The Lallantop

मेसी के 91 गोल पर भारी पड़ा रोनाल्डो का ये सीजन, 'बैलोन डी'ओर ऑफ ऑल टाइम' में मारी बाजी!

Ballon D'or of All Time : बैलोन डी'ओर की 70वीं वर्षगांठ पर हुए BOAT फैन वोट में Cristiano Ronaldo ने Lionel Messi को पछाड़ दिया है. फैंस ने Manchester United के साथ रोनाल्डो के 2008 के सीजन को नंबर वन चुना. वहीं, 91 गोल करने वाले मेसी का 2012 का सीजन दूसरे स्थान पर रहा.

Advertisement
post-main-image
लियोनल मेसी को पछाड़कर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने बैलन डी'ओर ऑफ ऑल टाइम में बाजी मार ली. (Courtesy :AP/AFP)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • क्रिस्टियानो रोनाल्डो का 2008 का मैनचेस्टर यूनाइटेड के साथ सीजन B.O.A.T. फैन वोट में टॉप पर रहा, जिसमें उन्होंने 42 गोल दागे और प्रमुख खिताब जीते।
  • B.O.A.T. वोटिंग बैलोन डी'ओर की 70वीं सालगिरह के अवसर पर उन खिलाड़ियों के सर्वश्रेष्ठ सीजन चयन के लिए शुरू की गई थी, जिसमें दो बार से अधिक खिताब जीतने वाले शामिल थे।
  • इस वोटिंग परिणाम में रोनाल्डो का 2008 सीजन पहले स्थान पर रहने के कारण उनके करियर की लोकप्रियता बनी रहती है, जबकि भविष्य में ऐसी समान वोटिंग हो सकती है।

क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) ने एक बार फिर भौकाल काटा है. उन्होंने बैलोन डी'ओर ऑफ ऑल टाइम यानी B.O.A.T. फैन वोट में लियोनल मेसी (Lionel Messi) को पीछे छोड़ दिया है. फैंस ने इस वोटिंग में रोनाल्डो के एक खास सीजन को सबसे ऊपर रखा है. मैनचेस्टर यूनाइटेड (Manchester United) के साथ रोनाल्डो का 2008 वाला सीजन सबको याद है. फैंस ने इसे मेसी के 2012 के रिकॉर्ड तोड़ने वाले सीजन से भी बेहतर माना है.

Advertisement

इंग्लैंड में वो सीजन रोनाल्डो के लिए बड़ा यादगार रहा था. इसी के दम पर वो इस लिस्ट में पहले नंबर पर आए हैं. उस सीजन में रोनाल्डो ने सभी टूर्नामेंट मिलाकर कुल 42 गोल दागे थे. उनके इसी कमाल की बदौलत मैनचेस्टर यूनाइटेड ने प्रीमियर लीग जीती. साथ ही चैंपियंस लीग का खिताब भी अपने नाम किया. इस वोटिंग में मेसी का 2012 वाला सीजन दूसरे नंबर पर रहा. वहीं, रोनाल्डो का ही 2017 का सीजन तीसरे पायदान पर आया.

इस पूरी लिस्ट में इन दोनों दिग्गजों का ही दबदबा रहा. टॉप के पूरे 10 स्थानों पर इन्हीं दोनों ने कब्जा जमाया. लिस्ट में रोनाल्डो के पांच सीजन शामिल हैं. ये हैं 2008, 2017, 2016, 2014 और 2013 के सीजन. बाकी के पांच स्थानों पर मेसी के सीजन रहे. इसमें उनके 2012, 2023, 2015, 2011 और 2009 के सीजन शामिल हैं.

Advertisement
मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए रहा था ऐतिहासिक सीजन

2008 में रोनाल्डो ने अपना पहला बैलोन डी'ओर जीता था. यह सीजन उनके करियर के सबसे अहम पड़ावों में से एक है. पुर्तगाल के इस धाकड़ फॉरवर्ड ने तब अकेले प्रीमियर लीग में 31 गोल ठोके थे. उन्होंने शान से 'गोल्डन बूट' जीता. वहीं, मैनचेस्टर यूनाइटेड ने लीग की ट्रॉफी उठाई.

इतना ही नहीं, यूनाइटेड को चैंपियंस लीग जिताने में भी उनका बड़ा रोल रहा. मॉस्को में चेल्सी के खिलाफ फाइनल मैच था. रोनाल्डो ने उस फाइनल में भी गोल दागा. बाद में यूनाइटेड ने पेनल्टी शूटआउट जीता और ट्रॉफी अपने नाम की. इसी जबरदस्त खेल के दम पर रोनाल्डो को 2008 में पहला बैलोन डी'ओर मिला. आगे चलकर उन्होंने कुल पांच बैलोन डी'ओर जीते. 2008 का वो साल इसी सुनहरे सफर की शुरुआत था. इसके बाद उन्होंने 2013, 2014, 2016 और 2017 में भी यह खिताब अपने नाम किया.

दूसरी तरफ, मेसी का 2012 का सीजन भी बहुत तगड़ा दावेदार था. बार्सिलोना के लिए खेलते हुए मेसी ने उस साल गजब ही कर दिया था. उन्होंने एक कैलेंडर वर्ष में अपने क्लब और देश के लिए कुल 91 गोल दागे थे. यह आज भी फुटबॉल इतिहास की सबसे बेहतरीन व्यक्तिगत उपलब्धियों में से एक है. फिर भी B.O.A.T. वोटिंग में वो दूसरे नंबर पर रहे. मेसी ने रिकॉर्ड आठ बार बैलोन डी'ओर जीता है. लेकिन इस पोल में उन्हें रोनाल्डो से कम वोट मिले.

Advertisement

ये भी पढ़ें : 'खेलूंगा भी वैसे ही...' वैभव ने भाग मिल्खा भाग का डायलॉग मारकर इसे सच कर दिखाया!

B.O.A.T. टॉप 10 रैंकिंग

इस फाइनल लिस्ट में सिर्फ रोनाल्डो और मेसी का ही नाम है. बाकी सभी आठ नामी दिग्गज खिलाड़ी टॉप 10 से बाहर हो गए. पूरी लिस्ट कुछ ऐसी है:

1. क्रिस्टियानो रोनाल्डो – 2008
2. लियोनल मेसी – 2012
3. क्रिस्टियानो रोनाल्डो – 2017
4. लियोनल मेसी – 2023
5. क्रिस्टियानो रोनाल्डो – 2016
6. क्रिस्टियानो रोनाल्डो – 2014
7. लियोनल मेसी – 2015
8. क्रिस्टियानो रोनाल्डो – 2013
9. लियोनल मेसी – 2011
10. लियोनल मेसी – 2009

B.O.A.T. पुरस्कार आखिर है क्या?

दरअसल, बैलोन डी'ओर अपनी 70वीं सालगिरह मना रहा था. इसी जश्न के हिस्से के रूप में B.O.A.T. पहल की शुरुआत हुई. इसमें उन 10 खिलाड़ियों को चुना गया, जिन्होंने कम से कम दो बार बैलोन डी'ओर जीता है. फिर फैंस को वोटिंग के लिए बुलाया गया. फैंस को इन खिलाड़ियों के सबसे बेहतरीन बैलोन डी'ओर विनिंग सीजन को चुनना था.

इस शॉर्टलिस्ट में फुटबॉल की दुनिया के बड़े-बड़े दिग्गज शामिल थे. जैसे योहान क्रोएफ, मिशेल प्लातिनी और मार्को वैन बास्टेन. इनके अलावा फ्रांज बेकेनबॉयर, अल्फ्रेडो डि स्टेफानो, केविन कीगन, कार्ल-हेंज रुम्मेनिग्गे और रोनाल्डो नाजारियो का नाम भी लिस्ट में था.

लेकिन यहां एक बहुत जरूरी फर्क समझना होगा. फैंस किसी खिलाड़ी के पूरे करियर के आधार पर सबसे महान फुटबॉलर यानी GOAT नहीं चुन रहे थे. वे बस अलग-अलग सीजन के प्रदर्शन के लिए वोट कर रहे थे. इसलिए, रोनाल्डो की इस जीत का एक सीधा सा मतलब है. फैंस को इस पोल में उनका 2008 वाला सीजन सबसे ज्यादा पसंद आया. इसे इस लंबी बहस का कोई आधिकारिक फैसला नहीं माना जा सकता कि रोनाल्डो और मेसी में से अब तक का सबसे महान खिलाड़ी कौन है. 

वीडियो: Lionel Messi की इंटरनेशनल फुटबॉल से विदाई, Farewell Match में क्या-क्या हुआ?

Advertisement