घंटे भर भी नहीं टिका विलियमसन का ये बड़ा रिकॉर्ड!
मिच मार्श ने गदर ही काट दिया.
Advertisement

T20 World Cup Final में बनाया Kane Williamson का रिकॉर्ड Mitchel Marsh ने उसी मैच में तोड़ डाला (एपी फोटो)
केन विलियमसन. न्यूज़ीलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान. विलियमसन की कप्तानी में लगातार तीसरा ICC फाइनल खेलने उतरी न्यूज़ीलैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया से हार गई. टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए न्यूज़ीलैंड ने 20 ओवर्स में चार विकेट खोकर 172 रन बनाए. जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने सात गेंदें बाकी रहते ही मैच को आठ विकेट से अपने नाम कर लिया. हालांकि इस हार में भी विलियमसन और उनके साथी ट्रेंट बोल्ट ने कुछ रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए. हालांकि ऑस्ट्रेलियन ऑलराउंडर मिचेल मार्श ने मैच खत्म होते-होते विलियमसन का एक रिकॉर्ड तोड़ डाला. चलिए इन रिकॉर्ड्स के बारे में विस्तार से बात करते हैं. इससे पहले न्यूज़ीलैंड की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं हुई. पिछले मैच के हीरो डैरिल मिचेल सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए. और फिर मार्टिन गप्टिल भी 28 रन बनाकर वापस लौट गए. चौथे नंबर पर उतरे ग्लेन फिलिप्स भी 18 रन ही बना पाए. लेकिन इन सबसे अलग कैप्टन केन अलग ही लय में थे. चौथे ओवर में ही बैटिंग करने आए विलियमसन 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हुए. और आउट होने से पहले उन्होंने सिर्फ 48 गेंदों पर 85 रन कूट दिए. इस पारी में उन्होंने 10 चौके और तीन छक्के लगाए. इस दौरान विलियमसन ने सिर्फ 32 गेंदों पर पचासा जड़ दिया. यह किसी भी T20 वर्ल्ड कप फाइनल की सबसे तेज फिफ्टी थी. और उनकी इस फिफ्टी के दम पर न्यूज़ीलैंड ने 172 रन बनाए. लेकिन यह रन भी उन्हें पहली बार T20 वर्ल्ड चैंपियन नहीं बना पाए.
ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ दो विकेट खोकर जीत के लिए जरूरी 173 रन बना लिए. ऑस्ट्रेलिया के लिए डेविड वॉर्नर ने 38 गेंदों पर 53 रन बनाए. जबकि मिचेल मार्श 50 गेंदों पर 77 रन बनाकर नाबादद रहे. अपनी पारी में छह चौके और चार छक्के लगाने वाले मार्श ने सिर्फ 31 गेंदों पर हाफ सेंचुरी पूरी की. और इसके साथ ही उन्होंने विलियमसन का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. हालांकि विलियमसन ने टॉस के साथ ही एक और रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था. टीम अनाउंस होने के साथ ही विलियमसन और उनके साथी ट्रेंट बोल्ट लगातार तीन अलग-अलग फॉर्मेट का ICC फाइनल खेलने वाली पहली जोड़ी बन गए थे. इन दोनों ने 14 जुलाई 2019 को हुए वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूज़ीलैंड के लिए खेला था. और फिर यह दोनों जून 2021 में साउथहैम्पटन में खेले गए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भी खेले थे.
Advertisement










