में 30 रन देकर चार विकेट झटके थे. साथ ही उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' के अवॉर्ड से भी नवाजा गया था.
इसके बाद हेज़लवुड और मिचेल मार्श ने साथ में 2015 वनडे विश्वकप जीता. और अब इन दोनों ने UAE में खेले गए T20 विश्वकप का खिताब भी जीत लिया. फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने न्यूज़ीलैंड को आठ विकेट से मात दी. इस जीत के हीरो मिचेल मार्श और जोश हेज़लवुड रहे. मिचेल मार्श ने 50 गेंदों में 77 रन की पारी खेली. छह चौके और चार छक्के लगाए. जबकि जोश हेज़लवुड ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 16 रन देकर तीन विकेट चटकाए.
इससे पहले टॉस जीतकर आरोन फिंच ने गेंदबाजी करने का फैसला किया था. न्यूज़ीलैंड ने केन विलियमसन के 85 रन की बदौलत 172 रन बनाए. 173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सात गेंद बाकी रहते ही हासिल कर ली. मार्श और हेजलवुड के अलावा डेविड वॉर्नर ने 38 गेंदों में 53 रन की पारी खेलकर जीत में अहम भूमिका निभाई. बता दें कि ये ऑस्ट्रेलिया का पहला T20 विश्वकप खिताब है. इससे पहले साल 2010 के T20 विश्वकप में ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल तक का सफर तय किया था. खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को इंग्लैंड के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा था.
Advertisement









