टीम इंडिया के स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह फाइनली फिट हो गए हैं. वो अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली T20I सीरीज और एशियन गेम्स के लिए उपलब्ध रहेंगे. वहीं, पेसर हर्षित राणा नई चोट के कारण दोनों ही टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. हर्षित को लेकर पहले ये उम्मीद जताई जा रही थी कि वो समय रहते फिट हो जाएंगे. लेकिन, ताजा जानकारी के अनुसार, उन्हें दोबारा चोट लग गई है.
बुमराह फिट, हर्षित राणा अफगानिस्तान के साथ-साथ एशियन गेम्स की टीम से भी बाहर
Ind vs Afg T20I Series : टीम इंडिया के पेसर जसप्रीत बुमराह फिट हो गए हैं. वो अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से शुरू होने वाली T20I सीरीज में खेलते नज़र आएंगे. वो एशियन गेम्स 2026 के लिए भी उपलब्ध रहेंगे. वहीं, Harshit Rana दोबारा चोटिल होने के कारण दोनों ही टीम का अब हिस्सा नहीं हैं.

दरअसल, BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब के दौरान राणा दोबारा चोटिल हो गए हैं. 7 सितंबर को मैच सिमुलेशन के दौरान बॉलिंग करते हुए उन्हें रेक्टस फेमोरिस में खिंचाव आ गया. इसके कारण, अब उन्हें दोनों स्क्वाॅड से बाहर कर दिया गया है. उनकी जगह विदर्भ के पेसर यश ठाकुर को टीम में शामिल किया गया है. BCCI के बयान में कहा गया,
मेंस सेलेक्शन कमिटी ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज और 2026 एशियन गेम्स के लिए टीम इंडिया में हर्षित राणा की जगह यश ठाकुर को शामिल किया है.
27 साल के यश ठाकुर विदर्भ के पेसर हैं. उन्होंने जुलाई में भारत के जिम्बाब्वे दौरे पर T20I डेब्यू किया था. इस दौरान उन्होंने दो मैच खेले और चार विकेट झटके. ठाकुर ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी खूब प्रभावित किया. उन्होंने 50 मैचों में 7.04 के इकॉनमी रेट से 81 विकेट लिए हैं.
ये भी पढ़ें : 7 बड़े बदलाव, फिर भी वही हाल! एजबेस्टन में ताश के पत्तों की तरह ढही पाकिस्तानी टीम
वहीं, बुमराह फिट घोषित कर दिए गए हैं. वो अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से होने वाली 3 मैचों की T20I सीरीज में खेलते दिखेंगे. 28 सितंबर से होने वाले एशियन गेम्स में भी वो टीम का हिस्सा होंगे. दरअसल, बुमराह इंग्लैंड दौरे पर चोटिल हो गए थे. उसके बाद से वो इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेले हैं. श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उनकी वापसी की उम्मीद थी. लेकिन, तब तक वो फिट नहीं हो सके. अब उनकी वापस से टीम को काफी बड़ा बूस्ट मिलेगा. वो टीम में अर्शदीप और ठाकुर के साथ पेस अटैक को लीड करते दिखेंगे. इस मुकाबले के लिए श्रेयस अय्यर को कप्तान और तिलक वर्मा को वाइस कैप्टन बनाया गया है.
अफगानिस्तान T20I सीरीज के लिए टीम : श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रित बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर.
2026 एशियन गेम्स के लिए टीम : श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर.
वीडियो: श्रीलंका सीरीज से पहले टीम इंडिया से बाहर हुए बुमराह, चोट बनी कारण












