इंडियन बोलर उमरान मलिक और पाकिस्तानी पेसर हारिस रऊफ. इन दोनों की लगातार तुलना होती है. दोनों ही गेंदबाज लगातार 150kmph की रफ्तार से गेंदबाजी करने का दम रखते हैं. लेकिन पूर्व पाकिस्तानी गेंदबाज आक़िब जावेद को लगता है कि ये तुलना बेकार है. उनका मानना है कि ये बिल्कुल ऐसा है, जैसे आप विराट कोहली की तुलना बाकी बैटर्स से कर रहे हों.
ये तो विराट vs अदर्स जैसा है... उमरान की ये कैसी तुलना कर रहे हैं पाकिस्तानी पेसर?
150kmph से शुरू करते हुए 138kmph पर आ जाते हैं!


हारिस रऊफ को विराट कोहली की कैटेगरी में रखते हुए जावेद बोले,
‘उमरान मलिक ना ही हारिस रऊफ जितने ट्रेन हैं, और ना ही फिट. अगर आप वनडे मुकाबलों में उनको देखते हैं, अपने पहले स्पेल में वो 150kmph की स्पीड से गेंदबाजी करते हैं. लेकिन सातवें और आठवें ओवर तक उनकी स्पीड गिरकर 138kmph हो जाती है. दोनों के बीच अंतर बिल्कुल वैसा ही है, जैसा कोहली और बाकी बल्लेबाजों में है.
वो (हारिस) अपनी डाइट, अपनी ट्रेनिंग और लाइफस्टाइल को लेकर बहुत अनुशासित है. मैंने ऐसा एक भी पाकिस्तानी बोलर नहीं देखा, जिसकी डाइट हारिस जैसी हो. किसी का इतना क्लियर लाइफस्टाइल नहीं है. मेरे लिए 160kmph की स्पीड से गेंदबाजी करना बड़ी बात नहीं है. लेकिन पूरे मैच में इसी स्पीड से गेंदबाजी करना जरूरी है.’
बताते चलें, उमरान मलिक ने बीते कुछ मुकाबलों में शानदार गेंदबाजी की है. इन मैचेज में उमरान ने अपनी स्पीड के साथ लाइन और लेंथ को भी मिक्स किया है. हां, ये जरूर है कि उनके पास जो गति है, उस कारण उनकी इकॉनमी रेट थोड़ी ज्यादा रहती है. लेकिन ऐसे में भी गौतम गंभीर और अजय जडेजा जैसे पूर्व क्रिकेटर्स ने उनको बैक किया है.
उनका मानना है कि उमरान जब तक टीम के लिए विकेट्स निकाल रहे हैं, उनको इकॉनमी रेट देखे बिना टीम में शामिल करना चाहिए. इनके साथ अभी हाल में टीम इंडिया के पेसर मोहम्मद शमी ने भी उमरान को गेंदबाजी में सलाह दी थी. उन्होंने कहा,
‘आप में बहुत दम है. आपका फ्यूचर ब्राइट है, मेरी शुभकामनाएं आपके साथ हैं. लेकिन मेरे पास आपके लिए एक सलाह भी है. आपके पास बहुत गति है. और उसको खेलना आसान नहीं होता. अपनी लाइन और लेंथ पर आप थोड़ा फोकस और कीजिए. और जब आप उस पर काबू पा लें, तब आप दुनिया पर राज कर सकते हैं.’
बता दें, अभी तक न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ खेले गए दो मुकाबले में उमरान को मौका नहीं मिला था. लेकिन अब टीम इंडिया तीन मैच की सीरीज़ में 2-0 से आगे है. तो उमरान तीसरा मुकाबला खेल सकते हैं.
वीडियो: ऋषभ पंत पर बात करते हुए क्या बोले रिकी पॉन्टिंग?


















