The Lallantop

रिजवान-इमाम से 4 घंटे तक चली पूछताछ! ड्रेसिंग रूम की जानकारी लीक करने का है आरोप

Eng vs Pak Controversy : पाकिस्तान के पूर्व कप्तान Md Rizwan और Imam ul Haq पर ड्रेसिंग रूम की बातें लीक करने का आरोप है. मामले में उनसे नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने लाहौर में 4 घंटे तक पूछताछ की है.

Advertisement
post-main-image
मो रिजवान और इमाम उल हक से नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने 4 घंटे पूछताछ की. (फोटो-AP)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने ड्रेसिंग रूम की बातें लीक करने के आरोप में मोहम्मद रिजवान और इमाम उल हक के खिलाफ नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) में शिकायत दर्ज कराई है और उनसे पूछताछ की गई।
  • इस कार्रवाई की पृष्ठभूमि में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान टीम का खराब प्रदर्शन और टीम के सात खिलाड़ियों को अनुशासनहीनता के कारण वापस बुलाए जाना शामिल है, जिसमें रिजवान और इमाम भी शामिल थे।
  • पूछताछ और जांच के चलते रिजवान और इमाम को घरेलू क्रिकेट के आगामी प्रेसिडेंट्स कप टूर्नामेंट में खेलने की अनुमति नहीं मिली है और वे NCCIA के सवालों के जवाब अगले सप्ताह तक देने के लिए समय मांग चुके हैं।

पाकिस्तान क्रिकेट की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. इंग्लैंड के ख‍िलाफ चल रही टेस्ट सीरीज के दौरान ड्रेसिंग रूम की बातें लीक करने के मामले में मोहम्मद रिजवान और इमाम उल हक से पूछताछ की गई है. पाकिस्तान की नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) ने लाहौर में इन दोनों से पूछताछ की.

Advertisement

एक न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, PCB की तरफ से श‍िकायत दर्ज कराने के बाद दोनों प्लेयर्स से करीब 4 घंटे पूछताछ की गई. हालांकि, ये अब तक साफ नहीं है कि इन दोनों प्लेयर्स ने किस तरह की जानकारी लीक की थी. NCCIA ने अपनी जांच की जानकारी अभी पब्लिक नहीं की है.

दरअसल, इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच 3 मैचों की टेस्ट सीरीज चल रही है. इस सीरीज के दौरान पकिस्तानी टीम को शुरुआती दोनों मुकाबले में एकतरफा हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद, PCB ने रातोंरात एक्शन लिया और 7 प्लेयर्स को घर वापस बुला लिया. PCB के मुताबिक, ये डिसिप्लिनरी एक्शन था. वापस बुलाए गए प्लेयर्स में रिजवान और इमाम भी शामिल थे. साथ ही दोनों कोच सरफराज अहमद और उमर गुल को भी सैक कर दिया गया.

Advertisement
दोनों के मोबाइल फोन की भी चल रही जांच 

रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान टीम के सिक्योरिटी मैनेजर ने जांच के लिए रिजवान और इमाम के फोन भी NCCIA को सौंप दिए. साथ ही दोनों प्लेयर्स अपने डिवाइस की फोरेंसिक जांच कराने के लिए तैयार हैं. दोनों प्लेयर्स ने NCCIA के सवालों के लिखित जवाब देने के लिए अभी और समय मांगा है. उनमें से एक से कई घंटों तक पूछताछ की गई. वहीं, दूसरे को सौंपे गए सवालों के जवाब देने के लिए अगले हफ्ते तक का समय दिया गया है.

NCCIA ड्रेसिंग-रूम की बातें लीक होने के आरोपों की जांच कर रही है. PCB के एक स्पोक्सपर्सन ने खुद इसकी पुष्टि की है. लेकिन, प्रक्रिया जारी होने का हवाला देते हुए उन्होंने आगे कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. यह मामला इसलिए भी अहम है क्योंकि खबरों के मुताबिक, यह पहली बार है जब PCB ने नेशनल टीम के प्लेयर्स के खिलाफ किसी साइबर एजेंसी में शिकायत दर्ज कराई है. हालांकि, इस घटनाक्रम का एक अनोखा राजनीतिक पहलू भी है. PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी पाकिस्तान के होम मिनिस्टर भी हैं. NCCIA उनके मंत्रालय के तहत काम करती है.  

ये भी पढ़ें : कुलदीप का इंग्लैंड में कहर! काउंटी चैंपियनश‍िप मैच में झटके 10 विकेट

Advertisement

पाकिस्तानी टीम के लिए ये विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब टीम खुद स्ट्रगल कर रही है. इंग्लैंड के ख‍िलाफ उन्हें लीड्स टेस्ट में पारी और 103 रनों से हार का सामना करना पड़ा था. वहीं, लॉर्ड्स में टीम 194 रनों से हार गई थी. PCB ने रातोंरात 7 प्लेयर्स बदल दिए. एजबेस्टन में उम्मीद थी कि टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी. लेकिन, पहली इनिंग्स में टीम 133 रनों पर ही सिमट गई. मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब इंग्लैंड ने 453 रन बना दिए. अब इसके जवाब में खबर लिखे जाने तक पाकिस्तान ने 4 विकेट पर 229 रन बना लिए हैं. हालांकि, अभी भी टीम 91 रनों से पिछड़ रही है.

घरेेेलू क्रिकेट में भी नहीं खेल पाएंगे रिजवान और इमाम 

वहीं, इमाम और रिजवान के लिए मुश्किलें सिर्फ मैदान से बाहर नहीं है. इस विवाद का असर डोमेस्टिक क्रिकेट पर भी पड़ा है. रिजवान और इमाम 12 सितंबर से शुरू होने वाले पाकिस्तान के प्रमुख डोमेस्टिक फर्स्ट क्लास टूर्नामेंट, प्रेसिडेंट्स कप में भी नहीं खेल पाएंगे. PCB ने आधिकारिक तौर पर कहा है कि दोनों प्लेयर्स ने अपनी ड‍िपार्टमेंटल टीमों के लिए जरूरी फिटनेस टेस्ट पूरे नहीं किए थे. लेकिन, बोर्ड के एक सूत्र की मानें तो, उनके खिलाफ चल रही NCCIA जांच भी उनके खेलने की मंजूरी न मिलने की एक वजह है. दोनों प्लेयर्स को एक-एक टीम की कप्तानी करनी थी. लेकिन, जरूरी टेस्ट नहीं देने के कारण दोनों डिपार्टमेंट के पास उनकी कोई वैलिड फिटनेस रिपोर्ट नहीं है. PCB ने हाल ही में फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में भाग लेने वाली टीमों के लिए फिटनेस-टेस्ट रिपोर्ट जमा करना जरूरी कर दिया है.

वीडियो: पाकिस्तान की हार पर PCB चीफ मोहसिन नकवी की बात सुन पाकिस्तानी फैन्स का भड़कना तय है

Advertisement