The Lallantop

जैकब बेथल: इंग्लैंड का नया 'बाहुबली' जिसके आउट होने की दुआ पूरे भारत ने मांगी!

20 साल के जैकब बेथल ने अपना दूसरा इंटरनेशनल मैच खेलते हुए ही सभी को अपनी काबिलियत के बारे में बता दिया था. दुनिया के टॉप व्हाइट-बॉल गेंदबाजों में से एक एडम जैम्पा के एक ओवर में उन्होंने 20 रन मारे थे.

Advertisement
post-main-image
भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में जैकब ने 48 गेंदों पर 105 रन बनाए. (फोटो- AP)

भारत ने इंग्लैंड को हराकर T20 World Cup 2026 के फाइनल में क्वालीफाई कर लिया है. आखिरी ओवर तक चले इस थ्रिलर मैच में भारत और फाइनल के बीच जैकब बेथल (Jacob Graham Bethell) खड़े रहे. पूरा भारत इस बैटर के विकेट गिरने की उम्मीद कर रहा था. जो आखिरी ओवर में हुआ. लेकिन 22 साल के बेथल ने तब तक 105 रन बना दिए. और दुनिया को अपना नाम गूगल करने के लिए मजबूर कर दिया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
दूसरे मैच में ही टैलेंट दिखा दिया था

इंग्लैंड के बैटर जैकब बेथल के लिए ऐसा क्रिकेट खेलना नया नहीं है. कार्डिफ के मैदान में 20 साल के जैकब ने अपना दूसरा इंटरनेशनल मैच खेलते हुए ही सभी को अपनी काबिलियत का दर्शन करा दिया था. दुनिया के टॉप व्हाइट-बॉल गेंदबाजों में से एक एडम जैम्पा के एक ओवर में उन्होंने 20 रन मारे थे. लियाम लिविंगस्टोन के साथ जैकब ने 47 गेंदों में 90 रन की साझेदारी की और 194 रनों के टारगेट को चेज कर लिया.

इस पारी ने उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट में पहचान दिलाई. इसके बाद कैरेबियन टूर पर उन्होंने तीन नॉट आउट फिफ्टी लगाई. इसके बाद न्यूजीलैंड में टेस्ट टीम में मौका मिला. वहां उन्होंने तीनों टेस्ट में पचासे ठोके.

Advertisement
कप्तानी भी दी गई

2025 में भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा. लेकिन सितंबर में आयरलैंड के खिलाफ T20I टूर के लिए उन्हें कप्तान बना दिया गया. 21 साल और 329 दिनों की उम्र में वो इंग्लैंड के इतिहास में सबसे युवा कप्तान बने.

लेकिन जैकब की कहानी इंग्लैंड से हजारों किलोमीटर दूर वेस्टइंडीज के बारबाडोस में शुरू हुई थी. 13 साल की उम्र में उन्हें रग्बी स्कूल में क्रिकेट स्कॉलरशिप मिली और वो इंग्लैंड आ गए. यहां उन्होंने वॉरिकशायर की यूथ टीम जॉइन की और 17 साल की उम्र में प्रो कॉन्ट्रैक्ट साइन किया.

2021 में T20 ब्लास्ट में डेब्यू किया. 2022 में इंग्लैंड अंडर-19 टीम के साथ वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंचे, जहां क्वार्टर-फाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 42 गेंदों में 88 रन बनाए.

Advertisement

2024 उनका ब्रेकथ्रू साल रहा. वॉरिकशायर के लिए ब्लास्ट और बर्मिंघम फीनिक्स के लिए हंड्रेड में शानदार गेम दिखाया. इसी वजह से इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल टीम में उन्हें शामिल किया गया.

जैकब बाएं हाथ के बैटर हैं, और अलग-अलग पोजीशन पर अच्छा खेलते हैं. वो बाएं हाथ से स्पिन बॉलिंग भी करते हैं. उन्हें दुनिया भर की T20 लीग्स ने नोटिस किया है. BBL में वो मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए खेलते हैं. और IPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का हिस्सा है.

105 रनों की यादगार पारी

T20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में 254 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम को शुरू में ही कुछ झटके लगे. 5वें ओवर की पहली गेंद पर कप्तान हैरी ब्रूक आउट हो गए. टीम का स्कोर 38 रन था, और 2 विकेट गिर चुके थे. इसके बाद क्रीज पर कदम रखा जैकब बेथल ने.

अगले ही ओवर में जॉस बटलर का विकेट गिर गया. लेकिन बेथल खड़े रहे. उन्होंने 5वें विकेट के लिए विल जैक्स के साथ 39 बॉल्स पर 77 रन जोड़े. इसके बाद सैम करन के साथ 6वें विकेट के लिए 50 रनों की पार्टनरशिप की. मैच के आखिरी ओवर में इंग्लैंड को 30 रन चाहिए थे.

ओवर की पहली बॉल पर जैकब बेथल पर रन आउट हो गए. लगा जैसे इस मैच में वो बस कुछ इसी तरह आउट हो सकते थे. उन्होंने 48 गेंदों पर 105 रन बनाए. उनकी इस पारी की बदौलत इंग्लैंड इतने बड़े चेज में स्कोर के करीब पहुंच पाया. टीम ये मैच सिर्फ 7 रन से हारी. 

बेथल ने अपनी पारी में 8 चौके और 7 छक्के लगाए. वो टीम को इस टूर्नामेंट के फाइनल में तो नहीं पहुंचा पाए. लेकिन अपने टैलेंट को उन्होंने सबकी जुबान पर ला दिया है.

वीडियो: जसप्रीत बुमराह ने संजू सैमसन को नहीं, तो किसे बताया मैच का टर्निंग पॉइंट?

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement