जय शाह ICC चेयरमैन बनने वाले हैं. रिपोर्ट्स का दावा है कि उनका ICC में जाना लगभग तय है. लेकिन ऐसा हुआ तो BCCI में उनकी जगह कौन लेगा, इस पर अभी स्पष्टता नहीं है. PTI के मुताबिक, जय शाह के पास 16 में से 15 मेंबर्स का सपोर्ट है. लेकिन उन्हें जल्दी ही इस बारे में फैसला लेना होगा.
जय शाह ICC गए तो यहां उनकी जगह कौन लेगा, BCCI वालों का क्या प्लान है?
Jay Shah ICC जाने वाले हैं. अगर ये रिपोर्ट्स सच हो गईं, तो BCCI का अगला सेक्रेटरी कौन होगा? सवाल बड़ा है, लेकिन इसका जवाब क्या हो सकता है? चलिए कुछ संभावित नामों के बारे में जान लेते हैं.


बता दें कि BCCI सेक्रेटरी के रूप में जय शाह के कार्यकाल में अभी साल भर का वक्त बाक़ी है. जबकि ICC के चेयरमैन पोस्ट के लिए नॉमिनेशन फ़ाइल करने की आखिरी तारीख 27 अगस्त है. चुना गया चेयरमैन 1 दिसंबर से अपना कार्यकाल शुरू करेगा.
शाह का BCCI टर्म अक्टूबर 2025 में खत्म होगा. और इसके बाद उन्हें तीन साल के कूलिंग ऑफ़ पीरियड से गुजरना होगा. लेकिन अभी का बड़ा सवाल ये है कि BCCI में जय की जगह कौन लेगा. इस दिशा में अभी तक कोई विचार नहीं हुआ है.
यह भी पढ़ें: शिखर की रिटायरमेंट पर क्या बोल गए गंभीर-सहवाग?
PTI ने एक रिपोर्ट में संभावित उम्मीदवारों का भी ज़िक्र किया है. इनकी मानें तो इस लिस्ट में राजीव शुक्ला, आशीष शेलार, अरुण धूमल जैसे दिग्गजों का नाम हो सकता है. शुक्ला लंबे वक्त से BCCI में बने हुए हैं. शुक्ला कांग्रेस के राज्यसभा सांसद हैं. साथ ही वह BCCI के वाइस-प्रेसिडेंट हैं. और अगर उन्हें यह ऑफ़र मिलता है, तो कम ही चांस है कि शुक्ला इससे मना करेंगे.
शेलार मौजूदा सेटअप में BCCI के ट्रेज़रार हैं. महाराष्ट्र बीजेपी के सीनियर लीडर शेलार मुंबई क्रिकेट असोसिएशन में एक बड़ा नाम हैं. लेकिन शेलार राजनीति में भी खूब एक्टिव हैं. और सेक्रेटरी की जॉब के लिए उन्हें पूरा वक्त इधर देना होगा. जबकि बात धूमल की करें तो वह लंबे वक्त से BCCI से जुड़े हैं. अभी धूमल IPL चेयरमैन हैं. वह पहले BCCI के ट्रेजरार भी रह चुके हैं. ऐसे में उन्हें भी आजमाया जा सकता है. धूमल पूर्व BCCI प्रेसिडेंट और बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर के भाई हैं.
इनके अलावा PTI ने जॉइंट सेक्रेटरी देवजीत सैकिया का भी ज़िक्र किया. इनके साथ युवाओं में DDCA प्रेसिडेंट रोहन जेटली, क्रिकेट असोसिएशन ऑफ़ बंगाल के पूर्व प्रेसिडेंट अभिषेक डालमिया का ज़िक्र भी आता है. रोहन पूर्व बीजेपी नेता स्वर्गीय अरुण जेटली के पुत्र हैं. जबकि अभिषेक के पिता स्वर्गीय जगमोहन डालमिया से कौन वाकिफ़ नहीं है. PTI से बात करते हुए एक पूर्व सेक्रेटरी ने इस पोस्ट पर किसी एकदम ही नए व्यक्ति के आने से भी इनकार नहीं किया. इन्होंने कहा,
'जाहिर तौर पर, ये हो सकता है क्योंकि इस बारे में कोई कड़े नियम नहीं हैं. लेकिन अगर आप BCCI का पावर स्ट्रक्चर देखेंगे तो प्रेसिडेंट, सेक्रेटरी और ट्रेज़रार तीन अहम पोस्ट्स हैं. नॉर्मली ऐसा नहीं होता कि कोई बाहर से आया बंदा सीधे सिस्टम में बैठे लोगों को बाइपास कर जाए. लेकिन सबसे पहले तो ये देखना होगा कि क्या जय शाह ICC जाना चाहते हैं? अगर वो अभी नहीं जाते, तो बाद में भी तो जा ही सकते हैं.'
जय शाह ICC जाएंगे या नहीं, इसका पता कुछ ही दिनों में लगा जाएगा. और अगर वह जाते हैं, तो BCCI में उनकी जगह कौन लेगा, ये देखना बहुत इंस्ट्रेस्टिंग होने वाला है.
वीडियो: Shikhar Dhawan Lallantop Interview: शिखर धवन ने क्रिकेट से संन्यास लिया, अपनी पसंदीदा पारी भी बताई






















