The Lallantop

NZ के दो मैच विनर T20I सीरीज से बाहर! ऑकलैंड में वैभव को रिप्लेस करेंगे ईशान?

Ind vs NZ T20I Series : ऑकलैंड में होने वाले चौथे T20I से पहले कीवी टीम को दोहरा झटका लगा है. तेज गेंदबाज Lockie Ferguson और Matt Henry चोट के कारण T20 सीरीज से बाहर हो गए हैं. वहीं, टीम इंडिया में Bhuvneshwar Kumar की लय पर सबकी नजरें होंगी.

Advertisement
post-main-image
ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी में से किसी एक को ही चौथे T20I में मौका मिलेगा. (Courtesy : PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I सीरीज में पहले ही तीन मैच जीतकर यह सीरीज अपने नाम कर ली है और चौथा मैच 30 अक्टूबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में होगा जहां सारे टिकट बिक चुके हैं।
  • न्यूजीलैंड के दो तेज गेंदबाज, लॉकी फर्ग्यूसन और मैट हेनरी, चोट के कारण बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं, जिससे कीवी टीम को पेस अटैक में संयोजन बनाने की चुनौती सामने आई है।
  • फर्ग्यूसन और हेनरी की गैरमौजूदगी में न्यूजीलैंड को अपनी प्लेइंग XI में बदलाव करना होगा जबकि टीम इंडिया अपने प्लेइंग XI में ईशान किशन या वैभव सूर्यवंशी के चयन पर विचार कर रही है।

टीम इंडिया ने पहले ही तीन मैच जीतकर न्यूजीलैंड के ख‍िलाफ T20I सीरीज (Ind vs NZ T20I Series) अपने नाम कर ली है. अब 30 अक्टूबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में चौथा मुकाबला खेला जाएगा. इस मैच के सारे टिकट पहले ही बिक चुके हैं. स्टेडियम खचाखच भरा रहेगा. लेकिन इस मुकाबले से ठीक पहले मेजबान न्यूजीलैंड को दो तगड़े झटके लगे हैं. टीम के दो सबसे अहम तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन (Lockie Ferguson) और मैट हेनरी (Matt Henry) सीरीज के बाकी बचे मैचों से बाहर हो गए हैं.

Advertisement
NZ को डबल झटका

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने दोनों की चोट पर अपडेट दिया है. क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे T20I के दौरान फर्ग्यूसन की दाहिनी पिंडली यानी काफ में चोट लग गई थी. वहीं, मैट हेनरी की दाहिनी जांघ यानी क्वाड्रिसेप में खिंचाव है. फर्ग्यूसन को फिट होने में करीब एक हफ्ते का वक्त लगेगा. वहीं, हेनरी को एक से दो हफ्ते लग सकते हैं. फर्ग्यूसन की जगह मैट फिशर को स्क्वॉड में शामिल किया गया है. कीवी टीम को उम्मीद है कि 4 नवंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज तक दोनों स्टार बॉलर फिट हो जाएंगे.

टीम के हेड कोच रॉब वाल्टर ने इस पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि हम लॉकी और मैट के लिए बहुत दुखी हैं. चोटें इंटरनेशनल क्रिकेट का हिस्सा हैं. लेकिन जब आपको इस तरह मैचों से बाहर होना पड़े, तो यह बिल्कुल आसान नहीं होता. वाल्टर ने यह भी साफ किया कि वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत हेनरी को पहले ही आखिरी दो T20I से आराम देने का प्लान था. ताकि वे वनडे सीरीज में पूरा जोर लगा सकें. उधर, फर्ग्यूसन अपने होम ग्राउंड ईडन पार्क में भरे स्टेडियम के सामने खेलने को बेताब थे. लेकिन अब वे सीधे 50 ओवर की सीरीज में ही वापसी करेंगे.

Advertisement
कीवी बॉलर्स की हालत पहले से खराब

वैसे इस सीरीज में कीवी बॉलर्स की हालत इंडियन बैटर्स ने पहले ही खराब कर रखी है. भारत ने तीनों मैचों में चेज करते हुए जीत दर्ज की है. पहले मैच में 226, दूसरे में 181 और तीसरे में 199 रनों का टारगेट बड़े आराम से हासिल कर लिया. पहले मैच में संजू सैमसन ने 33 गेंदों में 67 रन कूट दिए. दूसरे मैच में तिलक वर्मा ने 26 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाकर मैच जिताया. तीसरे मैच में तो अभिषेक शर्मा ने गदर ही काट दिया. उन्होंने महज 38 गेंदों पर 113 रनों की तूफानी पारी खेली. हालत ये रही कि 199 का टारगेट भारत ने सिर्फ 13.2 ओवर में चेज कर लिया.

ये भी पढ़ें : मेसी के 91 गोल पर भारी पड़ा रोनाल्डो का ये सीजन, 'बैलोन डी'ओर ऑफ ऑल टाइम' में मारी बाजी!

इस मुकाबले में भी ये दोनों बॉलर्स नहीं खेले थे. हालांकि, जिन मुकाबलों में ये खेले उनमें भी ये महंगे रहे थे. पहले मैच में हेनरी ने 3.4 ओवर में 57 रन लुटा दिए थे. वहीं, फर्ग्यूसन ने पहले मैच में 34 और दूसरे में 37 रन दिए थे. न्यूजीलैंड के लिए बस एक ही अच्छी खबर रही. दूसरे मैच में कप्तान मिशेल सेंटनर ने 21 रन देकर 4 विकेट निकाले थे. 

Advertisement

अब फर्ग्यूसन और हेनरी के बिना न्यूजीलैंड को अपनी प्लेइंग XI का बैलेंस बनाना होगा. उनके पास पेस अटैक में एडम मिल्ने, जैकब डफी, जैक फॉल्क्स, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर और मैट फिशर के विकल्प मौजूद हैं. वहीं, लंबे कद के गेंदबाज काइल जैमीसन फिलहाल वेलिंगटन में ही रुकेंगे. वे कैंटरबरी के लिए फोर्ड ट्रॉफी का मैच खेलेंगे. फिर सीधे ODI सीरीज के लिए टीम से जुड़ेंगे.

भुवी की फॉर्म भी चिंताजनक

उधर सीरीज सील कर चुकी टीम इंडिया के खेमे में भी सब कुछ परफेक्ट नहीं है. सबसे बड़ी चिंता सीनियर पेसर भुवनेश्वर कुमार की फॉर्म है. भुवी इस पूरी सीरीज में अपनी लय यानी रिदम के लिए तरसते दिखे हैं. आंकड़े खुद कहानी बयां कर रहे हैं. इस सीरीज से पहले भुवनेश्वर का करियर इकॉनमी रेट करीब 7 का था. लेकिन कीवी बैटर्स ने उन्हें जमकर निशाना बनाया है. सीरीज के शुरुआती 3 मैचों में ही भुवी 139 रन लुटा चुके हैं.

इससे उनका ओवरऑल करियर इकॉनमी रेट बढ़कर 7.58 पर पहुंच गया है. सबसे बड़ी टेंशन की बात यह है कि इन तीन मैचों में उनके खाते में सिर्फ 1 विकेट आया है. ईडन पार्क के छोटे मैदान पर भुवी के लिए अपनी पुरानी स्विंग और रिदम तलाशना बेहद जरूरी हो गया है.

ईशान या वैभव किसे मिलेगा मौका?

इसके अलावा, टीम इंडिया की प्लेइंग XI में सबसे बड़ा सवाल 'ईशान किशन बनाम वैभव सूर्यवंशी' होगा. ईशान किशन चोट की वजह से पिछले दो मैचों से बाहर थे. उनकी गैरमौजूदगी में वैभव सूर्यवंशी को मौका मिला. वैभव ने पिछले मैच में महज 19 गेंदों पर 45 रनों की तूफानी पारी खेलकर खूब इंप्रेस किया. अब अगर ईशान किशन चोट से उबरकर फिट होते हैं, तो टीम मैनेजमेंट के सामने धर्मसंकट होगा.

सवाल सीधा है. क्या अनुभव को तरजीह देते हुए ईशान की सीधे प्लेइंग XI में वापसी होगी? या फिर पिछले मैच में ताबड़तोड़ बैटिंग करने वाले वैभव सूर्यवंशी पर ही भरोसा कायम रखा जाएगा. चूंकि भारत सीरीज जीत चुका है, ऐसे में वैभव को एक और मौका मिलने के पूरे आसार नजर आ रहे हैं.

वीडियो: मिचेल सैंटनर को भुवनेश्वर कुमार से डर, बोले- ‘कीवी बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती’

Advertisement