The Lallantop

IPL 2024 में 'तांडव' करने से पहले रियान पराग का क्या हाल था?

एक वक्त रियान 26 गेंद पर 26 रन बनाकर खेल रहे थे. अगली 19 गेंदों में पराग ने 58 रन जड़ दिए.

Advertisement
post-main-image
पारी के आखिरी ओवर में एनरिक नॉर्टजे को पराग ने 25 रन पीटे. (फोटो- ट्विटर)

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने धीमी शुरुआत की. पहले 10 ओवर में टीम ने 3 विकेट खोकर 57 रन बनाए थे. लेकिन अगले 10 ओवर में टीम ने दिल्ली के बोलर्स की जमकर पिटाई की. 128 रन बने. टीम को ये मोमेंटम दिया रियान पराग ने. पराग (Riyan Parag against Delhi Capitals) की इस पारी का इंतजार राजस्थान की टीम को कई सालों से था. टीम को इसके लिए कई सीज़न का इंतजार करना पड़ा. पारी के आखिरी ओवर में पराग ने 25 रन पीटे.

Advertisement

IPL 2024 के 9वें मैच में पहले बैटिंग करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 185 रन बनाए. टीम के लिए सबसे ज्यादा रन जोड़े रियान पराग ने. उन्होंने 45 गेंदों में 84 रन की पारी खेली. एक वक्त रियान 26 गेंद पर 26 रन बनाकर खेल रहे थे. अगली 19 गेंदों में पराग ने 58 रन जड़ दिए. इतना ही नहीं, मैच का आखिरी ओवर एनरिक नॉर्टजे कराने आए. पराग ने उन्हें भी नहीं छोड़ा.

Advertisement

एनरिक के ओवर की पहली दो गेंद पर पराग ने दो चौके लगाए. अगली गेंद पर छक्का जड़ा. ओवर की चौथी और पांचवी गेंद पर रियान ने एनरिक को चौका और छक्का जड़ा. पूरे ओवर में बने 25 रन. पराग ने अपनी पारी 84 रन पर फिनिश की. इससे पहले रियान पराग ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 7 पारियों में सिर्फ 75 रन बनाए थे. पारी खत्म होने के बाद ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत में उन्होंने बताया,

मैंने काफी अभ्यास किया है. एनरिक जैसे बोलर्स के खिलाफ भी प्रैक्टिस की है. मुझे पता है मेरे पास पावर है, अच्छा लगता है जब रन बनते हैं. संजू भाई ने मुझसे कहा था कि मैं अंत तक खेलूं. नए बैटर के लिए पिच पर स्कोर करना आसान नहीं था. मैंने काफी मेहनत की है, जिसका फल अब मिल रहा है.

पहली पारी का स्कोर

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टॉस जीता और बोलिंग करने का फैसला किया. राजस्थान की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 185 रन बनाए. टीम के लिए रियान पराग ने सबसे ज्यादा 84 रन की पारी खेली. आर अश्विन ने 19 गेंद पर 29 रन बनाए. ध्रुव जुरेल ने 20 और हेटमायर ने 14 रन जोड़े. दिल्ली के लिए खलील अहमद, मुकेश कुमार, अक्षर पटेल, एनरिक नॉर्टजे और कुलदीप यादव ने एक-एक विकेट चटकाए.

Advertisement

वीडियो: राजस्थान रॉयल्स के स्टार ने बताया आखिर कैसे भरेगी धोनी की जगह

Advertisement